Goyal Salt IPO : कच्चा नमक बनाने और रिफाइन करने वाली कंपनी गोयल साल्ट का आईपीओ खुल गया है। इसे निवेशकों की शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है और पहले दिन ही यह इश्यू अब तक 8.71 गुना सब्सक्राइब हो गया है। इसे कुल 2.83 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां मिल गई है जबकि ऑफर पर 32.49 लाख शेयर हैं। यह एक एसएमई आईपीओ है। गोयल साल्ट आईपीओ 18.63 करोड़ का बुक बिल्ट इश्यू है। इसके तहत 49.02 लाख फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए गए हैं। निवेशकों इसमें 29 सितंबर तक निवेश कर सकेंगे।
सब्सक्रिप्शन से जुड़ी डिटेल
इस आईपीओ को रिटेल निवेशकों की जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है। उनके लिए रिजर्व हिस्सा 14.25 गुना सब्सक्राइब हो गया है। इसके अलावा, नॉन इंस्टीट्यूशन बायर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 6.80 गुना सब्सक्राइब हुआ है। क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स का हिस्सा 1 फीसदी सब्सक्राइब हुआ है।
इस आईपीओ के लिए 36-38 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है। लॉट साइज 3000 शेयरों का है। इस हिसाब से रिटेल निवेशकों को कम से कम 114,000 रुपये का निवेश करना होगा। कंपनी आईपीओ खुलने से पहले 25 सितंबर को एंकर निवेशकों से ₹5 करोड़ जुटा चुकी है। गोयल साल्ट आईपीओ का बुक रनिंग लीड मैनेजर होलानी कंसल्टेंट्स प्राइवेट लिमिटेड है, जबकि बिगशेयर सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड आईपीओ रजिस्ट्रार है।
सब्सक्रिप्शन के बाद शेयरों का अलॉटमेंट 5 अक्टूबर को होने की संभावना है। वहीं, असफल निवेशकों के लिए रिफंड की प्रक्रिया 6 अक्टूबर को शुरू होगी। सफल निवेशकों के डीमैट अकाउंट में 9 अक्टूबर को शेयर क्रेडिट कर दिए जाएंगे। वहीं, शेड्यूल के मुताबिक कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग एनएसई एसएमई 10 अक्टूबर को होगी। आईपीओ में कंपनी ने ऑफर का 50 फीसदी क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (क्यूआईबी) के लिए, 15% नॉन-इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (एनआईआई) के लिए और 35% ऑफर खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित रखा है।
गोयल साल्ट लिमिटेड राजस्थान स्थित उपमृदा नमकीन पानी से प्राप्त कच्चे नमक का रिफाइनर है, जिसका इस्तेमाल इंडस्ट्रियल सॉल्ट और खाने के लिए किया जाता है। कंपनी साबुन और डिटर्जेंट इंडस्ट्री, केमिकल इंडस्ट्री और कपड़ा और रंगाई उद्योगों के लिए इंडस्ट्रियल सॉल्ट का उत्पादन और आपूर्ति भी करती है। यह कांच, प्लास्टिक, रबर, पॉलिएस्टर और चमड़ा बनाने वाले उद्योगों को औद्योगिक नमक की आपूर्ति भी करती है।