गुजरात की कंपनी ज्योति सीएनसी ऑटोमेशन का 1000 करोड़ रुपये का IPO (Jyoti CNC Automation IPO) 9 जनवरी को खुलने जा रहा है। कंपनी ने इसके लिए प्राइस बैंड 315-331 रुपये प्रति शेयर पर फिक्स किया है। IPO पेपर्स के अनुसार, पब्लिक इश्यू में पैसा लगाने के लिए 11 जनवरी तक मौका रहेगा। एंकर निवेशक 8 जनवरी को बोली लगा सकेंगे। Jyoti CNC Automation, शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने वाला 2024 का पहला IPO होगा। कंपनी लगभग 10 साल में दूसरी बार अपने शेयरों को सूचीबद्ध करने की योजना बना रही है।
Jyoti CNC Automation, एयरोस्पेस, डिफेंस और मेडिकल आदि इंडस्ट्रीज के लिए मेटल कटिंग कंप्यूटर न्यूमेरिकल कंट्रोल (CNC) मशीन्स बनाती है। इसे पिछले महीने IPO लाने के लिए बाजार नियामक सेबी से मंजूरी मिली थी। Jyoti CNC ने इससे पहले 2013 में भी आईपीओ के माध्यम से पैसे जुटाने के लिए सेबी को आवेदन किया था लेकिन बाद में उसने अपना विचार बदल दिया था। IPO के तहत कंपनी 1,000 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी करेगी। इसमें कोई ऑफर फॉर सेल (OFS) नहीं होगा।
Jyoti CNC Automation ने इश्यू के तहत 5 करोड़ रुपये के शेयर अपने कर्मचारियों के लिए रिजर्व रखे हैं। इन शेयरों को फाइनल इश्यू प्राइस से 15 रुपये प्रति शेयर के डिस्काउंट पर जारी किया जाएगा।Jyoti CNC ने इश्यू के तहत 75 प्रतिशत हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए, 15 प्रतिशत हिस्स हाई नेट वर्थ वाले इंडीविजुअल्स के लिए और 10 प्रतिशत हिस्सा रिटेल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व रखा है। बोली लगाने के लिए लॉट साइज 45 शेयरों का है।
Jyoti CNC वित्तीय तौर पर कितनी मजबूत
Jyoti CNC Automation की वित्तीय स्थिति की बात करें तो वित्त वर्ष 2022-23 में कंपनी को 15.06 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था। वहीं ऑपरेशंस से रेवेन्यू सालाना आधार पर 24.4 प्रतिशत बढ़कर 929.3 करोड़ रुपये रहा था। EBITDA (earnings before interest, tax, depreciation and amortisation) सालाना आधार पर 34 प्रतिशत बढ़कर 97.4 करोड़ रुपये दर्ज किया गया था। Jyoti CNC की दो मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी हैं- एक गुजरात में और दूसरी फ्रांस में। इसके भारत के अलावा विदेश में भी क्लाइंट हैं।