Jio Platforms IPO: क्या आप तैयार हैं? आ रहा है ₹37000 करोड़ का देश का अब तक सबसे बड़ा आईपीओ

Jio Platforms IPO: रिलायंस जियो इंफोकॉम देश की सबसे बड़ी कंपनी Reliance Industries की डिजिटल इकाई है। Jio Platforms की सब्सिडियरी Reliance Jio Infocomm आज देश की सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी है। इसके 50 करोड़ से ज्यादा मोबाइल फोन के सब्सक्राइबर्स हैं

अपडेटेड Aug 29, 2026 पर 10:57 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Reliance Jio Infocomm दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी मोबाइल सर्विसेज कंपनी है। चीन की China Mobile पहले पायदान पर है।

Jio Platforms IPO: देश के अब तक के सबसे बड़े आईपीओ के लिए रास्ता साफ हो गया है। 37,000 करोड़ रुपये के इस मेगा आईपीओ के लिए आपको तैयार रहने की जरूरत है। सेबी से मंजूरी मिलने के बाद अब ह्यूंडई मोटर इंडिया के सबसे बड़े आईपीओ का रिकॉर्ड टूटने जा रहा है। ह्यूंडई मोटर इंडिया का आईपीओ पिछले साल आया था। यह आईपीओ 27,870 करोड़ रुपये का था।

जियो प्लेटफॉर्म्स आईपीओ में सिर्फ नए शेयर इश्यू करेगी

Jio Platforms देश की सबसे बड़ी कंपनी Reliance Industries की डिजिटल इकाई है। Jio Platforms की सब्सिडियरी Reliance Jio Infocomm आज देश की सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी है। इसके 50 करोड़ से ज्यादा मोबाइल फोन के सब्सक्राइबर्स हैं। जियो प्लेटफॉर्म्स के आईपीओ में कंपनी इनवेस्टर्स को सिर्फ नए शेयर इश्यू करेगी। इसका मतलब है कि इस इश्यू में कोई ऑफर फॉर सेल शामिल नहीं होगा।


रिलायंस इडस्ट्रीज की जियो प्लेटफॉर्म्स में 66 फीसदी हिस्सेदारी

SEBI से मंजूरी मिलने के बाद कंपनी अब आईपीओ में शेयर का प्राइस-बैंड तय करेगी। इनवेस्टर्स के लिए यह समझना जरूरी है कि Jio Platforms रिलायंस इंडस्ट्रीज के टेलीकॉम और डिजिटेल बिजनेसेज की होल्डिंग कंपनी है। रिलायंस इंडस्ट्रीज की Jio Platforms में 66.43 फीसदी हिस्सेदारी है। इस कंपनी में दुनिया की दिग्गज टेक्नोलॉजी कंपनियों की भी ब़ड़ी हिस्सेदारी है। इनमें Meta Platforms और Google शामिल हैं, जिनकी हिस्सेदारी क्रमश: 9.98 फीसदी और 7.73 फीसदी शामिल हैं।

हाल में शेयर बाजार में लिस्ट होने वाली यह RIL की दूसरी कंपनी होगी

शेयर बाजार में हाल में लिस्ट होने वाली रिलायंस इडस्ट्रीज की यह दूसरी कंपनी होगी। इससे पहले RIL ने अपनी फाइनेंशियल बिजनेसेज की सब्सिडियरी Jio Financial Services को लिस्ट कराया था। यह आईपीओ अगस्त 2023 में आया था, जिसे इनवेस्टर्स का स्ट्रॉन्ग रिस्पॉन्स मिला था। कंपनी का शेयर 28 अगस्त को मामूली गिरावट के साथ 238 रुपये पर बंद हुआ। बीते एक साल में यह शेयर 23 फीसदी गिरा है।

रिलायंस जियो दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी मोबाइल सर्विसेज कंपनी

निवेशकों को यह भी ध्यान में रखने की जरूरत है कि Reliance Jio Infocomm दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी मोबाइल सर्विसेज कंपनी है। चीन की China Mobile पहले पायदान पर है। Jio Platforms का आईपीओ ऐसे वक्त आ रहा है, जब प्राइमरी मार्केट में काफी हलचल है। इसके अलावा ओएफएस, बल्क डील, ब्लॉक डील से भी कंपनियां काफी पैसे जुटा रही हैं। उधर, देश के सबसे बड़े स्टॉक एक्सचेंज का IPO भी जल्द आने वाला है। रिटेल इनवेस्टर्स जियो प्लेटफॉर्म्स और एनएसई के आईपीओ का काफी समय से इंतजार कर रहे हैं।

Disclaimer: मनीकंट्रोल, नेटवर्क18 ग्रुप का हिस्सा है। नेटवर्क18 का नियंत्रण इंडिपेंडेट मीडिया ट्रस्ट करता है, जिसकी एकमात्र लाभार्थी रिलायंस इंडस्ट्रीज है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।