Ixigo IPO: दूसरे दिन भी निवेशकों ने जमकर लगाया दांव, 9.33 गुना भरा इश्यू

Ixigo IPO: इसे कुल 40.83 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां मिल गई है, जबकि ऑफर पर 4.37 करोड़ शेयर हैं। निवेशकों के पास इस आईपीओ में 12 जून तक निवेश का मौका रहेगा। आईपीओ के लिए 88-93 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है

अपडेटेड Jun 11, 2024 पर 7:11 PM
ऑनलाइन ट्रैवल बुकिंग फर्म Ixigo के आईपीओ को आज 11 जून को भी निवेशकों का शानदार रिस्पॉन्स मिला है।

ऑनलाइन ट्रैवल बुकिंग फर्म Ixigo की पेरेंट कंपनी ली ट्रैवेन्यूज टेक्नोलॉजी के आईपीओ को आज 11 जून को भी निवेशकों का शानदार रिस्पॉन्स मिला है। सब्सक्रिप्शन के दूसरे दिन तक यह इश्यू 9.33 गुना सब्सक्राइब हो गया है। इसे कुल 40.83 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां मिल गई है, जबकि ऑफर पर 4.37 करोड़ शेयर हैं। निवेशकों के पास इस आईपीओ में 12 जून तक निवेश का मौका रहेगा। आईपीओ के लिए 88-93 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है। कंपनी का इरादा इश्यू के जरिए 740.10 करोड़ रुपये जुटाने का है।

ixigo IPO: सब्सक्रिप्शन से जुड़ी डिटेल

क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) - 0.79 गुना

नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) - 20.14 गुना


रिटेल इंडिविजुअल इनवेस्टर्स - 18.73 गुना

टोटल - 9.33 गुना

(10 Jun 2024 | 05:00:00 PM)

ixigo IPO से जुड़ी डिटेल

IPO में 120 करोड़ रुपये के 1.29 करोड़ नए शेयर जारी किए गए हैं और 620.10 करोड़ रुपये के 6.67 करोड़ शेयरों का ऑफर फॉर सेल (OFS) है। Ixigo के जो शेयरधारक OFS के जरिए अपने शेयर बेचेंगे, उनमें सैफ पार्टनर्स इंडिया IV, पीक XV पार्टनर्स इनवेस्टमेंट V, आलोक बाजपेयी, रजनीश कुमार, माइक्रोमैक्स इनफॉर्मेटिक्स, प्लासिड होल्डिंग्स, कैटालिस्ट ट्रस्टीशिप और मैडिसन इंडिया कैपिटल HC शामिल हैं। सैफ पार्टनर्स और पीक XV के पास कंपनी की क्रमशः 23.37 प्रतिशत और 15.66 प्रतिशत हिस्सेदारी है और ये दोनों कंपनी के सबसे बड़े शेयरधारक हैं।

ixigo का IPO क्लोज होने के बाद शेयरों की लिस्टिंग BSE और NSE पर 18 जून को हो सकती है। IPO के लिए प्राइस बैंड ₹88 से ₹93 रुपये प्रति शेयर और लॉट साइज 161 शेयर है। Axis Capital Limited, Dam Capital Advisors Ltd और Jm Financial Limited बुक रनिंग लीड मैनेजर हैं, जबकि Link Intime India Private Ltd रजिस्ट्रार है। आईपीओ में 75 प्रतिशत हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए, 10 प्रतिशत हिस्सा रिटेल इनवेस्टर्स के लिए और 15 प्रतिशत हिस्सा नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व है। कंपनी को 2007 में लॉन्च किया गया।

ixigo के बारे में

इक्सिगो एक टेक्नोलॉजी आधारित ट्रैवल कंपनी है, जो रेल, हवाई, बसों और होटलों की बुकिंग करने और ट्रैवल प्लान बनाने पर फोकस करती है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2023 में 23.4 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया था, जबकि इसके पिछले साल कंपनी 21.09 करोड़ रुपये के घाटे में रही थी। कंपनी का ऑपरेटिंग प्रॉफिट वित्त वर्ष 2023 में 32 प्रतिशत बढ़कर 501.3 करोड़ रुपये रहा था।

वहीं वित्त वर्ष 2024 के पहले 9 महीनों में इक्सिगो का शुद्ध मुनाफा 252.1 प्रतिशत बढ़कर 65.7 करोड़ रुपये रहा, जो इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में 18.7 करोड़ रुपये था। वहीं कंपनी का रेवेन्यू वित्त वर्ष 2024 के पहले 9 महीनों में 34.8 प्रतिशत बढ़कर 491 करोड़ रुपये रहा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।