Gujarat Kidney IPO: आज से खुल गया ₹251 करोड़ का इश्यू, रिटेल निवेशकों ने जमकर लगाई बोली, लेटेस्ट GMP के साथ जानिए पूरी डिटेल्स

Gujarat Kidney IPO: कंपनी ने अपने आईपीओ के लिए ₹108 से ₹114 प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। निवेशक इसमें 24 दिसंबर तक बोली लगा सकते हैं। एक लॉट में न्यूनतम 128 शेयर रखे गए हैं, जिसके लिए ऊपरी प्राइस बैंड के हिसाब से कम से कम ₹14,592 का निवेश करना होगा

अपडेटेड Dec 22, 2025 पर 3:22 PM
Story continues below Advertisement
शेयरों का अलॉटमेंट 29 दिसंबर तक फाइनल होने की उम्मीद है

Gujarat Kidney IPO: हेल्थकेयर सेक्टर की कंपनी 'गुजरात किडनी एंड सुपर स्पेशियलिटी' का आईपीओ आज, 22 दिसंबर को सब्सक्रिप्शन के लिए खुल गया है। ₹251 करोड़ के इस पब्लिक इश्यू को पहले ही दिन निवेशकों की ओर से शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है। NSE के आंकड़ों के अनुसार, दोपहर 2:54 बजे तक, यह इश्यू कुल 0.94 गुना सब्सक्राइब हो चुका है। इसमें सबसे ज्यादा उत्साह रिटेल सेगमेंट में देखा गया, जो अब तक 3.83 गुना भर चुका है। वहीं, गैर-संस्थागत निवेशकों (NII) का हिस्सा भी 1.23 गुना सब्सक्राइब हो गया है।

प्राइस बैंड सहित पूरी डिटेल्स

कंपनी ने अपने आईपीओ के लिए ₹108 से ₹114 प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। निवेशक इसमें 24 दिसंबर तक बोली लगा सकते हैं। एक लॉट में न्यूनतम 128 शेयर रखे गए हैं, जिसके लिए ऊपरी प्राइस बैंड के हिसाब से कम से कम ₹14,592 का निवेश करना होगा। शेयरों का अलॉटमेंट 29 दिसंबर तक फाइनल होने की उम्मीद है और इसकी लिस्टिंग 30 दिसंबर को BSE और NSE पर होगी। खास बात यह है कि यह पूरा इश्यू 'फ्रेश इश्यू' है, यानी इससे मिलने वाला सारा पैसा सीधे कंपनी के पास जाएगा, किसी मौजूदा निवेशक की हिस्सेदारी नहीं बिक रही है।


कहा खर्च होगा आईपीओ से मिला पैसा?

गुजरात में 7 मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल और 4 फार्मेसी चलाने वाली यह कंपनी, आईपीओ से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल अपने नेटवर्क को बढ़ाने में करेगी। कंपनी ₹77 करोड़ अहमदाबाद के पारेख अस्पताल के अधिग्रहण पर खर्च करेगी। इसके अलावा, वडोदरा में एक नया अस्पताल बनाने के लिए ₹30 करोड़ और रोबोटिक उपकरण खरीदने के लिए ₹6.8 करोड़ आवंटित किए गए है। एंकर बुक के जरिए कंपनी पहले ही 10 बड़े निवेशकों से ₹100 करोड़ जुटा चुकी है, जिसमें 'क्राफ्ट इमर्जिंग मार्केट फंड' सबसे बड़ा निवेशक बनकर उभरा है।

कैसा है सब्सक्रिप्शन का हाल और क्या चल रहा है GMP?

आईपीओ मार्केट एक्सपर्ट एक अनुसार, गुजरात किडनी आईपीओ का अनलिस्टेड मार्केट में GMP फिलहाल इश्यू प्राइस से लगभग 6% ऊपर चल रहा है। हालांकि, यह 18 दिसंबर को देखे गए 8.77% के स्तर से थोड़ा नीचे आया है, लेकिन अभी भी यह पॉजिटिव संकेत दे रहा है। कुल मिलाकर निवेशकों में इस आईपीओ को लेकर जबरदस्त रुझान देखने को मिल रहा है और वो इसकी लिस्टिंग को लेकर पॉजिटिव रुख बनाए हुए है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।