Juniper Green Energy IPO: रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर की कंपनी जुनिपर ग्रीन एनर्जी ने अपने पब्लिक इश्यू की मदद से 3,000 करोड़ रुपये जुटाने का प्लान किया है। कंपनी ने इसके लिए कैपिटल मार्केट रेगुलेटर सेबी के पास ड्राफ्ट पेपर जमा कर दिए हैं। ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) के मुताबिक, इस IPO में 3,000 करोड़ रुपये तक के केवल नए इक्विटी शेयर रहेंगे। मौजूदा शेयरहोल्डर्स की ओर से ऑफर फॉर सेल (OFS) नहीं होगा। इसलिए IPO का पूरा पैसा कंपनी के पास जाएगा।
जुनिपर ग्रीन एनर्जी अपने IPO से पहले करीब 600 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है। अगर यह प्री-IPO प्लेसमेंट आता है और कंपनी इतना पैसा जुटा लेती है तो IPO का साइज घट जाएगा। जुनिपर ग्रीन एनर्जी के शेयरों को BSE और NSE पर लिस्ट कराने का प्रस्ताव है।
जुनिपर ग्रीन एनर्जी ने 2018 में अपने ऑपरेशंस शुरू किए थे। कंपनी अपनी इन-हाउस EPC और O&M (ऑपरेशंस एंड मेंटेनेंस) टीम्स के जरिए यूटिलिटी स्केल रिन्यूएबल एनर्जी प्रोजेक्ट्स को डेवलप, बिल्ड, ऑपरेट और उनका रखरखाव करती है। यह केंद्र और राज्य सरकार के निवेश वाली एंटिटीज सहित विभिन्न ऑफ-टेकर्स को बिजली बेचकर रेवेन्यू कमाती है।
IPO के पैसों का कैसे होगा इस्तेमाल
IPO से हासिल होने वाले पैसों में से 1,157.7 करोड़ रुपये का इस्तेमाल मैटेरियल सब्सिडियरीज जुनिपर ग्रीन गामा वन, जुनिपर ग्रीन थ्री, जुनिपर ग्रीन फील्ड और जुनिपर ग्रीन बीम के साथ-साथ अन्य सहायक कंपनियों जुनिपर ग्रीन काइट और जुनिपर ग्रीन में निवेश के लिए किया जाएगा। 1,092.3 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कर्ज चुकाने के लिए और बाकी पैसों का इस्तेमाल सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।
Juniper Green Energy की वित्तीय सेहत
अप्रैल-दिसंबर 2024 अवधि में कंपनी ने ऑपरेशंस से 351.59 करोड़ रुपये का रेवेन्यू कमाया। मुनाफा 7.82 करोड़ रुपये रहा। IPO के लिए ICICI सिक्योरिटीज, HSBC सिक्योरिटीज एंड कैपिटल मार्केट्स (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड, जेएम फाइनेंशियल और कोटक महिंद्रा कैपिटल कंपनी, बुक रनिंग लीड मैनेजर हैं। रजिस्ट्रार, केफिन टेक्नोलोजिज है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।