कई IPO की लॉन्चिंग और एक मेगा लिस्टिंग के साथ इस हफ्ते प्राइमरी मार्केट में तगड़ी हलचल देखने को मिलेगी। हालांकि, यूक्रेन युद्ध (Ukraine war) के बाद ग्लोबल ग्रोथ की चिंताओं और महंगाई में बढ़ोतरी के बीच सेकेंडरी मार्केट में उतार-चढ़ाव से सभी आईपीओ के ग्रे मार्केट प्रीमियम (grey market premium) पर असर पड़ा है।
बहुप्रतीक्षित एलआईसी (LIC IPO) का मंगलवार को शेयर बाजार पर आगाज होने जा रहा है। यह इस कैलेंडर वर्ष में बीएसई और एनएसई पर नौवें शेयर की लिस्टिंग होगी।
LIC IPO की फ्लैट या मामूली बढ़त के साथ हो सकती है लिस्टिंग
ग्रे मार्केट प्रीमियम से स्पष्ट रूप से संकेत मिलते हैं कि देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी की 949 रुपये के इश्यू प्राइस की तुलना में फ्लैट या निगेटिव लिस्टिंग हो सकती है। हालांकि, एक्सपर्ट्स ने कहा कि रिटेल इनवेस्टर्स, कर्मचारी और पॉलिसीहोल्डर्स को बड़ा डिस्काउंट मिला है, जिससे यह उनके लिए प्रीमियम लिस्टिंग हो सकती है।
हेम सिक्योरिटीज के हेड- पीएमएस मोहित निगम ने कहा, “बाजार में भारी उतार-चढ़ाव और मौजूदा गिरावट से इनवेस्टर्स को अपर बैंड पर फ्लैट या निगेटिव ओपनिंग देखने को मिल सकती है। लेकिन इनवेस्टर्स और पॉलिसीहोल्डर्स को इस IPO में अच्छा डिस्काउंट मिल रहा है, इसलिए इन इनवेस्टर्स को लिस्टिंग के दिन कुछ फायदा मिल सकता है।” उन्होंने सलाह दी, इनवेस्टर्स को लंबी अवधि के नजरिये से इस शेयर को होल्ड करना चाहिए और गिरावट में यानी 800-850 रुपये के आसपास खरीदारी करनी चाहिए।
LIC listing के अलावा, इस हफ्ते Paradeep Phosphates, Ethos और eMudhra के आईपीओ खुलने जा रहे हैं।
पारादीप फॉस्फेट (Paradeep Phosphates IPO)
यह इश्यू 1,502 करोड़ रुपये का है। यह निवेश के लिए 17 मई 2022 को खुलेगा और यह 19 मई 2022 को बंद हो जाएगा। नॉन-यूरिया खाद बनाने वाली कंपनी पारादीप फॉस्फेट्स का IPO का प्राइस बैंड 39-42 रुपये है। इस आईपीओ में एक निवेशक कम से कम एक लॉट के लिए अप्लाई कर सकेगा। पारादीप फॉस्फेट्स आईपीओ के एक लॉट में 350 शेयर शामिल होंगे। शेयरों का अलॉटमेंट 24 मई को और लिस्टिंग 27 मई को हो सकती है।
यह पब्लिक इश्यू 18 मई 2022 को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा और यह 20 मई 2022 को बंद होगा। लग्जरी घड़ी बेचने वाली दिग्गज कंपनी एथोस (Ethos) का इश्यू 472.29 करोड़ रुपये का है और प्राइस बैंड 836-878 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। एथोस आईपीओ के एक लॉट में कंपनी के 17 शेयर शामिल होंगे। यह NSE और BSE दोनों पर लिस्ट होगा। एथोस IPO का अलॉटमेंट 25 मई 2022 को और लिस्टिंग 30 मई 2022 को हो सकती है।
ईमुद्रा आईपीओ (eMudhra IPO)
यह पब्लिक इश्यू सब्सक्रिप्शन के लिए 20 मई 2022 को खुलेगा और यह 24 मई 2022 को बंद हो जाएगा। 412 करोड़ के पब्लिक इश्यू का प्राइस बैंड 243-256 रुपये प्रति इक्विटी शेयर तय किया गया है। ईमुद्रा IPO की एक लॉट में 58 शेयर शामिल होंगे। अलॉटमेंट 27 मई 2022 को और लिस्टिंग 1 जून 2022 को हो सकती है।
डिसक्लेमर : मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।