पैसा रखें तैयार! अगले हफ्ते खुल रहा ये मेनबोर्ड आईपीओ, निवेश से पहले जानें सभी जरूरी डिटेल्स

Upcoming IPO: काफी दिनों के बाद 1 जून को मेनबोर्ड सेगमेंट में एक आईपीओ खुलने जा रहा है। पैसा लगाने से पहले आप इस आईपीओ से जुड़ी सभी जरूरी डिटेल्स जान लीजिए

अपडेटेड May 27, 2026 पर 12:41 PM
Story continues below Advertisement
अगले वीक से मेनबोर्ड सेगमेंट एक बार फिर गुलजार होने जा रहा है

Hexagon Nutrition IPO Details: अगर आप भी आईपीओ मार्केट में पैसे लगाने का मौका ढूंढ रहे हैं, तो अपना फंड तैयार रखिए। प्राइमरी मार्केट में एक महीने के सन्नाटे के बाद मेनबोर्ड सेगमेंट एक बार फिर गुलजार होने जा रहा है। मुंबई की रिसर्च-ओरिएंटेड न्यूट्रिशन कंपनी 'हेक्सागन न्यूट्रिशन' का आईपीओ अगले हफ्ते निवेश के लिए खुलने जा रहा है।

निवेश का मन बनाने से पहले इस न्यूट्रिशन कंपनी के बिजनेस, वित्तीय सेहत और आईपीओ की महत्वपूर्ण तारीखों को जान लीजिए।

हेक्सागन न्यूट्रिशन आईपीओ की ये है जरूरी तारीखें


आईपीओ कब खुलेगा: हेक्सागन न्यूट्रिशन का आईपीओ आम जनता के सब्सक्रिप्शन के लिए 5 जून से 9 जून तक खुला रहेगा।

एंकर बुक डिटेल्स: बड़े यानी एंकर निवेशकों के लिए यह इश्यू एक दिन पहले यानी 4 जून को ही खुल जाएगा।

अलॉटमेंट और लिस्टिंग: कंपनी 10 जून तक शेयरों का अलॉटमेंट फाइनल कर देगी, जबकि शेयर बाजार पर इसकी लिस्टिंग 12 जून को होगी।

प्राइस बैंड और इश्यू का साइज

प्राइस बैंड: कंपनी ने इस आईपीओ के लिए ₹42 से ₹45 प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है।

पूरा इश्यू OFS है: यह आईपीओ पूरी तरह से ऑफर-फॉर-सेल है, जिसके तहत प्रमोटर्स 3.08 करोड़ इक्विटी शेयर बेच रहे हैं. इसमें कोई भी फ्रेश इश्यू शामिल नहीं है। इसका मतलब है कि आईपीओ से मिलने वाली पूरी रकम सीधे प्रमोटर्स के पास जाएगी, कंपनी को कोई फंड नहीं मिलेगा।

वैल्यूएशन: प्राइस बैंड के ऊपरी स्तर पर यह आईपीओ ₹138.86 करोड़ जुटाएगा और इसके आधार पर कंपनी की कुल वैल्यू ₹553.1 करोड़ आंकी गई है।

SEBI की मंजूरी: कंपनी ने सितंबर 2025 में सेबी के पास दोबारा ड्राफ्ट पेपर जमा किए थे, जिसे फरवरी 2026 में मंजूरी मिली थी। इस इश्यू के मर्चेंट बैंकर 'क्युमुलेटिव कैपिटल' और 'कैटेलिस्ट कैपिटल पार्टनर्स' हैं।

क्या करती है कंपनी और उसका बिजनेस मॉडल

हेक्सागन न्यूट्रिशन मुख्य रूप से न्यूट्रिशन प्रोडक्ट्स बनाने का काम करती है। भारत में इसके तीन मैन्युफैक्चरिंग प्लांट नासिक, चेन्नई और तूतुकुड़ी में हैं, जबकि एक इंटरनेशनल प्लांट उज्बेकिस्तान में स्थित है। कंपनी का बिजनेस मुख्य रूप से तीन सेगमेंट में बंटा है। माइक्रोन्यूट्रीएंट प्रीमिक्स, ब्रांडेड वेलनेस और क्लिनिकल न्यूट्रिशन और रेडी-टू-यूज फूड्स और माइक्रोन्यूट्रीएंट पाउड। कंपनी भारत की सबसे बड़ी प्रीमिक्स कंपनियों में से एक है, जो दिग्गज घरेलू और बहुराष्ट्रीय एफएमसीजी कंपनियों को कस्टमाइज्ड विटामिन और मिनरल प्रीमिक्स सप्लाई करती है।

कैसी है वित्तीय सेहत?

वैसे किसी भी आईपीओ में पैसा लगाने से पहले कंपनी के मुनाफे और रेवेन्यू का ट्रैक रिकॉर्ड देखना जरूरी है। हेक्सागन न्यूट्रिशन का वित्तीय पक्ष काफी काफी मजबूत नजर आ रहा है। चालू वित्त वर्ष की दिसंबर 2025 को समाप्त हुई 9 महीने की अवधि के दौरान कंपनी ने ₹267.5 करोड़ के रेवेन्यू पर ₹27 करोड़ का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया है।

वित्त वर्ष 2025 में कंपनी का मुनाफा लगभग दोगुना होकर ₹24.4 करोड़ पहुंच गया था, जो वित्त वर्ष 2024 में ₹12.2 करोड़ था। वहीं इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू भी 9.1% की बढ़त के साथ ₹297.7 करोड़ से बढ़कर ₹324.9 करोड़ रहा है।

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।