ड्रोन बनाने वाली कंपनी IdeaForge Technology के शेयरों की लिस्टिंग 7 जुलाई को हो रही है। इस आईपीओ को निवेशकों की शानदार प्रतिक्रिया मिली थी और यह 2022 के बाद 100 गुना से ज्यादा सब्सक्राइब होने वाला पहला इश्यू बन गया। अब उम्मीद की जा रही है कि मजबूत सब्सक्रिप्शन के बाद इस इश्यू की लिस्टिंग भी शानदार हो सकती है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि डिफेंस इंडस्ट्री के लिए मजबूत आउटलुक और निवेशकों की शानदार प्रतिक्रिया के दम पर निवेशकों को लिस्टिंग पर बंपर मुनाफा हो सकता है।
एक्सपर्ट्स ने कहा कि मिनिमम लिस्टिंग प्रीमियम 50-65 फीसदी हो सकता है। 672 रुपये प्रति शेयर के इश्यू प्राइस पर निवेशकों को 75 फीसदी तक मुनाफा हो सकता है। आज यह इश्यू ग्रे मार्केट में 518 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है। इसका मतलब है कि शेयरों की लिस्टिंग 1190 रुपये प्रति शेयर के भाव पर हो सकती है। इस लिहाज से निवेशकों को लिस्टिंग पर 77 फीसदी का बंपर मुनाफा होने की संभावना है। बता दें कि कल के मुकाबले आज प्रीमियम में लगभग 2 फीसदी का इजाफा हुआ है।
निवेशकों की मजबूत प्रतिक्रिया
567 करोड़ रुपये के इस आईपीओ को 26-30 जून की अवधि के दौरान 106.6 गुना सब्सक्राइब किया गया था। इसे सभी कैटेगरी में निवेशकों की शानदार प्रतिक्रिया मिली है। इसके तहत, ऑफर पर 46.48 लाख शेयरों की तुलना में इसे 49.30 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां मिली। रिटेल कैटेगरी के लिए रिजर्व हिस्से को 85.20 गुना और क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के हिस्से को 125.81 गुना सब्सक्रिप्शन मिला है। इसके अलावा, नॉन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स का हिस्सा 80.58 गुना सब्सक्राइब हुआ।
हेम सिक्योरिटीज की सीनियर रिसर्च एनालिस्ट आस्था जैन ने भी 75 फीसदी से अधिक प्रीमियम पर स्टॉक लिस्ट होने पर आंशिक मुनाफावसूली की सिफारिश की है। उन्हें उम्मीद है कि कंपनी इश्यू प्राइस से 50 फीसदी से अधिक प्रीमियम पर लिस्ट होगी।
स्वस्तिक इन्वेस्टमार्ट की इक्विटी रिसर्च एनालिस्ट अनुभूति मिश्रा ने कहा, "आइडियाफोर्ज के आईपीओ के लिए ग्रे मार्केट प्रीमियम वर्तमान में लगभग 75 फीसदी है, जिसका मतलब है कि हम स्टॉक को लगभग 1182 रुपये (इश्यू प्राइस 672 रुपये + प्रीमियम 510 रुपये) पर लिस्ट होने की उम्मीद कर सकते हैं।" उन्होंने आगे कहा, "आईपीओ को निवेशकों ने बहुत पसंद किया। यह 106 गुना से अधिक सब्सक्राइब हुआ। इससे पता चलता है कि स्टॉक की मजबूत मांग है। आईपीओ का आकार छोटा है, यह भी मजबूत लिस्टिंग की एक वजह हो सकती है।"
आनंद राठी शेयर्स एंड स्टॉक ब्रोकर्स के इक्विटी रिसर्च हेड नरेंद्र सोलंकी को भी पॉजिटिव लिस्टिंग की उम्मीद है। कंपनी ने फ्रेश इश्यू के जरिए 240 करोड़ रुपये और ऑफर फॉर सेल के जरिए 320 करोड़ रुपये से ज्यादा जुटाए हैं। फ्रेश इश्यू से प्राप्त फंड का इस्तेमाल कर्ज के भुगतान के लिए और वर्किंग कैपिटल जरूरतों के लिए किया जाएगा। इसके अलावा प्रोडक्ट डेवलपमेंट में भी निवेश के लिए किया जाएगा।