LIC IPO: सरकार 12 मई से पहले लॉन्च कर सकती है LIC का IPO, करीब 5-6% हिस्सेदारी बेचने की तैयारी

LIC IPO: सरकार LIC के इश्यू का प्राइस बैंड तय करने के लिए बैंकर्स और फाइनेंशियल एडवाइजर्स के संपर्क में है

अपडेटेड Apr 05, 2022 पर 3:20 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
LIC IPO: सूत्रों के मुताबिक, सरकार इस साल मई में LIC का इश्यू लॉन्च कर सकती है

LIC IPO: देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी LIC का IPO इस साल मार्च में आने वाला था। लेकिन बाजार के जबरदस्त उतार-चढ़ाव के कारण तब यह टल गया। हालांकि अब सरकार मई में LIC का इश्यू लॉन्च करने की तैयारी में है। CNBC-TV 18 ने 5 अप्रैल को सूत्रों से बातचीत के आधार पर यह जानकारी दी है।

सूत्रों ने बताया कि सरकार रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्ट्स (RHP) को लेकर बैंकर्स और फाइनेंशियल एडवाइजर्स के संपर्क में है। RHP के मायने ऑफर डॉक्यूमेंट से हैं जो इश्यू लाने वाली कंपनी लिस्टिंग के पहले मार्केट रेगुलेटर सेबी को देती है। RHP के साथ ही LIC के IPO का इश्यू प्राइस फिक्स हो जाएगा। साथ ही ये पता चल जाएगा कि कंपनी का इश्यू कब खुल रहा है। सूत्रों ने ये भी बताया कि सरकार LIC के इश्यू में 5% से ज्यादा हिस्सेदारी बेच सकती है।

LIC IPO की जानकारी रखने वाले सूत्रों ने बताया कि कंपनी के अधिकारी चुनौती भरे माहौल में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वैसे मार्केट अब वैश्विक अनिश्चितताओं से उबर चुका है।


सूत्रों ने CNBC-TV 18 को ये भी बताया कि 8 मार्च को सेबी ने LIC को इश्यू बेचकर फंड जुटाने की अनुमति दे दी है।

सेबी को जमा ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) के मुताबिक, सरकार 31 करोड़ इक्विटी शेयर बेचेगी। IPO का एक पोर्शन एंकर इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व होगा। इश्यू का करीब 10% हिस्सा पॉलिसीहोल्डर्स के लिए अलग रखा जाएगा।

सरकार पहले फिस्कल ईयर 2022 में अपनी 5% हिस्सेदारी बेचकर 63,000 करोड़ रुपए जुटाने की तैयारी में थी। लेकिन बाजार के उतार-चढ़ाव के कारण LIC का इश्यू मार्च 2022 तक लॉन्च नहीं हो पाया था। फिस्कल ईयर 2022 में सरकार ने विनिवेश योजना का टारगेट घटाकर 78,000 करोड़ रुपए कर दिया था।

पूरी तरह ऑफर फॉर सेल

LIC का IPO पूरी तरह ऑफर फॉर सेल (OFS) होगा। इसमें सरकार अपनी हिस्सेदारी बेचेगी। कोई फ्रेश इश्यू जारी नहीं किया जाएगा। LIC में सरकार के पास 100% हिस्सेदारी यानी 632.49 करोड़ शेयर हैं। कंपनी के शेयरों की फेस वैल्यू 10 रुपए है।

भारतीय शेयर बाजार का सबसे बड़ा इश्यू

LIC का इश्यू भारतीय शेयर बाजार के इतिहास का सबसे बड़ा IPO है। कंपनी की लिस्टिंग होने के बाद इसका मार्केट वैल्यूएशन RIL और TCS जैसी टॉप कंपनियों के बराबर पहुंच जाएगा।

कब तक है वक्त?

LIC का इश्यू लाने के लिए सरकार के पास 12 मई तक का वक्त है। अगर सरकार 12 मई तक इश्यू नहीं ला पाती है तो उसे सेबी के पास दोबारा DRHP जमा करना होगा। सरकार ने 12 फरवरी को DRHP जमा किया था। इस हिसाब से 12 मई तक इश्यू लाना होगा।

इस मामले की जानकारी रखने वाले एक अधिकारी ने बताया, "हमारे पास IPO लाने के लिए 12 मई तक का वक्त है। हम बाजार के उतार-चढ़ाव पर नजर बनाए हुए हैं और जल्दी ही प्राइस बैंड के साथ RHP फाइल करेंगे।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।