इलेक्टिक व्हीकल चार्जर मेकर Exicom Tele-Systems अपना IPO लाने जा रही है। रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज (ROC) को रेड-हेरिंग प्रॉस्पेक्टस दाखिल करने से पहले, कंपनी ने प्री-IPO प्लेसमेंट में 71 करोड़ रुपये जुटाए हैं। कंपनी ने 3 जनवरी को निवेशकों को दिए नोटिस में कहा कि उसने 5 निवेशकों को 135 रुपये प्रति शेयर की कीमत पर 52,59,257 इक्विटी शेयर अलॉट किए हैं। सुनील जुगलकिशोर आनंदपारा और हेमल दिनेश शाह के माध्यम से रेयर एंटरप्राइज, 5 निवेशकों में सबसे बड़ी खरीदार रही। इसने 27 करोड़ रुपये के 20 लाख शेयर खरीदे। बेलग्रेव इन्वेस्टमेंट फंड दूसरे स्थान पर रहा, जिसने 25 करोड़ रुपये के 18,51,851 इक्विटी शेयर खरीदे।
शौर्य वर्धन सोंथालिया और राज्यवर्धन सोंथालिया, दोनों ने अलग-अलग 4.5 करोड़ रुपये में 3,33,333 इक्विटी शेयर खरीदे। वहीं मोनिका गरवारे ने लगभग 10 करोड़ रुपये में 7.4 लाख शेयर खरीदे। 27 सितंबर 2023 को मार्केट रेगुलेटर सेबी के पास दाखिल ड्राफ्ट पेपर के अनुसार, कंपनी का इरादा प्री-IPO प्लेसमेंट से 80 करोड़ रुपये जुटाने का था।
IPO में फ्रेश इश्यू और OFS दोनों
Exicom Tele-Systems के IPO में 400 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए जाएंगे। साथ ही प्रमोटर NextWave Communications की ओर से 74 लाख शेयरों का ऑफर फॉर सेल (OFS) होगा। सेबी को DRHP फाइल करने के वक्त NextWave Communications की Exicom Tele-Systems में हिस्सेदारी 71.45 प्रतिशत थी। IPO के लिए Monarch Networth Capital, Unistone Capital और Systematix Corporate Services मर्चेंट बैंकर हैं।
IPO के पैसों का कहां होगा इस्तेमाल
IPO में नए शेयरों को जारी कर होने वाली कमाई का इस्तेमाल तेलंगाना के मैन्युफैक्चरिंग प्लांट में प्रोडक्शन/असेंबली लाइंस लगाने में, कर्ज चुकाने में, बढ़ती वर्किंग कैपिटल जरूरतों को पूरा करने के लिए, रिसर्च एंड डेवलपमेंट और प्रोडक्ट डेवलपमेंट में, और बाकी बचे पैसों का इस्तेमाल सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा। Exicom Tele-Systems 1994 में इनकॉरपोरेट हुई थी। यह दो बिजनेस वर्टिकल्स में ऑपरेट करती है। पहला, इलेक्ट्रिक व्हीकल सप्लाई इक्विपमेंट (EV चार्जर) सॉल्यूशंस और दूसरा, क्रिटिकल पावर सॉल्यूशंस बिजनेस।