DEE Development Engineers IPO: पाइपिंग सॉल्यूशंस कंपनी डी डेवलपमेंट इंजीनियर्स का IPO 19 जून को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलने वाला है। IPO से पहले कंपनी ने एंकर निवेशकों से 125 करोड़ रुपये से ज्यादा जुटाए हैं। बीएसई की वेबसाइट पर अपलोड किए गए सर्कुलर के मुताबिक, कंपनी ने 203 रुपये प्रति शेयर की कीमत पर 19 फंड हाउसेज को 61.63 लाख इक्विटी शेयर अलॉट किए हैं। इस तरह कुल अलॉटमेंट 125.1 करोड़ रुपये का रहा।
सिटीग्रुप ग्लोबल मार्केट्स मॉरीशस, मॉर्गन स्टेनली एशिया (सिंगापुर) पीटीई, ऑरिगिन मास्टर फंड, पाइनब्रिज ग्लोबल फंड्स, SBI जनरल इंश्योरेंस कंपनी उन फंड्स में शामिल हैं, जिन्हें शेयर अलॉट किए गए। इसके अलावा, कोटक महिंद्रा म्यूचुअल फंड, LIC म्यूचुअल फंड, HDFC म्यूचुअल फंड और आदित्य बिड़ला सन लाइफ म्यूचुअल फंड को भी एंकर राउंड में शेयर अलॉट किए गए।
निवेशकों के पास DEE Development Engineers IPO में 21 जून तक निवेश का मौका रहेगा। कंपनी का इरादा इश्यू के जरिए 418 करोड़ रुपये जुटाने का है। प्राइस बैंड 193-203 रुपये प्रति शेयर और लॉट साइज 73 शेयर रखा गया है। IPO में 325 करोड़ रुपये के 1.6 करोड़ नए इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, 93.01 करोड़ रुपये के 45.82 लाख शेयरों का ऑफर फॉर सेल (OFS) रहेगा। OFS के तहत प्रमोटर और सीएमडी कृष्ण ललित बंसल शेयरों को बिक्री के लिए रखेंगे। वर्तमान में बंसल के पास DEE Development Engineers में 74.74 प्रतिशत हिस्सेदारी है।
IPO क्लोज होने के बाद शेयरों का अलॉटमेंट 24 जून को और लिस्टिंग BSE, NSE पर 26 जून को होने की उम्मीद है। एसबीआई कैपिटल मार्केट्स लिमिटेड और इक्विरस कैपिटल प्राइवेट लिमिटेड इस इश्यू के लिए बुक रनिंग लीड मैनेजर हैं, जबकि लिंक इनटाइम इंडिया प्राइवेट लिमिटेड रजिस्ट्रार है।
DEE Development Engineers IPO का रिजर्व हिस्सा
IPO में 50 प्रतिशत हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए, 35 प्रतिशत हिस्सा रिटेल इनवेस्टर्स के लिए और 15 प्रतिशत हिस्सा नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व है। डी डेवलपमेंट इंजीनियर्स, आईपीओ में नए शेयरों को जारी कर होने वाली आय का इस्तेमाल वर्किंग कैपिटल जरूरतों को पूरा करने, बकाया उधार के रीपेमेंट और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए करेगी।
ग्रे मार्केट से क्या संकेत
DEE Development Engineers IPO के खुलने से पहले ही ग्रे मार्केट में कंपनी के शेयर IPO के अपर प्राइस बैंड 203 रुपये से 80 रुपये या 39.41 प्रतिशत के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहे हैं। ग्रे मार्केट एक अनऑथराइज्ड मार्केट है, जहां किसी कंपनी के शेयर, स्टॉक मार्केट में लिस्टिंग तक ट्रेड करते हैं।
डी डेवलपमेंट इंजीनियर्स कंपनी इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट और मैन्युफैक्चरिंग के माध्यम से ऑयल और गैस, पावर (परमाणु सहित), केमिकल्स और अन्य प्रोसेस इंडस्ट्रीज जैसे उद्योगों के लिए स्पेशलाइज्ड प्रोसेस पाइपिंग सॉल्यूशंस उपलब्ध कराती है। यह पाइपिंग प्रोडक्ट्स भी बनाती है। कंपनी की 7 मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी हैं, जिनमें से 3 हरियाणा के पलवल में, 1 गुजरात के अंजर में, 1 राजस्थान के बाड़मेर में, 1 असम के नुमालीगढ़ में और 1 थाइलैंड के बैंकॉक में है। डी डेवलपमेंट को स्थापित क्षमता के मामले में देश में प्रोसेस पाइपिंग सॉल्यूशन में सबसे बड़ी कंपनी माना जाता है।