LEAP India IPO: 7 अगस्त को खुलेगा ₹2480 करोड़ का इश्यू, प्राइस बैंड ₹151-159 प्रति शेयर तय

LEAP India IPO में एंकर इनवेस्टर 6 अगस्त को बोली लगा सकेंगे। इश्यू की क्लोजिंग 11 अगस्त को होगी। कंपनी नए शेयरों को जारी कर हासिल होने वाले पैसों का इस्तेमाल कर्ज चुकाने और सामान्य कॉर्पोरेट कामों के लिए करेगी

अपडेटेड Aug 03, 2026 पर 8:45 AM
LEAP India की लिस्टिंग NSE और BSE पर 14 अगस्त को होने की उम्मीद है।

सप्लाई चेन मैनेजमेंट और एसेट पूलिंग कंपनी लीप इंडिया का ₹2,480 करोड़ का IPO 7 अगस्त से खुलने जा रहा है। इसके लिए प्राइस बैंड ₹151-159 प्रति इक्विटी शेयर तय किया गया है। लॉट साइज 94 शेयर है। इस पब्लिक इश्यू में ₹480 करोड़ के 3.02 करोड़ नए शेयर जारी होंगे। साथ ही ₹2,000 करोड़ के 12.58 करोड़ शेयरों का ऑफर फॉर सेल (OFS) रहेगा। OFS के तहत प्रमोटर एंटिटीज Vertical Holdings II और KIA EBT Scheme 3 क्रमशः ₹1,998.62 करोड़ और ₹1.37 करोड़ के शेयर बेचेंगी।

लीप इंडिया ई-कॉमर्स, FMCG, ऑटोमोटिव, फूड एंड बेवरेजेज और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स जैसे उद्योगों के लिए इक्विपमेंट पूलिंग, वापसी योग्य पैकेजिंग, इनवेंट्री मैनेजमेंट, ट्रांसपोर्टेशन और मरम्मत व रखरखाव जैसी सर्विसेज देती है। कंपनी के प्रमोटर ग्लोबल इनवेस्टमेंट फर्म KKR और सुनु मैथ्यू हैं। KKR के पास Vertical Holdings II के जरिए 73.78 प्रतिशत और सुनु मैथ्यू के पास 21.07 प्रतिशत हिस्सेदारी है।

IPO में एंकर इनवेस्टर 6 अगस्त को बोली लगा सकेंगे। इश्यू की क्लोजिंग 11 अगस्त को होगी। उसके बाद अलॉटमेंट 12 अगस्त को फाइनल हो सकता है। कंपनी की लिस्टिंग NSE और BSE पर 14 अगस्त को होने की उम्मीद है। इस इश्यू के लिए JM फाइनेंशियल, अवेंडस कैपिटल, IIFL कैपिटल सर्विसेज और UBS सिक्योरिटीज इंडिया बुक रनिंग लीड मैनेजर हैं। रजिस्ट्रार MUFG Intime India है।


IPO में कितना हिस्सा रिजर्व

LEAP India ने ₹2,400 करोड़ के IPO के लिए अगस्त 2025 में SEBI के पास अपना ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) जमा किया था। मंजूरी दिसंबर 2025 में मिली। IPO में 50 प्रतिशत हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए, 35 प्रतिशत हिस्सा रिटेल इनवेस्टर्स के लिए और 15 प्रतिशत हिस्सा नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के​ लिए रिजर्व है। कंपनी ने पात्र कर्मचारियों के लिए ₹1.25 करोड़ तक के शेयर भी अलग रखे हैं।

Ardee Industries IPO: 5 अगस्त को खुलेगा ₹426 करोड़ का इश्यू, ग्रे मार्केट में अभी से 13% चढ़ा शेयर

LEAP India की वित्तीय सेहत

कंपनी नए शेयरों को जारी कर हासिल होने वाले पैसों का इस्तेमाल कर्ज चुकाने और सामान्य कॉर्पोरेट कामों के लिए करेगी। लीप इंडिया पर जून 2026 तक कुल बकाया कर्ज ₹1,023.2 करोड़ था। वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान कंपनी का शुद्ध मुनाफा 66 प्रतिशत बढ़कर ₹62.3 करोड़ हो गया। एक साल पहले यह ₹37.6 करोड़ था। रेवेन्यू 56.4 प्रतिशत बढ़कर ₹729.5 करोड़ रहा, जो वित्त वर्ष 2025 में ₹466.5 करोड़ था।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।