IKIO Lighting IPO: एलईडी से जुड़ी सर्विसेज मुहैया कराने वाली कंपनी आईकियो लाइटिंग (IKIO Lighting) के आईपीओ को निवेशकों को शानदार रिस्पांस मिला और ओवरऑल यह 67.75 गुना सब्सक्राइब हुआ। हालांकि ग्रे मार्केट में इसकी चमक फीकी पड़ रही है। सब्सक्रिप्शन पीरियड के दौरान GMP (ग्रे मार्केट प्रीमियम) 128 रुपये तक पहुंच गया था लेकिन अब यह 99 रुपये पर है यानी कि करीब 23 फीसदी की गिरावट। हालांकि एक्सपर्ट्स के मुताबिक ग्रे मार्केट से मिले संकेतों की बजाय कंपनी के फंडामेंटल्स और फाइनेंशियल्स अधिक अहम हैं। इसके शेयरों का अलॉटमेंट 13 जून को फाइनल होगा और एनएसई-बीएसई पर 16 जून को लिस्टिंग है।
IKIO Lighting IPO को मिला शानदार रिस्पांस
आईकियो का 607 करोड़ रुपये का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 6 से 8 जून तक खुला था। इस आईपीओ के लिए 270-285 रुपये का प्राइस बैंड और 52 शेयरों का लॉट तय किया गया था। यह इश्यू क्वालिफाईड इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (QIB) के दम पर 67.75 गुना सब्सक्राइब हुआ। QIB का हिस्सा 163.06 गुना सब्सक्राइब हुआ तो नॉन-इंस्टीट्यूशनल (NII) का हिस्सा 65.38 गुना और खुदरा निवेशकों का 14.31 गुना सब्सक्राइब हुआ।
इस इश्यू के तहत 350 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी होंगे और 90 लाख शेयरों की ऑफर फॉर सेल के जरिए जारी होंगे। नए शेयरों को जारी कर जुटाए गए पैसों में से 50 करोड़ रुपये से कर्ज चुकाया जाएगा और 212.31 करोड़ रुपये इसके पूर्ण मालिकाना हक वाली आईकियो सॉल्यूशन्स में निवेश किया जाएगा ताकि यह नोएडा में एक नया प्लांट बना सके। वहीं आम कॉरपोरेट उद्देश्यों में भी इन पैसों का इस्तेमाल होगा। इश्यू के लिए रजिस्ट्रार केफिन टेक है।
IKIO Lighting के बारे में डिटेल्स
यह कंपनी एलईडी से जुड़े प्रोडक्ट्स को डिजाइन कर उन्हें तैयार करती है और फिर बेचती है जिसके बाद ग्राहक इसे अपने ब्रांड नाम के तहत आगे बेचते हैं। इसके चार प्लांट हैं जिसमें से एक उत्तराखंड के सिडकुल हरिद्वार औद्योगिक पार्क में और तीन उत्तर प्रदेश के नोएडा में स्थित हैं। अब कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो इसका शुद्ध मुनाफा लगातार बढ़ा है। वित्त वर्ष 2020 में इसे 21.41 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट हुआ जो बढ़कर वित्त वर्ष 2021 में 28.81 करोड़ रुपये और फिर वित्त वर्ष 2022 में 50.52 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। पिछले वित्त वर्ष 2023 की बात करें तो अप्रैल-दिसंबर 2022 में इसे 51.35 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ।