IPO: आने वाला यह सप्ताह शेयर बाजार के निवेशकों के लिए बेहद खास होने वाला है। अगले हफ्ते एक के बाद एक कई IPO खुलने की कतार में शामिल हैं। इनमें नॉन-यूरिया खाद बनाने वाली कंपनी पारादीप फॉस्फेट्स (Paradeep Phosphates), लग्जरी घड़ी बेचने वाली दिग्गज कंपनी एथोस (Ethos) और देश की सबसे बड़ी लाइसेंस वाली सर्टिफाइंग अथॉरिटी (CA) ईमुद्रा (eMudhra) के आईपीओ शामिल हैं। तीन कंपनियां 2387 करोड़ रुपये के IPO ला रही हैं। इस हफ्ते 5939 करोड़ रुपये के तीन IPO खुले थे। कुल मिलाकर शेयर बाजार के निवेशकों को निवेश करने का मौका बना हुआ है।
BSE की वेबसाइट के मुताबिक, पारादीप फॉस्फेट्स IPO निवेश के लिए 17 मई 2022 को खुलेगा, जबकि एथोस 18 मई को और ईमुद्रा IPO 20 मई को खुलेगा। इन तीन आईपीओ से करीब 2387 करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य है। इसमें पारादीप फॉस्फेट IPO का साइज 1501 करोड़ रुपये का है। एथोस IPO का साइज 472 करोड़ रुपये का है और ईमुद्रा IPO का लक्ष्य करीब 412 करोड़ रुपये जुटाने का है।
पारादीप फॉस्फेट IPO (Paradeep Phosphates IPO)
यह इश्यू 1,501.73 करोड़ रुपये का है। यह निवेश के लिए 17 मई 2022 को खुलेगा और यह 19 मई 2022 तक बोली लगाने के लिए खुला रहेगा। नॉन-यूरिया खाद बनाने वाली कंपनी पारादीप फॉस्फेट्स का IPO का प्राइस बैंड 39 रुपये से 42 रुपये प्रति इक्विटी तय किया गया है। इस आईपीओ में एक निवेशक कम से कम एक लॉट के लिए अप्लाई कर सकेगा। पारादीप फॉस्फेट्स आईपीओ के एक लॉट में 350 कंपनी के शेयर शामिल होंगे। कंपनी के शेयर NSE और BSE दोनों पर लिस्ट होंगे। शेयरों का अलॉटमेंट 24 मई को हो सकता है और लिस्टिंग 27 मई को हो सकती है।
यह पब्लिक इश्यू 18 मई 2022 को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा और यह 20 मई 2022 तक सब्सक्रिप्शन के लिए खुला रहेगा। लग्जरी घड़ी बेचने वाली दिग्गज कंपनी एथोस (Ethos) का 472.79 करोड़ रुपये के इस पब्लिक इश्यू का प्राइस बैंड 836 रुपये से 878 रुपये प्रति इक्विटी शेयर तय किया गया है। एथोस आईपीओ के एक लॉट में कंपनी के 17 शेयर शामिल होंगे। यह NSE और BSE दोनों पर लिस्ट होगा। एथोस IPO का अलॉटमेंट 25 मई 2022 को फाइनल हो सकता है, जबकि लिस्टिंग 30 मई 2022 को हो सकती है।
ईमुद्रा आईपीओ (eMudhra IPO)
यह पब्लिक इश्यू सब्सक्रिप्शन के लिए 20 मई 2022 को खुलेगा और यह 24 मई 2022 तक बंद हो सकता है। 412 करोड़ के पब्लिक इश्यू का प्राइस बैंड 243 रुपये से 256 रुपये प्रति इक्विटी शेयर तय किया गया है। इस आईपीओ में एक निवेशक एक लॉट के लिए अप्लाई कर सकेगा। ईमुद्रा IPO के एक लॉट में 58 कंपनी शेयर शामिल होंगे। कंपनी के शेयर NSE और BSE दोनों पर लिस्ट होंगे। एथोस IPO का अलॉटमेंट 27 मई 2022 को फाइनल होने की संभावना है। जबकि इसकी लिस्टिंग 1 जून 2022 को हो सकती है।