नए साल के लिए 7 टिप्स: IPO से ऐसे अधिकतम कर सकते हैं अपना मुनाफा

IPO Tips: पिछले एक दशक में सबसे ज्यादा आईपीओ 2023 में लॉन्च हुए। कुल 57 कंपनियां बीते साल शेयर बाजार में लिस्ट हुईं। IPO मार्केट की यह तेजी 2024 में भी थमती हुई नहीं दिखाई दे रही है। अभी ही कम से कम 60,000 करोड़ रुपये के आईपीओ, लिस्ट होने के लिए तैयार दिख रहे हैं। अगर आप भी इस IPO की लहर में सवारी करना चाहते हैं, तो हम आपको यहां 7 टिप्स बता रहे हैं, जिससे आप IPO में भाग लेकर अपना मुनाफा मैक्सिम कर सकते हैं

अपडेटेड Jan 01, 2024 पर 9:09 PM
25 दिसंबर को क्रिसमस की छुट्टी रहने के चलते नए सप्ताह में कारोबारी सेशन 26 दिसंबर से शुरू होगा।

IPO Tips: शेयर बाजार के निवेशकों के लिए साल 2023 शानदार रहा। पिछले एक दशक में सबसे ज्यादा आईपीओ यानी इनीशियल पब्लिक ऑफर 2023 में लॉन्च हुए। कुल 57 कंपनियां बीते साल शेयर बाजार में लिस्ट हुईं और इन्होंने कुल 49,000 करोड़ रुपये जुटाए। इसमें SME IPO शामिल नहीं है। अगर इनको जोड़ेंगे तो यह लिस्ट काफी बड़ी हो जाएगी। IPO मार्केट की यह तेजी 2024 में भी थमती हुई नहीं दिखाई दे रही है। अभी ही कम से कम 60,000 करोड़ रुपये के आईपीओ, 2024 में लिस्ट होने के लिए तैयार दिख रहे हैं। अगर आप भी इस IPO की लहर में सवारी करना चाहते हैं, तो हम आपको यहां 7 टिप्स बता रहे हैं, जिससे आप IPO में भाग लेकर अपना मुनाफा मैक्सिम कर सकते हैं।

1. लिस्टिंग गेन के लिए आए निवेशकों को तुरंत करना चाहिए एग्जिट

आप अपना उद्देश्य साफ रखें कि आप आईपीओ में क्यों भाग ले रहे हैं। लिस्टिंग गेन के लिए या फिर लंबी अवधि के लिए। लिस्टिंग गेन से जल्दी पैसा कमाने की कोशिश करना कोई बुरा आइडिया नहीं है। लेकिन सभी आईपीओ इस रणनीति पर फिट नहीं होते हैं। यह रणनीति तब काम करती है जब बाजार में तेजी जारी है और कंपनी को लेकर भी सेंटीमेंट पॉजिटव है। अगर आपने लिस्टिंग गेन के लिए निवेश किया है, तो तुरंत निकलना बेहतर है। अगर स्टॉक अच्छा है तो पहले दिन लाभ वसूलने के बाद में भी उसके वैल्यूएशन का मूल्यांकन करने के बाद दोबारा एंट्री कर सकते हैं।

2. सिर्फ ग्रे मार्केट प्रीमियम ही नहीं, बल्कि IPO डॉक्यूमेंट भी देखें


अगर आप किसी आईपीओ के लिए आवेदन कर रहे हैं, भले ही लिस्टिंग गेन के लिए, तो भी आपको कंपनी के बेसिक जानकारी जाननी चाहिए। इसके लिए IPO डॉक्यूमेंट को देख सकते हैं। कंपनी की वित्तीय सेहत कैसी है, इसके कॉम्पिटीटर्स कौन हैं, वैल्यूएशन कितना है और इसके निवेशकों में कौन-कौन शामिल हैं, ये सब आप देख सकते हैं। आपको कंपनी का बिजनेस मॉडल पता होना चाहिए।

यह सब जरूरी इसलिए है क्योंकि आमतौर पर IPO को लेकर कोई ठोस रिसर्च मौजूद नहीं होता है। इसलिए यह सब निवेशकों को खुद करना होता है। इसके साथ ग्रे मार्केट पर नजर रखना भी सही है। लेकिन यह IPO पर राय बनाने के लिए भरोसेमेंद तरीका नहीं है। ग्रे मार्केट में कुछ आधिकारिक नहीं होता है और यह कभी भी बदल सकता है।

यह भी पढ़ें- नए साल के पहले दिन 7% तक चढ़ गए Adani Group कंपनियों के शेयर, Ambuja Cements ने देखा 1 साल का नया हाई

3. बड़े साइज के IPO पर फोकस करें

अगर आप लिस्टिंग गेन के लिए निवेश कर रहे हैं, तो बड़े साइज के आईपीओ पर फोकस कर रहे हैं। SW India के डायरेक्ट मनीष खन्ना ने बताया कि 500 करोड़ रुपये से अधिक के आईपीओ साइज को ठीक कहा जा सकता है। आमतौर पर बड़े साइज के आईपीओ में पागलपन भरी बोली, 200-500 गुना आदि, नहीं देखने को मिलता है। इसलिए अलॉटमेंट मिलने की संभावना अधिक रहती है। याद रखने वाली दूसरी बात यह है कि रिटेल निवेशकों के लिए IPO आवंटन लॉटरी के आधार पर होता है। ऐसी स्थिति में आवंटन का चॉन्स बढ़ाने के लिए सबसे बेहतर तरीका यह होगा कि आप बोली में अपने पूरे परिवार को शामिस करें। एक से अधिक आवेदन पर आईपीओ मिलने का चॉन्स बढ़ जाता है।

4. आखिरी दिन तक इंतजार करें

किसी भी चीज में समय देना जरूरी है। आमतौर पर आईपीओ 3 दिन के लिए खुले होते हैं। इनमें निवेश को लेकर आप तभी बेहतर फैसला कर सकेंगे, जब आपके पास अधिक से अधिक जानकारी और इनसाइट्स होगी। इसलिए जितना संभव हो उतना समय देना चाहिए। पहले-दो दिन रुककर आपको आईपीओ की मांग पर नजर रखना चाहिए। जब सबकुछ ठीक लगे तो आखिरी दिन सुबह के समय अपना आवेदन दें।

आप जितना अधिक समय देंगे, आपके मार्केट सेंटीमेंट को उतना अच्छा समझ सकेंगे और सोच-समझकर फैसला कर सकेंगे। लेकिन यह ध्यान रखिएगा कि आवेदन को आखिरी दिन इश्यू बंद होने के समय तक नहीं खींचा जाएगा। जबसे आईपीओ की लिस्टिंग की समयसीमा घटी है, उसके बाद से कुछ ब्रोकर शाम 5 बजे से पहले ही आईपीओ आवेदन स्वीकार करना बंद कर सकते हैं।

यह भी पढ़ें- Share Market: नए साल पर शेयर बाजार ने भरी निवेशकों की झोली, ₹1.22 लाख करोड़ बढ़ी संपत्ति

5. क्वालिटी और प्राइस दोनों देखें

अधिकांश एक्सपर्ट्स आपको सिर्फ मजबूत फंडामेंटल्स वाली उन कंपनियों में बोली लगाने के लिए कहेंगे, जिनका वैल्यूएशन आकर्षक हो। यह निवेश की सही स्थिति है, लेकिन बाजार अक्सर निवेश का इतना आसान ऑफर देता नहीं है। सभी के अपने लालच है। कंपनी के प्रमोटर, शेयरधारक, प्राइवेट इक्विटी फर्म, सभी अपने निवेश पर अधिकतम मुनाफा बनाने की कोशिश करते हैं। इसलिए आपको रणनीति बनाकर दांव लगाना चाहिए। यदि कंपनी अच्छी है तो आप मूल्यांकन पर कुछ हद तक समझौता कर सकते हैं। लेकिन उन IPO से बचें जिनकी कीमत, वास्तविकता के साथ बिल्कुल मेल नहीं खाती है। ऐसे आईपीओ अक्सर निवेशकों को निराश करते हैं।

6.लीवरेज का इस्तेमाल करें

आप IPO अलॉटमेंट का चांस बढ़ाने के लिए लीवरेज का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। लीवरेज का मतलब है कि आप पैसे बॉरो कर सकते हैं। इससे आप अधिक लॉट साइज करने के लिए आवेदन कर सकेंगे। हालांकि जरूरत से ज्यादा लीवरेज न लें। इसमें लीवरेज की लागत काफी कम होगी क्योंकि आपको केवल पांच दिनों के लिए इसका लाभ उठाने की जरूरत है।

लीवरेज की लागत कम रहने से कई बार अधिक लीवरेज लेने का लालच आता है, लेकिन याद रखें अधिक लीवरेज आपके IPO पर मिलने वाले रिटर्न को कम कर सकती है। इसके अलावा अगर आपका इश्यू घाटे में लिस्ट हुआ, तो फिर आपका नुकसान बढ़ सकता है।

7.कोई एक डिश नहीं, बल्कि पूरा बुफे खाइए

किसी एक स्टॉक या सेक्टर पर ही ज्यादा फोकस न करें। अगर आप बस लिस्टिंग गेन के उद्देश्य से जा रहे हैं, तो फिर घाटा होने पर उस शेयर को रोककर न रखें। जैसे बुफे में आपकी थाली में बहुत सारी डिश होती हैं, उसी तरफ अपने निवेश को बहुत सारे स्टॉक्स में डायवर्सिफाई करने की रणनीति अपनाएं। इससे आप कम जोखिम के साथ ज्यादा मौका का लाभ उठा पाएंगे।

Pace 360 के अमित गोयल ने सलाह दिया है कि अपने IPO ट्रेड को अलग-अलग कंपनियों और सेक्टर में फैलाएं और जोखिम को कम करें। यह याद रखें कि बड़ा से बड़ा आईपीओ भी फेल हो सकता है। ऐसे में पोर्टफोलियो को सुरक्षित रखने के लिए डायवर्सिफिकेशन ही उपाय है। एक आईपीओ से दूसरे पर बढ़ते रहे हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।