Jyoti CNC Automation IPO : CNC मशीन बनाने वाली कंपनी लाएगी 1000 करोड़ का आईपीओ, SEBI में दाखिल किए कागजात

Jyoti CNC Automation इस फंड का इस्तेमाल 450 करोड़ रुपये का कर्ज चुकाने और लॉन्ग टर्म वर्किंग कैपिटल रिक्वायरमेंट्स (300 करोड़ रुपये) के लिए करेगी। इसके अलावा, सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए भी इसे खर्च किया जाएगा। कंपनी 200 करोड़ रुपये के प्री-आईपीओ प्लेसमेंट पर विचार कर सकती है

अपडेटेड Sep 03, 2023 पर 2:53 PM
ज्योति सीएनसी ऑटोमेशन (Jyoti CNC Automation) अपना आईपीओ लाने जा रही है।

ज्योति सीएनसी ऑटोमेशन (Jyoti CNC Automation) अपना आईपीओ लाने जा रही है। कंपनी ने इसके लिए मार्केट रेगुलेटर सेबी (SEBI) के पास ड्राफ्ट पेपर दाखिल कर दिया है। आईपीओ के जरिए कंपनी का इरादा 1000 करोड़ रुपये जुटाने का है। कंप्यूटराइज्ड न्यूमेरिकल कंट्रोल (CNC) मशीन बनाने वाली कंपनी ने 1 सितंबर को सेबी को सौंपे गए ड्राफ्ट पेपर्स में कहा कि आईपीओ के तहत केवल फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। इसका मतलब है कि इसमें ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत कोई बिक्री नहीं होगी।

कहां होगा फंड का इस्तेमाल

कंपनी इस फंड का इस्तेमाल 450 करोड़ रुपये का कर्ज चुकाने और लॉन्ग टर्म वर्किंग कैपिटल रिक्वायरमेंट्स (300 करोड़ रुपये) के लिए करेगी। इसके अलावा, सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए भी इसे खर्च किया जाएगा। कंपनी रजिस्ट्रार के पास रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस दाखिल करने से पहले 200 करोड़ रुपये के प्री-आईपीओ प्लेसमेंट पर विचार कर सकती है। अगर ऐसा होता है तो फ्रेश इक्वीट साइज कम हो जाएगा।


कंपनी के बारे में

गुजरात स्थित Jyoti CNC Automation ग्लोबल सीएनसी मशीन इंडस्ट्री में 12वीं सबसे बड़ी बाजार हिस्सेदारी होने का दावा करती है। कंपनी की एयरोस्पेस और डिफेंस, ऑटो और ऑटो कंपोनेंट, जनरल इंजीनियरिंग, EMS और डाई और मोल्ड जैसे इंडस्ट्री के लिए कस्टमाइज्ड सॉल्यूशन प्रदान करती है।

कंपनी का दावा है कि अप्रैल 2004 से इसरो, ब्रह्मोस एयरोस्पेस तिरुवनंतपुरम, टर्किश एयरोस्पेस, टाटा एडवांस सिस्टम, भारत फोर्ज, श्रीराम एयरोस्पेस एंड डिफेंस एलएलपी और बॉश सहित ग्राहकों को 30,000 से अधिक सीएनसी मशीनों की आपूर्ति की गई है। कंपनी के पास तीन मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी है, जिसमें दो गुजरात में और एक फ्रांस में है। ज्योति सीएनसी के पास 30 जून 2023 तक 3,143.06 करोड़ रुपये की ऑर्डर बुक है।

कंपनी का फाइनेंशियल

Jyoti CNC Automation वित्त वर्ष 2023 में मुनाफे में आ गई और पिछले वर्ष 48.3 करोड़ रुपये के घाटे के मुकाबले 15.06 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया। FY23 में ऑपरेशन से राजस्व 24.5 फीसदी बढ़कर 929.3 करोड़ रुपये हो गया। डीआरएचपी के मुताबिक EBITDA 34 फीसदी बढ़कर 97.4 करोड़ रुपये हो गया, जिसमें 75 बेसिस प्वाइंट का मार्जिन विस्तार 10.48 फीसदी था। इक्विरस कैपिटल, ICICI सिक्योरिटीज और SBI कैपिटल मार्केट्स इस इश्यू के मर्चेंट बैंकर हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।