LIC के सपोर्ट के बावजूद IPO मार्केट में 32% घटी फंड रेजिंग, FY23 की पहली छमाही में 14 कंपनियों ने जुटाए 35,456 करोड़

अप्रैल-सितंबर, 2022 के दौरान 14 कंपनियों ने IPO के जरिये 35,456 करोड़ रुपये जुटाए, जो एक साल पहले की समान अवधि की तुलना में 32 फीसदी कम है। वहीं, एक साल पहले की समान अवधि में कुल 25 आईपीओ से 51,979 करोड़ रुपये जुटाए गए थे

अपडेटेड Sep 29, 2022 पर 5:18 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
LIC के IPO ने पहली छमाही में आईपीओ मार्केट को काफी हद तक संभाल लिया, जिसने अकेले ही 20,557 करोड़ रुपये जुटाए थे

IPO Share sale : चालू वित्त वर्ष यानी 2022-23 की पहली छमाही में आईपीओ मार्केट का जोश खासा ठंडा रहा। अप्रैल-सितंबर, 2022 के दौरान 14 कंपनियों ने IPO के जरिये 35,456 करोड़ रुपये जुटाए, जो एक साल पहले की समान अवधि की तुलना में 32 फीसदी कम है।

प्राइम डेटाबेस की एक रिपोर्ट से यह बात सामने आई है। इस दौरान कुल 14 कंपनियां अपना IPO लेकर आईं, जिनके जरिये 35,456 करोड़ रुपये की राशि जुटाई गई। वहीं, एक साल पहले की समान अवधि में कुल 25 आईपीओ के माध्यम से 51,979 करोड़ रुपये जुटाए गए थे।

दूसरी छमाही में ज्यादा आएंगे आईपीओ


इस सुस्ती के बावजूद चालू वित्त वर्ष की दूसरी छमाही में आईपीओ गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है। रिपोर्ट के मुताबिक, मार्केट रेगुलेटर सेबी से 71 आईपीओ प्रस्तावों को मंजूरी मिल चुकी है जिनके जरिये 1,05,000 करोड़ रुपये जुटाने की योजना है। इनके अलावा 70,000 करोड़ रुपये मूल्य के 43 अन्य प्रस्ताव अभी Sebi के पास विचाराधीन हैं।

पिछले साल इन 55 छोटी कंपनियों के आए IPO, बाजार में कमजोरी के बावजूद 33 ने दिया तगड़ा रिटर्न

इस तरह कुल 114 IPO लाने की तैयारियां चल रही हैं, जिनमें से 10 निर्गम न्यू एज टेक्नोलॉजी कंपनियों (new age tech companies) के हैं। इन टेक्नोलॉजी कंपनियों ने करीब 35,000 करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य रखा हुआ है।

एलआईसी ने दिया प्राइमरी मार्केट को दिया सहारा

हालांकि, प्राइम डेटाबेस की रिपोर्ट कहती है कि पहली छमाही में आईपीओ बाजार और भी सुस्त नजर आ सकता था। हालांकि, इसे भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) के IPO ने संभाल लिया, जिसने अकेले ही 20,557 करोड़ रुपये जुटाए थे। देश में अब तक के सबसे बड़े एलआईसी के आईपीओ की अप्रैल-सितंबर 2022 की छमाही में आईपीओ से जुटाई गई कुल राशि में हिस्सेदारी 58 फीसदी रही।

IPO में कमाई के इस सप्ताह मिलेंगे खूब मौके! 13 SME IPO का होने जा रहा आगाज, जानिए डिटेल

पब्लिक इक्विटी से जुटाए कुल 41,919 करोड़ रुपये

प्राइम डेटाबेस समूह के प्रबंध निदेशक प्रणव हल्दिया ने एक नोट में कहा कि पहली छमाही में पब्लिक इक्विटी से जुटाई गई कुल राशि सिर्फ 41,919 करोड़ रुपये रही है जो एक साल पहले की समान अवधि के 92,191 करोड़ रुपये की तुलना में 55 प्रतिशत कम है।

इन आईपीओ को मिली अच्छी प्रतिक्रिया

अप्रैल-सितंबर 2022 के दौरान एलआईसी के अलावा डेल्हीवरी और रेनबो चिल्ड्रंस के आईपीओ को भी निवेशकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिली। डेल्हीवरी के निर्गम से 5,235 करोड़ रुपये और रेनबो चिल्ड्रंस के निर्गम से 1,581 करोड़ रुपये जुटाए गए थे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।