Get App

Jio Platforms IPO: अलॉटमेंट में मिल गए शेयर, अब लिस्टिंग पर कितना हो सकता है फायदा? ग्रे मार्केट से ये है संकेत

Jio Platforms IPO: फाइनल इश्यू प्राइस 1,119 रुपये प्रति शेयर तय हो चुका है। जियो प्लेटफॉर्म्स का IPO साइज के मामले में देश का अब तक का सबसे बड़ा पब्लिक इश्यू है। इससे पहले भारत में सबसे बड़ा पब्लिक इश्यू Hyundai Motor India का था

Curated By: Ritika Singhअपडेटेड Oct 27, 2026 पर 12:16 PM
Jio Platforms IPO: अलॉटमेंट में मिल गए शेयर, अब लिस्टिंग पर कितना हो सकता है फायदा? ग्रे मार्केट से ये है संकेत
Jio Platforms IPO को कुल 22.19 गुना सब्सक्रिप्शन मिला।

जियो प्लेटफॉर्म्स के IPO का अलॉटमेंट फाइनल हो चुका है। अलॉटमेंट डेट 26 अक्टूबर थी। जिन लोगों को शेयर अलॉट हुए हैं, अब उन्हें 28 अक्टूबर को कंपनी की शेयर बाजार में लिस्टिंग का इंतजार है। कंपनी का 30,213 करोड़ रुपये का IPO 22.19 गुना सब्सक्रिप्शन के साथ बंद हुआ था। क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 70.55 गुना, नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 14 गुना, रिटेल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 2.72 गुना, एंप्लॉयीज के लिए रिजर्व हिस्सा 2.93 गुना और शेयरहोल्डर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 7.60 गुना भरा।

फाइनल इश्यू प्राइस 1,119 रुपये प्रति शेयर तय हो चुका है। investorgain.com के मुताबिक, ग्रे मार्केट में जियो प्लेटफॉर्म्स का शेयर 22.43 प्रतिशत या 251 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है। इस हिसाब से शेयर की लिस्टिंग अनुमानित 1370 रुपये (1119+251) पर हो सकती है। ग्रे मार्केट एक अनऑथराइज्ड मार्केट है, जहां​ किसी कंपनी के शेयर उसकी लिस्टिंग तक ट्रेड करते हैं। इसके संकेत कंपनी की लिस्टिंग के दिन सच ही होंगे, ऐसा जरूरी नहीं है। Jio Platforms की लिस्टिंग NSE और BSE पर होने वाली है।

इस प्रीमियम पर कितना हो सकता है मुनाफा

Jio Platforms IPO में लॉट साइज 12 शेयर का था। एक लॉट की कीमत प्राइस बैंड के ऊपरी स्तर 1,119 रुपये प्रति शेयर के आधार पर 13428 रुपये थी। अगर किसी को एक लॉट अलॉट हुआ है तो इसका मतलब है कि 12 शेयर मिले हैं। ग्रे मार्केट के हिसाब से हर शेयर पर 251 रुपये का फायदा मतलब कि 12 शेयरों यानि कि एक लॉट पर 3012 रुपये का फायदा। इस हिसाब से 12 शेयरों के लिए लगाए गए 13428 रुपये लिस्टिंग पर बढ़कर 16440 रुपये (13428+3012) हो सकते हैं।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें