Dhanlaxmi Crop Science IPO: बीज कंपनी धनलक्ष्मी क्रॉप साइंस के आईपीओ को निवेशकों का शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है। सब्सक्रिप्शन के दूसरे दिन तक यह पब्लिक इश्यू 61.71 गुना सब्सक्राइब हो गया है। निवेशकों के पास इस आईपीओ में 11 दिसंबर तक निवेश का मौका रहेगा। कंपनी ने 9 दिसंबर को अपना आईपीओ लॉन्च किया था। कंपनी का इरादा 23.8 करोड़ रुपये जुटाने का है। इसके लिए 52-55 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है। इस आईपीओ के तहत 43.28 लाख फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए गए हैं।
Dhanlaxmi Crop Science IPO का कैटेगरीवाइज सब्सक्रिप्शन
NSE सब्सक्रिप्शन डेटा के अनुसार निवेशकों ने 80726 आवेदनों के माध्यम से 19.56 करोड़ इक्विटी शेयरों की खरीद की, जबकि ऑफर साइज 31.7 लाख शेयरों का था। खुदरा निवेशकों ने इसमें जमकर बोली लगाई और अपने लिए तय हिस्से से 105.86 गुना अधिक खरीदारी की।
इसके अलावा नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स ने आवंटित कोटे से 68.58 गुना अधिक खरीदारी की। क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स की प्रतिक्रिया धीमी रही, जिनके लिए रिजर्व हिस्से को 1.16 गुना सब्सक्रिप्शन मिला है।
Dhanlaxmi Crop Science IPO की डिटेल्स
धनलक्ष्मी क्रॉप साइंस के ₹23.80 करोड़ के आईपीओ में ₹52-₹55 के प्राइस बैंड और 2000 शेयरों के लॉट में पैसे लगा सकते हैं। यह इश्यू 11 दिसंबर तक खुला रहेगा। आईपीओ के तहत शेयरों का अलॉटमेंट 12 दिसंबर को फाइनल होगा और फिर NSE SME पर 16 दिसंबर को एंट्री होगी। इश्यू का रजिस्ट्रार बिगशेयर सर्विसज है। इस आईपीओ के तहत 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले 43.28 लाख नए शेयर जारी होंगे। इन शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल कंपनी वर्किगं कैपटिल की जरूरतों, आम कॉरपोरेट उद्देश्यों और इश्यू से जुड़े खर्चों को भरने में करेगी।
Dhanlaxmi Crop Science के बारे में
वर्ष 2005 में बनी धनलक्ष्मी क्रॉप साइंस कई फसलों और सब्जियों के बीज तैयार करती है। मार्च 2024 तक के आंकड़ों के मुताबिक इसने 24 अलग-अलग प्रकार की फसलों और सब्जियों के बीज तैयार किए हैं। इसका कारोबार देश के 5 राज्यों में फैला हुआ है। इसके प्रॉफिट का अधिकतर हिस्सा कॉटन के बीज से आता है जिसकी वित्त वर्ष 2024 के ऑपरेटिंग मुनाफे में हिस्सेदारी 76.78 फीसदी थी। इसके प्रोडक्ट पोर्टफोलियो में कॉटन, गेहूं, मक्का, चना, सोयाबीन, सरसों, मूंगफली, ग्वार, धनिया, मटर और प्याज इत्यादि हैं।
कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो यह लगातार मजबूत हुई है। वित्त वर्ष 2022 में इसे 58.28 लाख रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ था जो अगले वित्त वर्ष 2023 में उछलकर 3.00 करोड़ रुपये और वित्त वर्ष 2024 में 4.65 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू सालाना 34 फीसदी की चक्रवृद्धि दर (CAGR) से बढ़कर 63.75 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। चालू वित्त वर्ष 2024-25 की बात करें तो पहली छमाही अप्रैल-सितंबर 2024 में इसे 8.21 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा और 119.96 करोड़ रुपये का रेवेन्यू हासिल हो चुका है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।