LIC IPO: लंबे समय से चला आ रहा इंतजार अब खत्म हो गया है। अब यह पता चल गया है कि देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी का IPO 4 मई को खुलने वाला है। कंपनी का इश्यू 9 मई को बंद होगा। अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक कंपनी ने इश्यू प्राइस पर डिस्काउंट देने का भी ऐलान किया है। यह डिस्काउंड कंपनी के पॉलिसीहोल्डर्स, छोटे निवेशकों और कर्मचारियों को मिलने वाला है।
कितना मिल सकता है डिस्काउंट?
LIC आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहा है जिसमें वह IPO से जुड़ी सारी जानकारियां देगा। यानी आज यह आधिकारिक तौर पर इस बात की जानकारी मिलेगी कि इश्यू कब लॉन्च होगा। इश्यू प्राइस क्या होगा। इश्यू प्राइस पर पॉलिसीहोल्डर्स, छोटे निवेशकों और कर्मचारियों को कितनी छूट दी जाएगी।
लेकिन अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक, LIC अपने सभी पॉलिसीहोल्डर्स को 60 रुपए कम दाम पर शेयर दे रही है। कंपनी के इश्यू का प्राइस बैंड 902-949 रुपए है। इस हिसाब से देखें तो पॉलिसीहोल्डर्स को अपर प्राइस बैंड पर भी शेयर अलॉट होता है तो वह 889 रुपए पर मिलेगा।
LIC के इश्यू में पॉलिसीहोल्डर्स के लिए 10% पोर्शन रिजर्व रखा गया है।
जानिए किन्हें मिलेगा इश्यू प्राइस पर डिस्काउंट
लेकिन इसकी शर्त है कि पॉलिसीहोल्डर्स NRI नहीं होना चाहिए। अगर कोई पॉलिसीहोल्डर्स देश से बाहर रहता है तो उसे यह छूट नहीं मिलेगी।
इसके साथ ही रिटेल इनवेस्टर्स और LIC के कर्मचारियों को इश्यू प्राइस पर 45 रुपए की छूट दी गई है। यानी उन्हें अपर प्राइस बैंड पर भी शेयर अलॉट होता है तो वह 904 रुपए पर मिलेगा।
छूट लेने के लिए आपको क्या करना होगा?
सबसे पहली बात आपके पास डिमैट अकाउंट होना जरूरी है। डिमैट अकाउंट एक तरह खाता होता है जिसमें शेयर रखे जाते हैं। इसके साथ ही अगर आप पॉलिसीहोल्डर्स हैं तो आपकी पॉलिसी में PAN अपडेट होना अनिवार्य है।
अगर आपने अभी तक पॉलिसी में PAN अपडेट नहीं करवाया है तो आप इस इश्यू के लिए आवेदन नहीं कर सकते हैं। इसके लिए जरूरी था कि 28 फरवरी से पहले आप पॉलिसी में PAN अपडेट करा लेते।
क्या लैप्स पॉलिसी पर मिलेगी छूट
अगर आप ये सोच रहे हैं कि आपकी पॉलिसी लैप्स कर चुकी है तो आपक इश्यू प्राइस पर डिस्काउंट मिलेगा या नहीं? तो जान लीजिए कि लैप्स पॉलिसी पर भी डिस्काउंट मिलेगा। इसके अलावा जिनके नाम भी LIC के रिकॉर्ड में दर्ज हैं उन्हें यह छूट मिलेगी। अगर ज्वाइंट पॉलिसी है तो फ़र्स्ट अकाउंट होल्डर को इसका फायदा मिलेगा।