Emcure Pharma IPO: खुलने वाला है 1952 करोड़ का आईपीओ, नमिता थापर को शेयरों की बिक्री से 127 करोड़ मिलने की उम्मीद

Emcure Pharma IPO: शार्क टैंक फेम नमिता थापर को एमक्योर फार्मा में अपनी हिस्सेदारी आंशिक रूप से बेचने के बाद अपने शुरुआती निवेश से 293 गुना रिटर्न मिलने की उम्मीद है। थापर के पास एमक्योर फार्मा के 63.39 लाख शेयर हैं, जो कंपनी में 3.5% हिस्सेदारी के बराबर है

अपडेटेड Jul 02, 2024 पर 5:55 PM
एमक्योर फार्मास्यूटिकल्स का आईपीओ कल यानी 3 जुलाई को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलने वाला है।

पुणे स्थित एमक्योर फार्मास्यूटिकल्स का आईपीओ कल यानी 3 जुलाई को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलने वाला है। निवेशकों के पास इस आईपीओ में 5 जुलाई तक निवेश का मौका रहेगा। कंपनी का इरादा पब्लिक इश्यू के जरिए 1,952.03 करोड़ रुपये जुटाने का है। कंपनी ने इश्यू के लिए प्रति शेयर 960-1008 रुपये का प्राइस बैंड तय किया है। इस आईपीओ के तहत 800 करोड़ रुपये के फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, 1152.03 करोड़ रुपये के शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत होगी।

Emcure Pharma IPO से जुड़ी डिटेल

एमक्योर फार्मास्यूटिकल्स के आईपीओ में निवेशक कम से कम 14 शेयरों और उसके मल्टीपल में बोली लगा सकते हैं। इस हिसाब से रिटेल निवेशकों को कम से कम 14,112 रुपये का निवेश करना होगा। इस इश्यू का लगभग 50 फीसदी हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित किया गया है, जबकि नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के पास नेट ऑफर का 15 फीसदी हिस्सा होगा।


नेट ऑफर का शेष 35 फीसदी रिटेल निवेशकों को आवंटित किया जाएगा। कंपनी ने पात्र कर्मचारियों के लिए 1.08 लाख शेयर भी आरक्षित किए हैं, जिन्हें प्रति शेयर ₹90 की छूट मिलेगी। कंपनी के इक्विटी शेयर BSE और NSE दोनों पर लिस्ट होंगे। इसके तहत 10 जुलाई लिस्ट होने की संभावित तारीख है।

Emcure Pharma कहां करेगी फंड का इस्तेमाल

पब्लिक इश्यू से प्राप्त फंड का इस्तेमाल कंपनी द्वारा लिए गए कुछ बकाया उधारों के सभी या कुछ हिस्से के रि-पेमेंट और/या प्री-पेमेंट के लिए किया जाएगा। इसके अलावा सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए भी खर्च किए जाने की योजना है। OFS से होने वाली आय सेलिंग शेयरहोल्डर्स को जाएगी। कोटक महिंद्रा कैपिटल कंपनी, एक्सिस कैपिटल, जेपी मॉर्गन इंडिया और जेफरीज इंडिया इस इश्यू के बुक रनिंग लीड मैनेजर हैं, जबकि लिंक इनटाइम इंडिया इस इश्यू का रजिस्ट्रार है।

Emcure Pharma IPO: नमिता थापर को 127 करोड़ मिलने की उम्मीद

शार्क टैंक फेम नमिता थापर को एमक्योर फार्मा में अपनी हिस्सेदारी आंशिक रूप से बेचने के बाद अपने शुरुआती निवेश से 293 गुना रिटर्न मिलने की उम्मीद है। थापर के पास एमक्योर फार्मा के 63.39 लाख शेयर हैं, जो कंपनी में 3.5% हिस्सेदारी के बराबर है। थापर OFS के जरिए 12.68 लाख शेयर बेचने की तैयारी में हैं। 1008 रुपये के अपर प्राइस बैंड को ध्यान में रखते हुए हिस्सेदारी बिक्री से उन्हें लगभग ₹127 करोड़ मिलेंगे।

सतीश रमनलाल मेहता, सुनील रजनीकांत मेहता और समित सतीश मेहता जैसे अन्य प्रमोटर भी OFS में शेयर बेच रहे हैं। इसके अलावा, पुष्पा रजनीकांत मेहता, भावना सतीश मेहता, कामिनी सुनील मेहता, बीसी इन्वेस्टमेंट IV, अरुणकुमार पुरुषोत्तमलाल खन्ना, बर्जिस मीनू देसाई और सोनाली संजय मेहता भी OFS में शेयर बेचेंगे।

Emcure Pharma IPO का लेटेस्ट GMP

ग्रे मार्केट में Emcure Pharma के आईपीओ को खुलने से एक दिन पहले अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। आज यह इश्यू अनलिस्टेड मार्केट में 290 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है। इस हिसाब से कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 1298 रुपये के भाव पर होने की उम्मीद है। अगर ऐसा होता है तो निवेशकों को 28.77 फीसदी का मुनाफा होगा। हालांकि, ग्रे मार्केट में स्थिति लगातार बदलते रहती है।

Emcure Pharma IPO में निवेश करें या नहीं?

कंपनी को 1981 में ‘एमक्योर फार्मास्यूटिकल्स प्राइवेट लिमिटेड’ के रूप में शामिल किया गया था। इसके बाद, कंपनी को एक सार्वजनिक कंपनी में बदल दिया गया और 2001 में कंपनी का नाम बदलकर ‘एमक्योर फार्मास्यूटिकल्स लिमिटेड’ कर दिया गया।

ब्रोकरे फर्म आनंद राठी ने इस आईपीओ को लॉन्ग टर्म के लिए सब्सक्राइब करने की सलाह दी है। ब्रोकरेज ने कहा, "वैल्यूएशन के मोर्चे पर अपर बैंड पर कंपनी FY24 अर्निंग के आधार पर इक्विटी शेयरों के जारी होने के बाद 36x के P/E पर उचित मूल्य पर है। हमारा मानना ​​है कि कंपनी के पास उद्योग की अनुकूल परिस्थितियों और बिजनेस स्केलेबिलिटी के कारण बिजनेस में सुधार की गुंजाइश है। इसलिए, हम IPO को “सब्सक्राइब – लॉन्ग टर्म” रेटिंग देते हैं।"

Emcure Pharma के बारे में

1981 में इनकॉर्पोरेट एमक्योर फार्मास्यूटिकल्स कई प्रमुख चिकित्सीय क्षेत्रों में फार्मास्यूटिकल प्रोडक्ट्स की एक विस्तृत रेंज का डेवलपमेंट, मैन्युफैक्चर और ग्लोबल लेवल पर मार्केटिंग करती है। एमक्योर फार्मास्यूटिकल्स का मुकाबला डॉ रेड्डीज लैबोरेटरीज, सिप्ला, एल्केम लैबोरेटरीज, टोरेंट फार्मास्यूटिकल्स, मैनकाइंड फार्मा, एबॉट इंडिया और जेबी केमिकल्स से है।

31 मार्च 2024 को समाप्त होने वाले वित्तीय वर्ष और 31 मार्च 2023 के बीच एमक्योर के रेवेन्यू में 11.33 फीसदी की वृद्धि हुई और प्रॉफिट ऑफ्टर टैक्स (PAT) में 6.1 फीसदी की गिरावट आई। पिछले वित्त वर्ष में कंपनी का EBITDA 4% बढ़कर 1229.7 करोड़ रुपये हो गया, लेकिन मार्जिन 120 बेसिस प्वाइंट गिरकर 18.5 फीसदी हो गया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।