Flair Writing Industries IPO : पेन बनाने वाली कंपनी लाएगी 745 करोड़ का आईपीओ, SEBI के पास दाखिल किए कागजात

Flair Writing Industries IPO : इस इश्यू के जरिए कंपनी का इरादा 745 करोड़ रुपये जुटाने का है। ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) के अनुसार आईपीओ के तहत 365 करोड़ रुपये तक के फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, 380 करोड़ रुपये तक के इक्विटी शेयरों की बिक्री OFS के तहत होगी

अपडेटेड Jul 16, 2023 पर 5:03 PM
पेन बनाने वाली कंपनी फ्लेयर राइटिंग इंडस्ट्रीज लिमिटेड (Flair Writing Industries) अपना आईपीओ लाने जा रही है।

Flair Writing Industries IPO : पेन बनाने वाली कंपनी फ्लेयर राइटिंग इंडस्ट्रीज लिमिटेड (Flair Writing Industries) अपना आईपीओ लाने जा रही है। कंपनी ने इसके लिए मार्केट रेगुलेटर सेबी (SEBI) के पास ड्राफ्ट पेपर दाखिल कर दिया है। इस इश्यू के जरिए कंपनी का इरादा 745 करोड़ रुपये जुटाने का है। ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) के अनुसार आईपीओ के तहत 365 करोड़ रुपये तक के फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, कंपनी के प्रमोटर और प्रमोटर ग्रुप एंटिटी द्वारा 380 करोड़ रुपये तक के इक्विटी शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत होगी।

आईपीओ से जुड़ी डिटेल

OFS के तहत शेयरों की बिक्री करने वालों में खूबीलाल जुगराज राठौड़, विमलचंद जुगराज राठौड़, निर्मला खूबीलाल राठौड़, मंजुला विमलचंद राठौड़, राजेश खूबीलाल राठौड़, मोहित खूबीलाल राठौड़, सुमित राठौड़; संगीता राजेश राठौड़; शालिनी मोहित राठौड़ और सोनल सुमित राठौड़ शामिल हैं। वर्तमान में प्रमोटरों और प्रमोटर ग्रुप एंटिटी के पास कंपनी की 100 फीसदी हिस्सेदारी है।


कहां होगा फंड का इस्तेमाल

कंपनी गुजरात के वलसाड जिले में राइटिंग इंस्ट्रुमेंट्स के लिए एक मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी स्थापित करना चाहती है। इसके लिए आईपीओ से हासिल फंड का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके अलावा, कैपिटल एक्सपेंडिचर और इसकी शाखा फ्लेयर राइटिंग इक्विपमेंट्स को भी फंड दिया जाएगा। फंड का इस्तेमाल वर्किंग कैपिटल जरूरतों के लिए और इसकी सब्सिडियरी FWEPL और फ्लेयर साइरोसिल इंडस्ट्रीज के लिए भी होगा। कर्ज के भुगतान और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए भी फंड का उपयोग होगा।

कंपनी के बारे में

कंपनी 45 साल से अधिक पुराने फ्लैगशिप ब्रांड Flair का मालिक है। यह मार्च 2023 तक लगभग 9 फीसदी बाजार हिस्सेदारी के साथ ओवरऑल राइटिंग इंस्ट्रुमेंट्स इंडस्ट्री में टॉप तीन कंपनियों में से एक है। सितंबर 2018 में भी कंपनी ने सेबी के पास 450 करोड़ रुपये के आईपीओ दस्तावेज दाखिल किए थे। यह पेन, स्टेशनरी प्रोडक्ट्स और कैलकुलेटर सहित राइटिंग इंस्ट्रुमेंट्स बनाती और बेचती है। इसके साथ ही कंपनी हाउसवेयर प्रोडक्ट्स और स्टील की बोतलों का निर्माण भी करती है। नुवामा वेल्थ मैनेजमेंट लिमिटेड और एक्सिस कैपिटल लिमिटेड आईपीओ इश्यू के बुक-रनिंग लीड मैनेजर हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।