मुंबई की फार्मास्युटिकल कंपनी हिंदुस्तान लैबोरेटरीज अपना IPO ला रही है। इसमें 1.41 करोड़ शेयर रहेंगे। कंपनी ने IPO के लिए कैपिटल मार्केट रेगुलेटर SEBI के पास ड्राफ्ट डॉक्यूमेंट जमा कर दिए हैं। हिंदुस्तान लैबोरेटरीज बिजनेस-टू-गवर्नमेंट (B2G) फ्रेमवर्क के तहत सरकारी संस्थानों के लिए जेनेरिक दवाएं बनाती है। इस IPO में 50 लाख नए शेयर जारी होंगे। साथ ही कंपनी के एकमात्र प्रमोटर राजेश वसंतराय दोषी की ओर से 91 लाख शेयरों का ऑफर फॉर सेल (OFS) रहेगा।
2017 में शुरू हुई हिंदुस्तान लैबोरेटरीज जेनेरिक फॉर्मूलेशन बनाती है। ये ऐसी दवाएं हैं, जिनके पेटेंट खत्म हो चुके हैं और जिनका इस्तेमाल आमतौर पर महंगी ब्रांडेड दवाओं के विकल्प के तौर पर किया जाता है। कंपनी मुख्य रूप से भारत सरकार की एजेंसियों के जरिए स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के केंद्र सरकार के प्रोजेक्ट्स के लिए प्रोक्योरमेंट कॉन्ट्रैक्ट के तहत प्रोडक्ट सप्लाई करती है। साथ ही राज्य सरकार की एजेंसियों और निकायों को भी सप्लाई करती है।
सितंबर 2025 तक, इसके प्रोडक्ट पोर्टफोलियो में एंटी-एलर्जिक, एंटी-डायबिटिक, एंटी-इन्फेक्टिव, एंटी-मलेरियल, एंटी-पैरासिटिक, ब्लड-रिलेटेड, कार्डियक, गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल, न्यूट्रिशनल और मिनरल सप्लीमेंट्स, और दर्द और एनाल्जेसिक जैसी थेराप्यूटिक कैटेगरी में 948 प्रोडक्ट शामिल थे।
IPO के पैसों का कैसे होगा इस्तेमाल
IPO में नए शेयरों को जारी कर हासिल होने वाले पैसों में से 72.5 करोड़ रुपये का इस्तेमाल वर्किंग कैपिटल जरूरतों के लिए किया जाएगा। बाकी रकम सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए रखी जाएगी। हिंदुस्तान लैबोरेटरीज के लिस्टेड कॉम्पिटीटर्स में अजंता फार्मा, सिनकॉम फॉर्मूलेशन और विंडलास बायोटेक जैसे नाम शामिल हैं। चॉइस कैपिटल एडवाइजर्स को हिंदुस्तान लैबोरेटरीज IPO के लिए मर्चेंट बैंकर नियुक्त किया गया है।
Hindustan Laboratories की वित्तीय सेहत
हिंदुस्तान लैबोरेटरीज ने अप्रैल-सितंबर 2025 के दौरान 112.6 करोड़ रुपये का रेवेन्यू और 18.2 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया। वित्त वर्ष 2025 के दौरान कंपनी ने 41.3 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया, जो एक साल पहले के 34.1 करोड़ रुपये से लगभग 21 प्रतिशत ज्यादा है। इसी अवधि के दौरान रेवेन्यू 17.9 प्रतिशत बढ़कर 219.7 करोड़ रुपये हो गया। वित्त वर्ष 2024 में यह 186.4 करोड़ रुपये था।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।