EMS IPO : एक्सपर्ट्स ने कमजोर बाजार के बावजूद मजबूत लिस्टिंग की जताई उम्मीद, जानिए कितना होगा मुनाफा

EMS लिमिटेड एक वाटर और वेस्ट वाटर मैनेजमेंट कंपनी है जिसका सरकारी प्रोजेक्ट्स पर खास फोकस है। कंपनी के पास सफल प्रोजेक्ट एग्जीक्यूशन और मजबूत ऑर्डर बुक का एक बेहतर ट्रैक रिकॉर्ड है। एनालिस्ट्स ने कहा कि इसकी वित्तीय स्थिति भी अच्छी है

अपडेटेड Sep 20, 2023 पर 8:54 PM
EMS के आईपीओ की कल यानी 21 सितंबर को मजबूत लिस्टिंग देखने को मिल सकती है।

EMS IPO : सीवरेज सॉल्यूशन प्रोवाइड करने वाली कंपनी EMS के आईपीओ की कल यानी 21 सितंबर को मजबूत लिस्टिंग देखने को मिल सकती है। बाजार में कमजोरी के बावजूद निवेशकों को 38-40 फीसदी का मुनाफा होने की संभावना है। एक्सपर्ट्स ने यह उम्मीद जताई है। इस आईपीओ को निवेशकों की शानदार प्रतिक्रिया मिली थी और यह 75 गुना सब्सक्राइब हुआ था। कंपनी ने इसके लिए 200-211 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड रखा था। आईपीओ के जरिए 321.24 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी है।

सब्सक्रिप्शन से जुड़ी डिटेल

इस इश्यू को 81.20 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां मिली, जबकि ऑफर पर 1.07 करोड़ शेयर हैं। क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) का हिस्सा 153.02 गुना और नॉन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (NII) का हिस्सा 82.32 गुना सब्सक्राइब हुआ है। इसके अलावा, रिटेल इंडिविजुअल इन्वेस्टर्स (RII) के हिस्से को 29.79 गुना सब्सक्रिप्शन मिला है।


एक्सपर्ट्स की राय

स्वस्तिक इन्वेस्टमार्ट में इक्विटी रिसर्च एनालिस्ट अनुभूति मिश्रा ने कहा कि सेकेंडरी मार्केट में EMS लिमिटेड आईपीओ की शुरुआत के साथ बाजार एक और दिलचस्प लिस्टिंग का गवाह बनने के लिए तैयार है।" उनका कहना है कि इस इश्यू को ग्रे मार्केट में मजबूत स्थिति और शानदार सब्सक्रिप्शन का फायदा मिलेगा। ग्रे मार्केट में इस आईपीओ का क्रेज बना हुआ है और यह आज 20 सितंबर को 40 फीसदी प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है।

स्टॉकबॉक्स के रिसर्च एनालिस्ट श्रेयांश शाह ने कहा कि ईएमएस ने अब तक 67 प्रोजेक्ट्स पूरी की हैं, जिनमें से ज्यादातर उत्तर भारत में हैं। यह धीरे-धीरे अन्य क्षेत्रों, खास तौर पर उत्तर-पूर्व और दक्षिण भारत में अपने ऑपरेशन का विस्तार करेगी। हालांकि, मेहता इक्विटीज के सीनियर वीपी रिसर्च प्रशांत तापसे ने निवेशकों को मुनाफावसूली करने की सलाह दी है। उन्होंने कहा रिस्क उठाने वाले निवेशक स्टॉक को लंबी अवधि के लिए होल्ड कर सकते हैं। उन्होंने आगे कहा, “हमें इसके 211 रुपये के इश्यू प्राइस से 40-42 फीसदी की रेंज में मजबूत लिस्टिंग की उम्मीद है।"

कंपनी की वित्तीय स्थिति अच्छी

EMS लिमिटेड एक वाटर और वेस्ट वाटर मैनेजमेंट कंपनी है जिसका सरकारी प्रोजेक्ट्स पर खास फोकस है। कंपनी के पास सफल प्रोजेक्ट एग्जीक्यूशन और मजबूत ऑर्डर बुक का एक बेहतर ट्रैक रिकॉर्ड है। एनालिस्ट्स ने कहा कि इसकी वित्तीय स्थिति भी अच्छी है। EMS ने FY23 में 543.28 करोड़ रुपये का कंसोलिडेटेड राजस्व और 108.67 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट कमाया। पिछले वित्तीय वर्ष FY22 में इसका राजस्व 363.10 करोड़ रुपये और नेट प्रॉफिट 78.93 करोड़ रुपये था। FY23 में इसका पीएटी मार्जिन 20.18 फीसदी और FY22 में 21.97 फीसदी था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।