Dhoot Transmission IPO: आज से खुला ₹3067 करोड़ का इश्यू, क्या लगाने चाहिए पैसे?
Dhoot Transmission IPO: एंकर बुक में कंपनी ने ₹918.3 करोड़ जुटाए। कंपनी ने 72 एंकर इनवेस्टर्स को ₹871 प्रति शेयर के भाव पर 1.05 करोड़ से ज्यादा इक्विटी शेयर अलॉट किए। एंकर बुक में कई घरेलू और ग्लोबल इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स ने हिस्सा लिया
Dhoot Transmission IPO के लिए प्राइस बैंड ₹829-₹871 प्रति शेयर और लॉट साइज 17 शेयर है।
धूत ट्रांसमिशन लिमिटेड का ₹3,066.89 करोड़ का IPO आज 10 अगस्त से खुल गया है। IPO में ₹1,400 करोड़ के 1.61 करोड़ नए शेयर जारी होंगे। साथ ही ₹1,666.89 करोड़ के 1.91 करोड़ शेयरों का ऑफर फॉर सेल (OFS) रहेगा। OFS में प्रमोटर्स- BC एशिया इनवेस्टमेंट्स XV लिमिटेड और मंगलम कैपिटल प्राइवेट लिमिटेड शेयरों को बिक्री के लिए रखेंगे। BC एशिया इनवेस्टमेंट्स XV लिमिटेड, प्राइवेट इक्विटी फर्म बेन कैपिटल की एक एंटिटी है।
IPO के लिए प्राइस बैंड ₹829-₹871 प्रति शेयर और लॉट साइज 17 शेयर है। IPO के 12 अगस्त को बंद होने के बाद अलॉटमेंट 13 अगस्त को फाइनल होगा। कंपनी के शेयर NSE और BSE पर 17 अगस्त को लिस्ट होने की उम्मीद है।
क्या करती है Dhoot Transmission
धूत ट्रांसमिशन लिमिटेड भारत की प्रमुख इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स (E&E) कंपनियों में से एक है। यह कंपनी ऑटोमोटिव और नॉन-ऑटोमोटिव इस्तेमाल के लिए वायरिंग हार्नेस और इलेक्ट्रिकल डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम की डिजाइन, इंजीनियरिंग, मैन्युफैक्चरिंग और सप्लाई का काम करती है। कंपनी के पास कई तरह के प्रोडक्ट्स हैं, जिनमें वायरिंग हार्नेस, सेंसर और इलेक्ट्रॉनिक कंट्रोलर, ऑटोमोटिव स्विच, बैटरी पैक, टर्मिनल, कनेक्टर, केबल और पावर सप्लाई कॉर्ड शामिल हैं। ये प्रोडक्ट्स इंटरनल कंबशन इंजन (ICE) और इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) दोनों तरह के प्लेटफॉर्म के लिए उपलब्ध हैं। कंपनी के प्रोडक्ट टू-व्हीलर, थ्री-व्हीलर, कमर्शियल व्हीकल, ऑफ-रोड व्हीकल, अर्थ मूवर, खेती के उपकरण, मेडिकल डिवाइस और घरेलू उपकरणों के लिए इस्तेमाल होते हैं।
IPO से पहले एंकर बुक में कंपनी ने ₹918.3 करोड़ जुटाए। कंपनी ने 72 एंकर इनवेस्टर्स को ₹871 प्रति शेयर के भाव पर 1.05 करोड़ से ज्यादा इक्विटी शेयर अलॉट किए। एंकर बुक में कई घरेलू और ग्लोबल इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स ने हिस्सा लिया। घरेलू म्यूचुअल फंड्स का हिस्सा सबसे बड़ा रहा। 12 फंड हाउसेज ने 46 स्कीमों के जरिए निवेश किया। उन्हें 64.59 लाख इक्विटी शेयर अलॉट किए गए।
धूत ट्रांसमिशन IPO: क्या आपको अप्लाई करना चाहिए?
SBI सिक्योरिटीज: कोई रेटिंग नहीं
SBI सिक्योरिटीज का कहना है कि धूत ट्रांसमिशन टू-व्हीलर और थ्री-व्हीलर सेगमेंट में ऑटो पार्ट्स बनाने वाली प्रमुख कंपनियों में से एक है। इसके ऑटोमोटिव प्रोडक्ट पोर्टफोलियो का लगभग 95% हिस्सा EV या पावरट्रेन-न्यूट्रल आर्किटेक्चर पर केंद्रित है। इससे कंपनी ऑटोमोटिव इंडस्ट्री में लंबे समय तक चलने वाले इलेक्ट्रिफिकेशन ट्रेंड का फायदा उठाने के लिए मजबूत स्थिति में है।
SBI सिक्योरिटीज का मानना है कि धूत ट्रांसमिशन तेजी से बढ़ते EV एडॉप्शन और बढ़ती प्लेटफॉर्म जटिलता का फायदा उठा सकती है। इससे किट वैल्यू और 'बिल ऑफ मैटेरियल्स' में कंपनी की हिस्सेदारी बढ़ने में मदद मिल सकती है।
आनंद राठी: लंबे समय के लिए सब्सक्राइब करें
आनंद राठी का कहना है कि धूत ट्रांसमिशन भारत के ऑटोमोटिव और EV इकोसिस्टम की स्ट्रक्चरल ग्रोथ का फायदा उठाने की अच्छी स्थिति में है, जिसे टू-व्हीलर और थ्री-व्हीलर वायरिंग हार्नेस में इसकी लीडरशिप का सपोर्ट है। थ्री-व्हीलर सेगमेंट में कंपनी की मार्केट हिस्सेदारी 70% से अधिक है। ब्रोकरेज को उम्मीद है कि कंपनी को EV की बढ़ती पैठ, प्रीमियमाइजेशन और प्रति वाहन वायरिंग हार्नेस कंटेंट में बढ़ोतरी से फायदा होगा।
ब्रोकरेज का यह भी कहना है कि होसुर में वायरिंग हार्नेस और चाकन में बैटरी मैन्युफैक्चरिंग के लिए कैपेसिटी बढ़ाने से कंपनी की क्षमताएं मजबूत होने की उम्मीद है। साथ ही EV व ऑटोमोटिव इलेक्ट्रॉनिक्स से पैदा होने वाले अवसरों को भुनाने में मदद मिलने की उम्मीद है। आनंद राठी का कहना है कि इश्यू की वैल्यू उचित लगती है, हालांकि ग्राहकों पर अधिक निर्भरता और विस्तार वाले प्रोजेक्ट्स से जुड़े एग्जीक्यूशन रिस्क मुख्य चिंताओं में शामिल हैं।
कुल मिलाकर, ब्रोकरेज का मानना है कि धूत ट्रांसमिशन की मार्केट लीडरशिप, ओरिजिनल इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरर्स के साथ लंबे समय से चले आ रहे संबंध, बढ़ती मैन्युफैक्चरिंग क्षमता और EV कंपोनेंट्स के क्षेत्र में बढ़ती मौजूदगी इसे लंबे समय की ग्रोथ के लिए अच्छी स्थिति में लाते हैं।
कंपनी अपने IPO में नए शेयर जारी कर जुटाई गई राशि का इस्तेमाल अपना और अपनी सब्सिडियरी कंपनियों का कर्ज चुकाने, हरियाणा के झज्जर और तमिलनाडु के होसुर में वायरिंग हार्नेस मैन्युफैक्चरिंग प्लांट लगाने, पहले से न पता अधिग्रहणों और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों पर खर्च करेगी। ग्रे मार्केट में धूत ट्रांसमिशन का शेयर 29.74 प्रतिशत प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है। ग्रे मार्केट एक अनऑथराइज्ड मार्केट है, जहां किसी कंपनी के शेयर उसकी लिस्टिंग तक ट्रेड करते हैं।
Dhoot Transmission की वित्तीय सेहत
धूत ट्रांसमिशन का वित्त वर्ष 2025-26 में रेवेन्यू 31 प्रतिशत बढ़कर ₹4,563.70 करोड़ हो गया। एक साल पहले रेवेन्यू ₹3,472.24 करोड़ था। शुद्ध मुनाफा 12 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ ₹396.84 करोड़ रहा, जो वित्त वर्ष 2025 में ₹353.89 करोड़ था। वित्त वर्ष 2026 में कंपनी पर ₹841.39 करोड़ की उधारी थी। इस IPO के लिए एक्सिस कैपिटल, जेफरीज इंडिया, कोटक महिंद्रा कैपिटल कंपनी, नोमुरा फाइनेंशियल एडवाइजरी एंड सिक्योरिटीज (इंडिया), SBI कैपिटल मार्केट्स और 360 ONE WAM बुक रनिंग लीड मैनेजर हैं।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।