Interarch Building Products IPO: इंटरआर्क बिल्डिंग प्रोडक्ट्स के आईपीओ को निवेशकों की मजबूत प्रतिक्रिया मिली और यह अंतिम दिन तक 93.53 गुना सब्सक्राइब हो गया। इसके सफल निवेशकों को शेयरों का अलॉटमेंट भी कर दिया गया है। सब्सक्रिप्शन के बाद अब निवेशकों को लिस्टिंग का इंतजार है। कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग कल यानी 26 अगस्त 2024 को NSE और BSE पर होगी। एक्सपर्ट्स का मानना है कि कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 30-40 फीसदी प्रीमियम पर हो सकती है। ग्रे मार्केट से इस आईपीओ को पॉजिटिव संकेत मिल रहे हैं, हालांकि इसके GMP में कुछ गिरावट देखने को मिली है। यह इश्यू 19 अगस्त से 21 अगस्त तक सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था।
Interarch Building Products की लिस्टिंग पर एक्सपर्ट्स की राय
पेस 360 के को-फाउंडर और मुख्य वैश्विक रणनीतिकार अमित गोयल ने कहा, "FY24 की अर्निंग के आधार पर यह इश्यू पूरी तरह से उचित कीमत पर है। हमें उम्मीद है कि यह लगभग 1260-1280 रुपये प्रति शेयर पर लिस्ट होगा, जिसके चलते लगभग 40 फीसदी का लिस्टिंग गेन होगा।"
मेहता इक्विटीज के सीनियर VP रिसर्च प्रशांत तापसे ने कहा, "900 रुपये के अपर प्राइस मूल्य बैंड के वैल्यूशन पर इस इश्यू की कीमत इसके वित्तीय प्रदर्शन और मार्केट पोजिशन को देखते हुए उचित थी। हमारा मानना है कि बाजार इंटरआर्क को इसके लीडरशिप के लिए प्रीमियम मल्टीपल दे सकता है।" स्टॉक्सबॉक्स की रिसर्च एनालिस्ट आकृति मेहरोत्रा ने कहा कि पार्टिसिपेंट्स को मीडियम से लॉन्ग टर्म के लिए शेयर को होल्ड करना चाहिए।
Interarch Building Products IPO: ग्रे मार्केट का क्या है अपडेट
इंटरआर्क बिल्डिंग प्रोडक्ट्स का GMP पॉजिटिव तो है लेकिन इसमें कुछ गिरावट देखने को मिली है। लिस्टिंग से पहले आज 25 अगस्त को यह इश्यू अनलिस्टेड मार्केट में 325 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है। इस हिसाब से कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 1225 रुपये के भाव पर होने की संभावना है। अगर ऐसा होता है तो निवेशकों को 36.11 फीसदी का अच्छा-खासा मुनाफा होगा। बता दें कि एक समय पर यह आईपीओ 365 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा था। हालांकि, बाद में इसमें गिरावट देखी गई और अब यह घटकर 325 रुपये पर आ गया है।
Interarch Building Products IPO के बारे में
इंटरआर्क बिल्डिंग प्रोडक्ट्स का आईपीओ अंतिम दिन तक 93.53 गुना सब्सक्राइब हो गया। इसे कुल 43.88 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां मिली, जबकि ऑफर पर 46.91 लाख शेयर थे। इश्यू के लिए 850-900 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है। कंपनी का इरादा आईपीओ के जरिए 600 करोड़ रुपये जुटाने का है। इंटरआर्क बिल्डिंग प्रोडक्ट्स ने अपने पब्लिक इश्यू से पहले एंकर इनवेस्टर्स से 179.49 करोड़ रुपये जुटाए हैं। IPO में 200 करोड़ रुपये के 22 लाख नए शेयर जारी किए गए। साथ ही मौजूदा प्रमोटर्स और शेयरहोल्डर्स की ओर से 44.48 लाख शेयरों तक का ऑफर फॉर सेल (OFS) है।
Interarch Building Products की वित्तीय स्थिति
कंपनी प्री-इंजीनियर्ड स्टील बिल्डिंग्स के इंस्टॉलेशन और इरेक्शन के लिए डिजाइन, इंजीनियरिंग, मैन्युफैक्चरिंग और ऑन साइट प्रोजेक्ट मैनेजमेंट के लिए इंटीग्रेटेड फैसिलिटीज की पेशकश करती है। वित्त वर्ष 2023 में इंटरआर्क बिल्डिंग प्रोडक्ट्स ने ऑपरेशंस से रेवेन्यू में 34.6% की वृद्धि दर्ज की और यह 1,123.93 करोड़ रुपये रहा। इससे पहले के वर्ष में कंपनी ने 834.94 करोड़ रुपये का रेवेन्यू कमाया था। वित्त वर्ष 2023 में इंटरआर्क बिल्डिंग प्रोडक्ट्स का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 375.54% बढ़कर 81.46 करोड़ रुपये हो गया। वित्त वर्ष 2022 में यह 17.13 करोड़ रुपये था।