Fincare Small Finance Bank IPO : फिनकेयर स्माल फाइनेंस बैंक ने IPO लाने के लिए फिर से तैयारियां शुरू कर दी हैं। स्माल फाइनेंस बैंक ने मार्केट रेगुलेटर सेबी (SEBI) के पास फिर से ड्राफ्ट प्रॉस्पेक्टस (DRHP) जमा किया है। इससे पहले रेगुलेटर की तरफ से एक साल के लिए मंजूरी पिछले महीने एक्सपायर हो गई, जिसके चलते फिर से ड्राफ्ट प्रॉस्पेक्टस फाइल करना पड़ा है।
दरअसल, कोई कंपनी मंजूरी के एक साल के भीतर IPO लाने में नाकाम रहती है तो उसे फिर से आवेदन करना होता है।
1.7 करोड़ शेयरों के लिए आएगा ओएफएस
शनिवार को फाइल नए ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) के मुताबिक, Fincare Small Finance Bank के आईपीओ में 625 करोड़ रुपये के नए इक्विटी शेयर और प्रमोटर्स और इनवेस्टर्स की तरफ से 1.7 करोड़ इक्विटी शेयरों का एक ऑफर फॉर सेल (OFS) शामिल होगा।
ओएफएस के जरिए फिनकेयर के प्रमोटर और Wagner, True North Fund V LLP, Indium IV (Mauritius) Holdings Ltd, Omega TC Holdings PTE Ltd; Leapfrog Rural Inclusion (India) Ltd जैसे इनवेस्टर्स शेयरों की बिक्री करेंगे। इसके साथ ही कोटक महिंद्रा लाइफ इंश्योरेंस कंपनी, एडलवीज टोकियो लाइफ इंश्योरेंस कंपनी, भारती एक्सा लाइफ इंश्योरेंस कंपनी, सिल्वर लीफ ओक (मॉरिशस) लि, टाटा कैपिटल फाइनेंशियल सर्विसेज भी अपने शेयर बेचेंगी।
धनराशि को कहां किया जाएगा इस्तेमाल
नए शेयर जारी करने से मिली धनराशि से बैंक अपनी भविष्य की कैपिटल संबंधी जरूरतों को पूरा करने के लिए टियर-1 कैपिटल बेस बढ़ाने में इस्तेमाल करेगी। मई, 2021 में Fincare Small Finance Bank ने आईपीओ के जरिये 1,330 करोड़ रुपये जुटाने के लिए सेबी को ड्राफ्ट पेपर सौंपे थे।
बीते साल मई में, मोतीलाल ओसवाल प्राइवेट इक्विटी ने सेकेंडरी एक्विजन के जरिये 185 करोड़ रुपये में Fincare Small Finance Bank की माइनॉरिटी स्टेक खरीदी थी। यह निवेश मोतीलाल पीई के प्रबंधन और परामर्श वाले फंड India Business Excellence Fund-III के जरिये किया गया था।