Delhivery IPO: पहले दिन 21% सब्सक्राइब हुआ इश्यू, जानिए आज क्या रहा GMP और क्या आपको इसमें लगाना चाहिए पैसा?

Delhivery का 5,235 करोड़ रुपये का IPO आज से खुल गया है, जानिए आज क्या रहा इसका ग्रे मार्केट प्रीमियम और क्या आपको इसमें निवेश करना चाहिए या नहीं?

अपडेटेड May 12, 2022 पर 3:48 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Delhivery अपना IPO खुलने से एक दिन पहले ही एंकर निवेशकों से 2,347 करोड़ रुपये जुटा चुकी है

Delhivery IPO: लॉजिस्टिक कंपनी डेल्हीवेरी (Delhivery) का इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) आज यानी बुधवार 11 मई से निवेशकों के लिए खुल गया है। कंपनी ने IPO खुलने से एक दिन पहले ही मंगलवार को एंकर निवेशकों से 2,347 करोड़ रुपये जुटा लिए थे। Delhivery के आईपीओ के लिए शुक्रवार 13 मई तक बोली लगाई जा सकती है। कंपनी अपने IPO से 5,235 करोड़ रुपये जुटाने की उम्मीद कर रही है और इसके लिए 462 से 487 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड रखा है।

आईपीओ खुलने के पहले दिन इसे निवेशकों से ठंडी प्रतिक्रिया मिली और शाम 5 बजे तक यह 21 फीसदी सब्सक्राइब हुआ था। आईपीओ के तहत रिटेल निवेशकों के लिए आरक्षित शेयरों का हिस्सा 30 फीसदी सब्सक्राइब हुआ। वहीं नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) और क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्से में कंपनी को क्रमश: 1 फीसदी और 29 फीसदी बोलियां मिलीं।

डेल्डीवेरी ने आईपीओ के तहत 4,000 करोड़ के फ्रेश शेयर जारी किए है। वहीं 1,235 करोड़ रुपये के शेयर मौजूदा शेयरहोल्डरों की तरफ से बिक्री के लिए रखा गया है। इन शेयरहोल्डरों में कार्लाइल ग्रुप और सॉफ्टबैंक के अलावा डेल्हीवेरी के को-फाउंडर्स भी शामिल हैं।


यह भी पढ़ें- Zomato के शेयर 3% से ज्यादा मजबूत, रिकॉर्ड लो लेवल पर खरीदारी से मिला सपोर्ट

Delhivery IPO GMP

बाजार जानकारों के मुताबिक, अनलिस्टेड मार्केट में बुधवार को डेल्हीवेरी के शेयरों का ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) 7 रुपये था। डेल्हीवेरी के एक ग्रे मार्केट प्रीमियम में पिछले एक महीने में काफी गिरावट आई है। ग्रे मार्केट प्रीमियम बताता है कि अनलिस्टेड मार्केट को आईपीओ के उसके इश्यू प्राइस से कितने रुपये अधिक पर लिस्ट होने की उम्मीद है। डेल्हीवेरी के शेयर 24 मई को बीएसी और एनएसई पर लिस्ट हो सकते हैं।

क्या आपको Delhivery IPO करना चाहिए निवेश?

यस सिक्योरिटीज ने एक नोट में कहा, "यह देश की सबसे बड़ी और सबसे तेजी से बढ़ती हुई एक्सप्रेस पार्सल डिलीवरी कंपनी बै। इसके पास एक मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर नेटवर्क है। काफी अधिक संख्या में डेटा इंटेलीजेंस और R&D हैं। अनुभवी प्रोफेशनल मैनेजमेंट टीम है। ऐसे में हम इस आईपीओ को लंबी अवधि के हिसाब से सब्सक्राइब करने की सलाह देते हैं।"

हालांकि फिलिप कैपिटल की इस आईपीओ को लेकर अलग राय है। ब्रोकरेज ने एक नोट में कहा, "डेल्हीवरी घाटे में चल रही है, इसलिए इसकी कमाई के आधार पर वैल्यू तय करना मुश्किल हो जाता है। वहीं शेयर बाजार में लिस्टेड इसकी दूसरी समकक्ष कंपनियां मुनाफे में हैं, जिनका पीबीटी मार्जिन 1.3% से 15.7% के बीच में है। डेल्हीवेरी के पास अपने आकार का फायदा है और इसका बिजनेस मॉडल फ्लैक्सिबल होने के साथ तकनीक पर आधारित है। हालांकि कीमतों को लेकर संवेदनशील रहने वाले शेयर बाजार में इस मॉडल को परखा जाना अभी बाकी है। कंपनी के मुनाफे की राह में आने में अभी वक्त है। ऐसे में निवेशक भविष्य में इसमें बेहतर कीमत पर पोजिशन लेने के लिए इंतजार कर सकते हैं।"

डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।