सॉलिड सरफेस निर्माता डर्लैक्स टॉप सरफेस अपना आईपीओ लाने जा रही है। कंपनी का इरादा इश्यू के जरिए 40.80 करोड़ रुपये जुटाने का है। कंपनी ने आज सोमवार को एक बयान में यह जानकारी दी। यह आईपीओ 19 जून को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा। निवेशकों के पास इसमें 21 जून तक निवेश का मौका रहेगा। कंपनी ने इश्यू के लिए 65-68 रुपये का प्राइस बैंड तय किया है। यह कंपनी एक दशक से अधिक समय से सॉलिड सरफेस के बिजनेस में है। इसके शेयरों की लिस्टिंग नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के NSE इमर्ज प्लेटफॉर्म पर होगी।
Durlax Top Surface IPO से जुड़ी डिटेल
इस आईपीओ के तहत 28.56 करोड़ रुपये तक के 42 लाख फ्रेश इक्विटी शेयर जारी होंगे। इसके अलावा, 12.24 करोड़ रुपये तक के 18 लाख शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत होगी। 28.56 करोड़ रुपये के फ्रेश इश्यू में से कंपनी की योजना 17.50 करोड़ रुपये का इस्तेमाल वर्किंग कैपिटल जरूरतों के लिए और 6 करोड़ रुपये सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए करने की है।
निवेशक कम से कम 2,000 शेयरों और उसके मल्टीपल में बोली लगा सकते हैं। श्रवण सुथार और ललित सुथार सहित प्रमोटरों के पास कंपनी में लगभग 95 फीसदी हिस्सेदारी है, जबकि पब्लिक शेयरहोल्डर्स के पास लगभग 5 फीसदी हिस्सेदारी है।
कंपनी ने कहा, "प्रमोटर की प्री-इश्यू हिस्सेदारी 95.44 फीसदी है, जो इश्यू के बाद 60.35 फीसदी हो जाएगी।" प्रमोटर श्रवण कुमार, जिनके पास 66.94 फीसदी इक्विटी हिस्सेदारी या 83,01,399 लाख शेयर हैं, ओएफएस रूट के जरिए 18 लाख शेयर बेच रहे हैं।
Durlax Top Surface के बारे में
2010 में स्थापित डर्लैक्स टॉप सरफेस लिमिटेड सॉलिड सरफेस मैटेरियल बनाती है। कंपनी के दो ब्रांड हैं, लक्सर और एस्पीरॉन। गुजरात स्थित कंपनी ने वित्त वर्ष 2023-24 के लिए 90.84 करोड़ रुपये का रेवेन्यू और 5.05 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट दर्ज किया। एक्सपर्ट ग्लोबल कंसल्टेंट्स प्राइवेट लिमिटेड एकमात्र बुक रनिंग लीड मैनेजर है, जबकि बिगशेयर सर्विसेज इस इश्यू के लिए रजिस्ट्रार है।