Hindustan Coca-Cola Holdings IPO: कोका-कोला ने 4 बैंकर किए नियुक्त, जुलाई के आखिर से शुरू होगी प्रोसेस

Hindustan Coca Cola Holdings IPO: फिलहाल HCCH में कोका-कोला की हिस्सेदारी लगभग 60 प्रतिशत है। बाकी 40 प्रतिशत हिस्सेदारी जुबिलेंट भरतिया ग्रुप के पास है। OFS में सिर्फ पेरेंट कंपनी कोका-कोला ही अपनी हिस्सेदारी बेचेगी

अपडेटेड Jul 20, 2026 पर 4:25 PM
Hindustan Coca-Cola Holdings IPO पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल हो सकता है।

कोका-कोला ने हिंदुस्तान कोका-कोला होल्डिंग्स (HCCH) के IPO के लिए 4 बैंकरों को चुना है। CNBC-TV18 को मामले की जानकारी रखने वाले लोगों से पता चला है कि लिस्ट में कोटक, मॉर्गन स्टेनली, जेपी मॉर्गन और सिटी शामिल हैं। HCCH, कोका-कोला की भारतीय बॉटलर कंपनी 'हिंदुस्तान कोका-कोला बेवरेजेज' की पेरेंट कंपनी है। सूत्रों का यह भी कहना है कि जैसे-जैसे प्रक्रिया आगे बढ़ेगी, और भी बैंकरों को नियुक्त किया जा सकता है।

रिपोर्ट के मुताबिक, यह IPO पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल (OFS) हो सकता है। इसका मतलब है कि इसमें कोई नया शेयर जारी नहीं किया जाएगा। ऐसे में IPO से होने वाली कमाई शेयर बिक्री करने वालों के पास जाएगी। कहा जा रहा है कि OFS में सिर्फ पेरेंट कंपनी कोका-कोला ही अपनी हिस्सेदारी बेचेगी। यह पब्लिक इश्यू 100 करोड़ डॉलर (9000 करोड़ रुपये से ज्यादा) का रह सकता है।

HCCH में माइनॉरिटी शेयरहोल्डर बनने की तैयारी में Coca-Cola


CNBC-TV18 को सूत्रों से पता चला है कि कोका-कोला समय के साथ धीरे-धीरे अपनी हिस्सेदारी बेचकर HCCH में माइनॉरिटी शेयरहोल्डर बनने की योजना बना रही है। यह IPO उस सफर का पहला कदम है। फिलहाल HCCH में कोका-कोला की हिस्सेदारी लगभग 60 प्रतिशत है। बाकी 40 प्रतिशत हिस्सेदारी जुबिलेंट भरतिया ग्रुप के पास है। इस ग्रुप ने दिसंबर 2024 में लगभग 12,650 करोड़ रुपये में यह हिस्सेदारी खरीदने पर सहमति जताई थी।

Lohia Corp IPO: ₹404-₹425 प्रति शेयर रहेगा प्राइस बैंड, 23 जुलाई से खुलेगा ₹1100 करोड़ का इश्यू

जुलाई के आखिरी हफ्ते में शुरू होगी IPO की प्रोसेस

रिपोर्ट के मुताबिक, सूत्रों का कहना है कि HCCH के IPO की प्रक्रिया जुलाई के आखिरी हफ्ते में शुरू होगी। HCCH का IPO 10 अरब डॉलर की वैल्यूएशन पर आ सकता है। हिंदुस्तान कोका-कोला बेवरेजेज भारत में कोका-कोला की सबसे बड़ी बॉटलर है। देश के 12 राज्यों में इसके 14 मैन्युफैक्चरिंग प्लांट हैं। कंपनी 20 लाख से ज्यादा आउटलेट्स को सर्विस देती है।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।