LIC IPO: भारत सरकार LIC के इश्यू से 30,000 करोड़ रुपए जुटाने की तैयारी में है। यह देश की सबसे बड़ी सरकारी बीमा कंपनी है। इस मामले की जानकारी रखने वाले एक सरकारी सूत्र ने बताया कि सरकार जीवन बीमा निगम (Life Insurance Corporation of India) में 5% हिस्सेदारी बेचकर 30,000 करोड़ रुपए (($3.93 billion) जुटाने की तैयारी में है। सूत्रों के मुताबिक, भारत सरकार ने LIC का वैल्यूएशन 6 लाख करोड़ रुपए लगाया है।
LIC का IPO पहले मार्च 2022 तक आने वाला था। लेकिन रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध शुरू होने के बाद शेयर बाजार में भारी उथलपुथल रही। नतीजतन सरकार ने मार्च में LIC का IPO लाने का प्लान टाल दिया। अब सरकार अप्रैल 2020 के अंत या मई की शुरुआत में इश्यू ला सकती है। अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक, सरकार इस हफ्ते के अंत तक इस बात का खुलासा कर देगी कि LIC का IPO कब तक खुलेगा।
सरकार ने सेबी से LIC के इश्यू लाने की जो मंजूरी ली थी, उसके मुताबिक 12 मई तक का टाइम है। अगर LIC का IPO 12 मई तक नहीं आ पाता है तो फिर सरकार को दोबारा सेबी में आवेदन जमा करना होगा।
LIC का IPO भारतीय शेयर बाजार का सबसे बड़ा इश्यू होगा। इसकी मदद से सरकार फिस्कल ईयर 2023 में 65,000 करोड़ रुपए का डिस्इनवेस्टमेंट टारगेट हासिल कर सकती है।
फिस्कल ईयर 2023 के विनिवेश टारगेट की बात करें तो सरकार ने 19 अप्रैल तक ऑफर फॉर सेल के तहत ONGC में स्टेक बेचकर 3026 करोड़ रुपए जुटा लिए हैं।
देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी LIC का मार्केट शेयर पिछले फिस्कल ईयर में 63.25% रहा जो एकसाल पहले के मुकाबले कम है। हालांकि मार्च 2022 में कंपनी का प्रीमियम कलेक्शन एक साल पहले के मुकाबले 51% बढ़कर 42,319.22 करोड़ रुपए रहा।