LIC IPO: देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी लाइफ इंश्योरेंस कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (LIC) का इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) रिटेल निवेशकों के लिए बुधवार 4 मई को खुलेगा और 9 मई को बंद होगा। इस बीच अनलिस्टेड मार्केट में LIC के शेयरों का ग्रे मार्केट प्रीमियम 85 रुपये पहुंच गया और यह IPO की तारीख के ऐलान के बाद से ही लगातार बढ़ रहा है।
LIC ने अपने आईपीओ के लिए 902 से 949 रुपये का प्राइस बैंड तय किया है। ग्रे मार्केट पर नजर रखने वाली वेबसाइट IPO वॉच के मुताबिक, LIC के शेयर सोमवार को ग्रे मार्केट में 1035 रुपये के आसपास कारोबार कर रहे थे, जो इसके 949 रुपये के ऊपरी प्राइस बैंड से करीब 85 रुपये या 9 फीसदी अधिक है। 29 अप्रैल को LIC के शेयरों का ग्रे मार्केट प्रीमियम 70-80 रुपये, जबकि एक दिन पहले यह 60 से 70 रुपये था।
LIC अपने आईपीओ के जरिए 21,000 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है। एंकर निवेशकों के लिए पहले ही यह आईपीओ खुल चुका है और इसके कुछ ही घंटों मे ओवरसब्सक्राइब होने की खबर है। LIC ने करीब 5.93 करोड़ शेयर एंकर निवेशकों के लिए आरक्षित रखे हैं और वह इनस अपर प्राइस बैंड पर 5,630 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, एंकर निवेशकों में बोली लगाने वालों में नोर्गेस बैंक इनवेस्टमेंट मैनेजमेंट और जीआईसी भी शामिल है। नोर्गेस बैंक नॉर्वे का सॉवरेन वेल्थ फंड है, जबिक जीआईसी सिंगापुर का सॉवरेन वेल्थ फंड है।
एंकर निवेशक, दरअसल उन इंस्टीट्यूशनल निवेशकों को कहते हैं जो किसी आईपीओ के सार्वजनिक बोने से पहले उसमें निवेश करते हैं। आमतौर पर एंकर निवेशक किसी इश्यू में आईपीओ खुलने से एक दिन पहले निवेश करते हैं। प्रत्येक एंकर निवेशक को न्यूनतम 10 करोड़ रुपये शेयर में निवेश करना होता है।
सरकार IPO के जरिए एलआईसी में अपनी 3.5 शेयर या 22.13 करोड़ शेयर बेच रही है। फिलहाल LIC की पूरी 100 फीसदी हिस्सेदारी सरकार के पास है और IPO के बाद सरकार की हिस्सेदारी इसमें घटकर 96.50 फीसदी पर आ जाएगी।
LIC IPO के लिए रिटेल निवेशक 4 मई से बोली लगा सकते हैं। आईपीओ के लिए बोली 15 शेयरों के लॉट हिसाब से लगाई जा सकती है। अपर प्राइस बैंड पर एक लॉट की कीमत 14,235 रुपये होगी। व्यक्तिगत निवेशक न्यूनतम एक और अधिकतम 14 लॉट के लिए बोली लगा सकते हैं।
LIC ने अपने IPO में रिटेल निवेशकों को प्रति शेयर 45 रुपये और LIC पॉलिसीहोल्डर्स को 60 रुपये का डिस्काउंट देने का ऐलान किया है। LIC IPO के शेयरों का अलॉटमेंट 12 मई को होगा और 17 मई को यह शेयर बाजारों में लिस्ट हो सकता है।