LIC IPO: आरबीआई के रेपो रेट बढ़ाने से 30% घट गया LIC का ग्रे मार्केट प्रीमियम, जानिए क्या है लेटेस्ट GMP

RBI ने बुधवार को रेपो रेट में 0.40 फीसदी की बढ़ोतरी का ऐलान किया और उसके बाद LIC IPO का ग्रे मार्केट प्रीमियम 30 फीसदी घट गया

अपडेटेड May 04, 2022 पर 11:08 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
LIC का IPO 4 मई से लेकर 9 मई तक बोली लगाने के लिए खुला है

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने बुधवार को रेपो रेट में 0.40 फीसदी की बढ़ोतरी का ऐलान किया। इसके बाद से ही सोशल मीडिया पर एक मीम काफी वायरल हो रहा है। यह मीम सुपरहिट फिल्म बाहुबली के फेमस सीन पर आधारित है, जिसमें बाहुबली को उसका सबसे विश्वासपात्र सहयोगी कटप्पा सच में पीठ में छुरा भोंक देता है।

सोशल मीडिया पर वायरल मीम में कटप्पा को RBI के अचानक ब्याज दर बढ़ाने के फैसले के तौर पर दिखाया गया है और धोखा खाए हीरो बाहुबली को लाइफ इंश्योरेंस कॉरपोरेशन (LIC) के इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) के रूप में दिखाया गया है। यह मीम कुछ हद तक सही स्थिति दिखा रहा है। RBI ने बुधवार दोपहर को रेपो रेट में बढ़ोतरी का ऐलान कर सभी को चौंका दिया और LIC IPO के ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) पर इसका काफी असर महसूस किया गया।

LIC का ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) कल यानी मंगलवार से धीरे-धीरे बढ़ रहा था। यह 72 रुपये से बढ़कर पहले 85 और फिर 105 रुपये पर पहुंचा। आज दोपहर में यह IPO खुलने के बाद 125 रुपये के पीक पर पहुंच गया था। हालांकि इसके बाद RBI ने रेपो रेट में बढ़ोतरी का ऐलान किया और GMP घटकर 86 रुपये पर आ गया।


सिर्फ LIC के ग्रे मार्केट प्रीमियम पर ही नहीं, बल्कि शेयर बाजार पर भी आरबीआई के कदम का बड़ा असर पड़ा और सेंसेक्स एक समय से 1,400 अंक से भी ज्यादा टूट गया था।

यह भी पढ़ें- Dixon Technologies का स्टॉक 2 दिनों में 14% टूटा, 52 हफ्ते के निचले स्तर के करीब पहुंचा, जानिये वजह

आगे कैसा रहेगा LIC का GMP?

LIC के ग्रे मार्केट प्रीमियम के लंबे समय तक कम रहने की उम्मीद नहीं है। IIFL Securities में प्रोडक्ट व डिस्ट्रीब्यूशन के हेड सुवाजित रे का कहना है कि कल से कीमतों में वापस तेजी आनी शुरू हो सकती है।

उन्होंने कहा, "आमतौर पर क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (QIB) किसी आईपीओ में आखिरी दिन निवेश करने आते हैं। हालांकि इस बार पहले ही दिन QIB निवेशकों का हिस्सा 33 फीसदी सब्सक्राइब हो चुका है। यह काफी अच्छा प्रदर्शन हुआ है। इसके अलावा रिटेल निवेशकों का हिस्सा भी पहले दिन ठीक ठाक सब्सक्राइब हुआ है। शनिवार और रविवार तक LIC का जीएमपी वापस 130 रुपये के स्तर तक जा सकता है।"

LIC का IPO 4 मई से लेकर 9 मई तक बोली लगाने के लिए खुला है। कंपनी ने अपने IPO के लिए 902-949 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड रखा है। एक शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है। LIC ने पॉलिसीहोल्डर्स को प्रति शेयर 60 रुपये और रिटेल इनवेस्टर्स को प्रति शेयर 45 रुपये का डिस्काउंट देने का ऐलान किया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।