Harsha Engineers IPO: बेयरिंग्स केज बनाने वाली देश की सबसेस बड़ी कंपनी का इश्यू 14 सितंबर को खुलेगा और 16 सितंबर को बंद होगा। इसका इश्यू प्राइस 314-330 रुपए तय हुआ है। पिछले कुछ दिनों में Harsha Engineers के इश्यू का ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) बढ़ा है। 9 सितंबर को कंपनी का GMP 150 रुपए चल रहा था। लेकिन 10 सितंबर को यह बढ़कर 200 रुपए पर पहुंच गया है। Harsha Engineers के शेयरों का अलॉटमेंट 23 सितंबर को होगा और 24 सितंबर तक आपके डिमैट खातों में शेयर नजर आने लगेंगे।
Harsha Engineers कितना फंड जुटाएगी
कंपनी इस IPO से 755 करोड़ रुपए जुटाने की तैयारी में है। इसमें से 300 करोड़ रुपए के शेयर ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए बेचे जाएंगे। जबकि 455 करोड़ रुपए के फ्रेश इश्यू जारी किए जाएंगे। ऑफर फॉर सेल (OFS) में राजेंद्र शाह 66.75 करोड़ रुपये, हरीश रंगवाला 75 करोड़ रुपये, पिलक शाह 16.50 करोड़ रुपये, चारुशिला रंगवाला 75 करोड़ रुपये और निर्मला शाह 66.75 करोड़ रुपये तक के शेयर बेचने वाले हैं।
Harsha Engineers फंड का इस्तेमाल कहां करेगी
नए इश्यू से मिली रकम में 270 करोड़ रुपये कर्ज चुकाने, 77.95 करोड़ रुपये मशीनरी खरीदने और 7.12 करोड़ रुपये इन्फ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी मरम्मत और मौजूदा फैसिलिटीज के रिनोवेशन और कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए इस्तेमाल किए जाएंगे।
अहमदाबाद की कंपनी का यह आईपीओ लाने का दूसरा प्रयास है। उसने अगस्त, 2018 में रेगुलेटर के पास ड्राफ्ट पेपर जमा किए थे। Axis Capital, Equirus Capital और JM Financial इश्यू के लिए लीड मैनेजर हैं।
Harsha Engineers का कारोबार क्या है?
राजेंद्र शाह और हरीश रंगवाला ने 1986 में हर्ष इंजीनियरिंग की स्थापना की थी। प्रमोटर्स के पास कंपनी की 99.7 फीसदी हिस्सेदारी है। कंपनी ऑटोमोटिव, एविएशन और एयरोस्पेस, रेलवे, कंस्ट्रक्शन माइनिंग, रिन्युएबिल एनर्जी, एग्रीकल्चर और अन्य इंडस्ट्रियल सेक्टर्स में इंजीनियरिंग प्रोडक्ट्स की पेशकश करती है। कंपनी की गुजरात में तीन और चीन और रोमानिया में एक-एक सहित कुल पांच मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटीज हैं।
Harsha Engineers के नतीजे कैसे रहे?
कंपनी ने मार्च, 2022 में समाप्त वित्त वर्ष के दौरान 1,321.48 करोड़ रुपये का रेवेन्यू और 91.94 करोड़ रुपये का प्रॉफिट दर्ज किया था। कंपनी के रेवेन्यू में बीते साल की तुलना में 45.44 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं, इस दौरान उसका कर्ज 322.08 करोड़ रुपये से बढ़कर 356.59 करोड़ रुपये हो गया।
UnlistedArena.com के कोफाउंडर मनन दोशी ने कहा, कंपनी की टॉप लाइन और बॉटम लाइन ग्रोथ प्रभावशाली नजर आती है। पब्लिक ऑफर का प्राइस वित्त वर्ष 22 की अर्निंग्स पर 32.70 गुने पीई रेश्यो पर सही लगता है। हम इसके अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद करते हैं।