Five Star Business Finance IPO : आज खुलेगा 1,960 करोड़ रुपये का इश्यू, क्या आपको करना चाहिए निवेश?
मार्केट एक्सपर्ट के मुताबिक, Five Star Business Finance दक्षिण भारत की जानी मानी कंपनी है। कुछ दिग्गज निवेशकों की मौजूदगी के साथ इसे यूनिकॉर्न का दर्जा हासिल है। इंडस्ट्री की दिक्कतों के बावजूद कंपनी लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही है
Five Star Business Finance ने वित्त वर्ष 22 में 19.49 फीसदी की ग्रोथ के साथ 1,256.16 करोड़ रुपये की कुल इनकम अर्जित की
Five Star Business Finance IPO : फाइव स्टार बिजनेस फाइनेंस का 1,960 करोड़ रुपये का आईपीओ बुधवार, 9 नवंबर को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलने जा रहा है, जो 11 नवंबर को बंद हो जाएगा। यह पब्लिक इश्यू सिर्फ ऑफर फॉर सेल (offer for sale) है, जिसके जरिये शेयरहोल्डर्स अपने 4.13 करोड़ शेयर बेच रहे हैं। इसका प्राइस बैंड 450-474 रुपये है।
फाइव स्टार बिजनेस फाइनेंस ने अपने आईपीओ से पहले 7 नवंबर, 2022 को एंकर बुक के जरिये 588 करोड़ रुपये जुटाए हैं। कंपनी ने बीएसई फाइलिंग (BSE filing) में बताया कि उसने एंकर बुक में भाग लेने वाले 21 एंकर इनवेस्टर्स (anchor investors) को 1.24 करोड़ शेयरों के अलोकेशन को अंतिम रूप दे दिया है। ये शेयर 474 रुपये प्रति शेयर के अपर प्राइस बैंड पर जारी किए गए हैं।
इन दिग्गज निवेशकों ने लगाया दांव
इन एंकर इनवेस्टर्स में स्मालकैप वर्ल्ड फंड इंक, अमेरिकन फंड्स, फिडिलिटी फंड्स, वोलराडो वेंचर, अबूधाबी इनवेस्टमेंट अथॉरिटी, गवरमेंट पेंशन फंड ग्लोबल, कार्मिगनैक पोर्टफोलियो और सेगनाती इंडिया मॉरिशस जैसी दुनिया की दिग्गज कंपनियां शामिल हैं।
इसके अलावा, एचडीएफसी म्यूचुअल फंड, बड़ौदा बीएनपी पारिबास, एडेलवाइज, मिराये एसेट और एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस कंपनी सहित कई घरेलू म्यूचुअल फंड्स और अन्य कंपनियों ने भी एंकर बुक में भाग लिया।
कैसे रहे हैं कंपनी के नतीजे
Five Star Business Finance ने वित्त वर्ष 22 में 19.49 फीसदी की ग्रोथ के साथ 1,256.16 करोड़ रुपये की कुल इनकम अर्जित की, जो वित्त वर्ष 21 में 1,051.25 करोड़ रुपये के स्तर पर थी। वहीं, इस दौरान कंपनी का नेट प्रॉफिट 358.99 करोड़ रुपये से बढ़कर 453.54 करोड़ रुपये हो गया।
वहीं, जून, 2022 में समाप्त तिमाही के दौरान उसकी कुल इनकम 12.74 फीसदी ग्रोथ के साथ 339.05 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गई। तिमाही में प्रॉफिट आफ्टर टैक्स 37.28 फीसदी बढ़कर 139.43 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया।
फाइव स्टार बिजनेस फाइनेंस का जीएमपी
Five Star Business Finance का ग्रे मार्केट में आगाज हो चुका है। बाजार के जानकारों के मुताबिक, एक दिन पहले यानी 8 नवंबर को इस आईपीओ का ग्रे मार्केट प्रीमियम (grey market premium) यानी GMP 9 रुपये था। हालांकि, माना जा रहा है कि सब्सक्रिप्शन शुरू होने के साथ जीएमपी में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। यह आईपीओ को मिलने वाली निवेशकों की प्रतिक्रिया पर निर्भर करेगा।
क्या आपको करना चाहिए निवेश
unlistedarena.com के कोफाउंडर मनन दोशी ने कहा, Five Star Business Finance दक्षिण भारत की जानी मानी कंपनी है। कुछ दिग्गज निवेशकों की मौजूदगी के साथ इसे यूनिकॉर्न का दर्जा हासिल है। इसके अनलिस्टेड शेयरों की कीमत 360 रुपये से 725 रुपये की रेंज में रही है। इंडस्ट्री की दिक्कतों के बावजूद कंपनी लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही है, जिससे इसमें इनवेस्टर्स की दिलचस्पी बनी हुई है। हालांकि, लिस्टेड और अनलिस्टेड दोनों मार्केट्स में भारी सुस्ती के चलते बीते साल शेयर लगभग 35 फीसदी कमजोर हो चुका है।
मनन दोशी ने कहा, “इश्यू का पीई उसकी वित्त वर्ष 23 की सालाना अर्निंग्स का 25 गुना है, जो उसकी लिस्टेड कॉम्पिटिटर्स की तुलना में कुछ कम है। इस लिहाज से इश्यू की कीमत उचित है, जिसमें इनवेस्टर्स के लिए कमाई करने के कुछ मौके हैं।”
आठ राज्यों में है बिजनेस
ऑफर का 50 फीसदी हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स, 15 फीसदी हाई नेटवर्थ इंडिविजुअल्स और बाकी 35 फीसदी रिटेल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व है।
1984 में स्थापित कंपनी माइक्रो आंत्रप्रेन्योर्स और सेल्फ एम्प्लॉयड इंडिविजुअल्स को सिक्योर्ड बिजनेस लोन देती है। इसकी जून, 2022 तक आठ राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में 311 ब्रांच हैं।
डिस्क्लेमरः यहां दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह निवेश विशेषज्ञों के अपने निजी विचार और राय होते हैं। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।