Delta Autocorp IPO: डेल्टा ऑटोकॉर्प लिमिटेड का आईपीओ 7 जनवरी को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलने वाला है। कंपनी का इरादा पब्लिक इश्यू के जरिए 54.60 करोड़ रुपये जुटाने का है। कंपनी Deltic ब्रांड के तहत इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर और थ्री-व्हीलर बनाती है। निवेशकों के पास इसमें 9 जनवरी तक निवेश का मौका रहेगा। आईपीओ के लिए प्रति शेयर 123-130 रुपये का प्राइस बैंड तय किया गया है। यह नए साल 2025 में SME सेगमेंट में छठा पब्लिक इश्यू होगा, जो लियो ड्राई फ्रूट्स एंड स्पाइसेस ट्रेडिंग, डेविन सन्स रिटेल, परमेश्वर मेटल, फैबटेक टेक्नोलॉजीज, और इंडोबेल इंसुलेशन के बाद आएगा।
Delta Autocorp IPO से जुड़ी डिटेल
डेल्टा ऑटोकॉर्प के आईपीओ के तहत 38.88 लाख फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, प्रमोटर अंकित अग्रवाल द्वारा 3.12 लाख शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए की जाएगी। एंकर निवेशकों के लिए यह इश्यू 6 जनवरी को एक दिन के लिए खुलेगा। सब्सक्रिप्शन के बाद सफल निवेशकों को शेयरों का अलॉटमेंट 10 जनवरी तक किया जाएगा।
Delta Autocorp कहां करेगी फंड का इस्तेमाल
नए इश्यू की आय का इस्तेमाल इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर फैब्रिकेशन और पेंटिंग प्लांट स्थापित करने के लिए किया जाएगा। इसके अलावा, कंपनी ने नए प्रोडक्ट डेवलपमेंट, वर्किंग कैपिटल की जरूरतों और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए भी खर्च करने की योजना बनाई है। कंपनी की लिस्टिंग के लिए संभावित तारीख 14 जनवरी तय की गई है। GYR कैपिटल एडवाइजर्स आईपीओ के लिए एकमात्र बुक रनिंग लीड मैनेजर है।
Delta Autocorp का कारोबार
डेल्टा ऑटोकॉर्प साल 2016 में इनकॉर्पोरेट हुई है। कंपनी के पास वर्तमान में 2-व्हीलर कैटेगरी में इलेक्ट्रिक स्कूटर की प्रोडक्ट रेंज है, साथ ही 3-व्हीलर कैटेगरी में इलेक्ट्रिक रिक्शा, इलेक्ट्रिक लोडर और इलेक्ट्रिक कचरा गाड़ियां हैं। इसके अलावा, कंपनी 2-व्हीलर और 3-व्हीलर के स्पेयर पार्ट्स और एक्सेसरीज़ भी उपलब्ध कराती है, जिनमें मोटर्स, डीसी-डीसी कन्वर्टर, और स्पीडोमीटर शामिल हैं।
दिल्ली स्थित कंपनी डेल्टा ऑटोकॉर्प का मुकाबला लिस्टेड कंपनी वॉर्डविजार्ड इनोवेशन एंड मोबिलिटी जैसी कंपनियों के साथ है। कंपनी अपना बिजनेस भारत के 25 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 300 से अधिक मजबूत डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क के माध्यम से संचालित करती है। कंपनी मुख्य रूप से B2B (बिजनेस-टू-बिजनेस) ट्रांजेक्शन पर फोकस करती है।
4 दिसंबर 2024 को कंपनी को डी कुमार एंड सेल्स से 2000 इलेक्ट्रिक कचरा गाड़ियों (डेल्टिक गर्बो) की सप्लाई के लिए ₹31 करोड़ का लेटर ऑफ इंटेंट प्राप्त हुआ। ये गाड़ियां विशेष रूप से वेस्ट कलेक्शन के लिए डिजाइन की गई हैं।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।