LIC IPO खुलने के पहले दिन 67 फीसदी सब्सक्राइब हुआ। पॉलिसीहोल्डर्स और एंप्लॉयीज कोटा तो पहले दिन पूरा सब्सक्राइब हो गया। लेकिन, रिटेल इनवेस्टर्स का कोटा पूरा सब्सक्राइब नहीं हो पाया। आईपीओ को शुरुआत एक-दो घंटों में जिस तरह से रिस्पॉन्स मिला था, उससे लग रहा था कि शाम तक यह रिटेल कोटा पूरी तरह सब्सक्राइब हो जाएगा।
यह इंडियन स्टॉक मार्केट का सबसे बड़ा आईपीओ है। काफी इंतजार के बाद यह आईपीओ लॉन्च हुआ है। एलआईसी ने खूब बढ़-चढ़कर इस आईपीओ का प्रचार किया है। पिछले कई महीनों से अखबार, वेबसाइट्स और टीवी चैनलों पर इसका विज्ञापन आ रहा था। इस आईपीओ को लेकर इनवेस्टर्स में उत्साह भी कम नहीं है।
इस साल जनवरी से मार्च के दौरान 90 लाख से ज्यादा डीमैट अकाउंट खुले हैं। इससे पता चलता है कि रिटेल इनवेस्टर्स और पॉलिसीहोल्डर्स किस तरह इस आईपीओ को लेकर उत्साहित हैं। इस आईपीओ में बोली लगाने के लिए रिटेल इनवेस्टर्स को ज्यादा वक्त भी मिल रहा है। दरअसल, यह आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए शनिवार को भी खुला रहेगा। इससे भी बड़ी बात यह कि एलआईसी ने तीन तरह के इनवेस्टर्स को डिस्काउंट दिया है।
जहां तक ग्रे मार्केट की बात है तो एलआईसी के शेयर पर प्रीमियम धीरे-धीरे बढ़ रहा था। 72 रुपये से बढ़कर यह 85 रुपये पर पहुंच गया था। उसके बाद यह 105 रुपये पर गया। फिर, गुरवार को इसने 125 रुपये का हाई भी बनाया। लेकिन, आरबीआई के रेपो रेट बढ़ाने के बाद प्रीमियम में गिरावट आई। यह गिरकर 86 रुपये पर आ गया था। अब इसके 65 रुपये पर आ जाने की खबर है।
हालांकि, मार्केट के जानकारों का कहना है कि प्रति शेयर 60 रुपये का प्रीमियम कम नहीं है। उनका कहना है कि आईपीओ में इसका प्राइस बैंड 902-949 रुपये है। पॉलिसीहोल्डर्स को प्रति शेयर 60 रुपये का डिस्काउंट मिलेगा। रिटेल इनवेस्टर्स और एंप्लॉयीज को 45 रुपये का डिस्काउंट मिलेगा। इस तरह अगर प्रीमियम को जोड़ दें तो इश्यू प्राइस पर भी इनवेस्टर्स को प्रति शेयर 100 रुपये से ज्यादा प्रॉफिट हो रहा है।
LIC के शेयर 17 मई (मंगलवार) को स्टॉक एक्सचेंजों में लिस्ट हो जाएंगे। उस दिन पता चलेगा कि लिस्टिंग गेंस के लिए इस आईपीओ में पैसे लगाने वाले इनवेस्टर्स की उम्मीदें पूरी होती हैं या नहीं।