Fedfina 2023 के अंत तक लाएगी IPO, 1400 करोड़ रुपये जुटाने का है इरादा

दक्षिण भारत के बैंक की नॉन-बैंकिंग फाइनेंस कंपनी (NBFC) Fedbank Financial Services ने पिछले हफ्ते मार्केट रेगुलेटर सेबी (SEBI) के पास फिर से आईपीओ दस्तावेज जमा कराए हैं। कंपनी ने पहले भी आवेदन किया था, लेकिन वह आईपीओ नहीं ला पाई थी

अपडेटेड Jul 30, 2023 पर 6:58 PM
फेडबैंक फाइनेंशियल सर्विसेज (Fedbank Financial Services) ने 2023 के अंत तक IPO लाने की योजना बनाई है।

Fedfina IPO: फेडबैंक फाइनेंशियल सर्विसेज (Fedbank Financial Services) ने 2023 के अंत तक IPO लाने की योजना बनाई है। कंपनी इस आईपीओ के जरिए 1400 करोड़ रुपये तक की राशि जुटाना चाहती है। कंपनी की प्रमोटर एंटिटी फेडरल बैंक के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। दक्षिण भारत के बैंक की नॉन-बैंकिंग फाइनेंस कंपनी (NBFC) ने पिछले हफ्ते मार्केट रेगुलेटर सेबी (SEBI) के पास फिर से आईपीओ दस्तावेज जमा कराए हैं। कंपनी ने पहले भी आवेदन किया था, लेकिन वह आईपीओ नहीं ला पाई थी।

फेडरल बैंक के CEO ने क्या कहा?

फेडरल बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक श्याम श्रीनिवासन ने कहा, "फेडफिना आईपीओ से 1,200 से 1,400 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी कर रही है। हमारा इरादा मौजूदा कैलेंडर साल में आईपीओ लाने का है।" उन्होंने कहा कि NBFC कंपनी के पास पर्याप्त पूंजी है। कंपनी 2024 की शुरुआत तक अपनी ग्रोथ रिक्वायरमेंट्स को पूरा कर सकती है। श्रीनिवासन ने कहा कि सेबी को आईपीओ दस्तावेजों पर विचार करने में कुछ समय लगेगा। आईपीओ अगले 90 से 100 दिन में आ सकता है।


आईपीओ से जुड़ी डिटेल

रिटेल फाइनेंस फोकस्ड कंपनी 750 करोड़ रुपये के फ्रेश इक्विटी शेयर जारी करेगी। इसके अलावा, ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत भी शेयरों की बिक्री की जाएगी। OFS के जरिए फेडरल बैंक (1.64 करोड़ शेयर) और प्राइवेट इक्विटी कंपनी ट्रू नॉर्थ (5.38 करोड़ शेयर) शेयरों की बिक्री करेंगे। फिलहाल फेडरल बैंक की फेडफिना में 74 फीसदी हिस्सेदारी है। पहले श्रीनिवासन ने कहा था कि एनबीएफसी को लिस्ट कराने के बाद भी इसमें फेडरल बैंक की मेजोरिटी हिस्सेदारी रहेगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।