Indo Farm Equipment IPO : चंडीगढ़ स्थित इंडो फार्म इक्विपमेंट अपना आईपीओ लाने जा रही है। कंपनी ने इसके लिए मार्केट रेगुलेटर सेबी (SEBI) के पास ड्राफ्ट पेपर दाखिल कर दिया है। यह आईपीओ कुल 1.4 करोड़ इक्विटी शेयरों का होगा। 28 सितंबर को सेबी के पास दाखिल कागजात के अनुसार आईपीओ के तहत 1.05 करोड़ फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, प्रमोटर रणबीर सिंह खडवाली द्वारा 35 लाख शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत की जाएगी। यह ऑफर पूरी तरह से डाइल्यूटेड पोस्ट ऑफर पेड-अप इक्विटी शेयर कैपिटल का 29.14 फीसदी होगा।
ट्रैक्टर और पिक एंड कैरी क्रेन मैन्युफैक्चरिंग कंपनी 19 लाख इक्विटी शेयरों के प्री-आईपीओ प्लेसमेंट पर विचार कर सकती है। अगर ऐसा प्लेसमेंट किया जाता है, तो नए इश्यू का आकार कम हो जाएगा। आर्यमान फाइनेंशियल सर्विसेज इस इश्यू का बुक रनिंग लीड मैनेजर है, जबकि एमएएस सर्विसेज ऑफर के लिए रजिस्ट्रार है।
इश्यू साइज की सटीक जानकारी अभी सामने नहीं आई है लेकिन इश्यू से होने वाले फंड में से 175.6 करोड़ पिक एंड कैरी क्रेन मैन्युफैक्चरिंग कैपिसिटी के विस्तार के लिए एक नई डेडिकेटेड यूनिट स्थापित करने के लिए इंडो फार्म इक्विपमेंट द्वारा खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा, कर्ज के भुगतान के लिए और NBFC सब्सडियरी कंपनी (Barota Finance) में निवेश के लिए भी फंड का इस्तेमाल होगा।
इंडो फार्म इक्विपमेंट की बद्दी, हिमाचल प्रदेश में एक फैसिलिटी है। पिछले तीन वित्तीय वर्षों में इसकी कुल बिक्री में 90 फीसदी घरेलू बिक्री और 10 फीसदी निर्यात बिक्री शामिल है। पिछले वित्तीय वर्षों में इसका प्रदर्शन बेहतर रहा। कंपनी का मुनाफा FY22 में 137.2 करोड़ रुपये से तेजी से बढ़कर मार्च FY23 में 155.64 करोड़ रुपये हो गया। इसके अलावा, ऑपरेशन से राजस्व समान अवधि में 352.08 करोड़ रुपये से बढ़कर 370.76 करोड़ रुपये हो गया।