एथनिक वियर और लाइफस्टाइल प्रोडक्ट बेचने वाले देश की प्रमुख रिटेलरों में से एक फैबइंडिया लिमिटेड (Fabindia Ltd) ने साल 2022 में अपना आईपीओ (IPO) लॉन्च करने के इरादे से मार्केट रेगुलेटर सेबी (SEBI) के पास ड्राफ्ट पेपर जमा कराए हैं। इस मामले से सीधे वाकिफ कुछ सूत्रों ने मनीकंट्रोल को यह जानकारी दी है। बता दें कि फैब इंडिया में अजीज प्रेम जी की इनवेस्टमेंट फर्म, प्रेमजी इनवेस्ट और नंदन निलेकणि जैसे कुछ बड़े नामों ने निवेश किया हुआ है।
इसके साथ ही फैबइंडिया अब प्राइवेट इक्विटी फर्मों के निवेश वाली उन अपैरल ब्रांड्स की लिस्ट में शामिल हो गई, जो अगले कुछ महीनों में भारतीय शेयर बाजार में लिस्ट होने की योजना बना रहे हैं।
एक सूत्र ने बताया, "फैब इंडिया ने सेबी के पास ड्राफ्ट पेपर जमा कराए हैं। यह आईपीओ प्राइमरी और सेकेंडरी शेयरों का मिक्स होगा, जिसमें एक बड़ा हिस्सा के ऑफर-फॉर-सेल (OFS) का होगा। इसके जरिए कंपनी अपने कुछ निवेशकों को हिस्सेदारी बेचकर निकलने का मौका देगी।"
वहीं एक दूसरे सूत्र ने बताया कि कंपनी आईपीओ के तहत करीब 500 करोड़ रुपये के फ्रेश शेयर जारी करेगी और 25,050,500 इक्विटी शेयरों का ऑफर-फॉर-सेल लाएगी। इस ऑफर-फॉर-सेल के तहत कंपनी के प्रमोटर ग्रुप, प्रेमजी इनवेस्ट, बजाज होल्डिंग्स एंड इनवेस्टमेंट लिमिटेड, निलेकणि परिवार, कोटक इंडिया एडवांटेज फंड आदि अपनी हिस्सेदारी बेचेंगे।
सूत्रों ने बताया कि इस आईपीओ के लिए ICICI सिक्योरिटीज, क्रेडिट सुइस, जेपी मॉर्गन, नोमुरा, इक्विरस कैपिटल और SBI कैपिटल को इनवेस्टमेंट बैंकर के रूप में नियुक्त किया गया है। वहीं AZB एंड पार्टनर्स और शर्दुल अमरचंद मंगलदास को लीगल एडवाइज के तौर पर नियुक्त किया गया है।
फैशन ब्रांडों में IPO लॉन्च करने की मची होड़
इससे पहले मनीकंट्रोल ने 10 जनवरी को सबसे पहले यह खबर बताई थी कि बीबा अपैरल्स (Biba Apparels) ने अपने प्रस्तावित ऑफर के लिए कुछ एडवाइजर्स को शॉर्टलिस्ट किया है। बीबा अपैरल्स, महिलाओं के एथनिक वियर ऑफर करने वाली एक प्रमुख फैशन ब्रांड है। इसमें वारबर्ग पिनकस (Warburg Pincus) और फेयरिंग कैपिटल (Faering Capital) जैसी प्राइवेट इक्विटी फर्मों का निवेश है। बीबा अपैरल्स IPO के जरिए कंपनी 1,500 करोड़ रुपये से 2,000 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है।
फैशन सेगमेंट से जुड़ी अन्य कंपनियों की बात करें तो, मान्यवर ब्रांड की ओनर वेदांत फैशन (केदारा कैपिटल का इसमें निवेश है) भी अपना IPO लाने की तैयारी कर रही हैं।
हाल ही में सिकोइया कैपिटल के निवेश वाली गो कलर्स की शेयर बाजारों में शानदार लिस्टिंग देखी गई थी। गो कलर्स ने अपने आईपीओ से 1,014 करोड़ रुपये जुटाए थे और उसने पिछले महीने 90 पर्सेंट के साथ शाानदार लिस्टिंग गेन के साथ शेयर बाजर में एंट्री की थी।