LIC का मेगा IPO 9 मई को बंद हो गया। 17 मई को यह स्टॉक एक्सचेंजों में लिस्ट होगा। क्या आपने इस इश्यू में फटाफट मुनाफा कमाने के लिए इनवेस्ट किया है या आप लॉन्ग टर्म इनवेस्टर हैं? यह सवाल आपको खुद से जरूर पूछ लेना चाहिए। दरअसल, इस इश्यू को लेकर इनवेस्टर्स में जिस तरह का उत्साह दिखा, उससे लगता है कि ज्यादातर इस आईपीओ में लिस्टिंग गेंस के लिए इनवेस्ट कर रहे हैं।
एक्सपर्ट्स का कहना है कि यह ऐसा इश्यू है, जो दोनों तरह के इनवेस्टमेंट के लिए सही है। फटाफट मुनाफा बुक करना ठीक रहेगा या लॉन्ग-टर्म इनवेस्टमेंट सही रहेगा, यह फैसला आपको करना होगा। अगर आपके पास ऐसा पैसा है, जिसे आप कुछ साल तक शेयरों में रख सकते हैं तो फिर एलआईसी का शेयर आपको निराश नहीं करेगा। अगर आप पैसे को लंबे समय तक ब्लॉक नहीं करना चाहते हैं तो आप फटाफट प्रॉफिट बुक कर सकते हैं।
अगर आप फटाफट प्रॉफिट बुक करना चाहते हैं तो आप कर सकते हैं। यह शेयर 17 मई को लिस्ट हो रहा है। ग्रे मार्केट में शेयर प्राइस को देखने से थोड़ी लिस्टिंग गेंस की उम्मीद दिख रही है। ग्रे मार्केट में इस शेयर का प्रीमियम अब बहुत घट गया है। अभी ग्रे मार्केट में इस पर प्रति शेयर 16 रुपये का प्रीमियम चल रहा है।
अगर यह शेयर 16 रुपये के प्रीमियम के साथ लिस्ट होता है तो इनवेस्टर्स को थोड़ी लिस्टिंग गेंस हो सकती है। अगर किसी इनवेस्टर ने रिटेल कैटेगरी में बोली लगाई है और उसे एक लॉट यानी 15 शेयर तक एलॉट होते हैं तो उसका कुल प्रॉफिट 915 रुपये (15X61) होगा। इस कैलकुलेशन में प्रति शेयर 45 रुपये का डिस्काउंट जोड़ा गया है। 45 रुपये डिस्काउंट के बाद आपको कट-ऑफ प्राइस 904 रुपये होगा। इसी तरह पॉलिसीहोल्डर्स को इससे ज्यादा प्रॉफिट होगा, क्योंकि उसे प्रति शेयर 60 रुपये डिस्काउंट मिला है।
यह अनुमान ग्रे मार्केट में एलआईसी के शेयर पर चल रहे प्रीमियम के आधार पर लगाया गया है। अगर शेयर ज्यादा प्रीमियम के साथ लिस्ट होता है तो आपका प्रॉफिट बढ़ जाएगा। अगर अगले 4-6 दिन में स्टॉक मार्केट की स्थिति सुधरती है तो अच्छी लिस्टिंग की उम्मीद की जा सकती है।