कानपुर की कंपनी लोहिया कॉर्प ने अपने IPO से पहले 27 एंकर इनवेस्टर्स से 492.11 करोड़ रुपये जुटाए। इन इनवेस्टर्स में नोमुरा सिंगापुर, सोसिएट जेनरल और सिटीग्रुप भी शामिल हैं। यह पब्लिक इश्यू 23 जुलाई से खुल रहा है। कंपनी का लक्ष्य ₹1,102.08 करोड़ जुटाने का है। प्राइस बैंड ₹404-₹425 प्रति इक्विटी शेयर रहेगा। निवेशक कम से कम 35 शेयरों और उसके मल्टीपल में बोली लगा सकते हैं। लोहिया कॉर्प ने एंकर इनवेस्टर्स को प्राइस बैंड के ऊपरी स्तर पर 1.15 करोड़ इक्विटी शेयर अलॉट किए।
एंकर बुक में कोटक महिंद्रा ट्रस्टी, ICICI प्रूडेंशियल AMC, निप्पॉन लाइफ इंडिया, अशोका इंडिया, मोतीलाल ओसवाल AMC, आदित्य बिड़ला सन लाइफ AMC, SBI लाइफ इंश्योरेंस, टाटा AIA लाइफ इंश्योरेंस, एल्केमी कैपिटल मैनेजमेंट, एडलवाइस लाइफ इंश्योरेंस और केनरा रोबेको म्यूचुअल फंड ने भी हिस्सा लिया। कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में कहा, "कुल एंकर एलोकेशन में से 73.17 लाख इक्विटी शेयर 7 घरेलू म्यूचुअल फंड्स को अलॉट किए गए, जबकि 16.95 लाख इक्विटी शेयर 4 लाइफ इंश्योरेंस कंपनियों को अलॉट किए गए।"
लोहिया कॉर्प टेक्निकल टेक्सटाइल्स के लिए मशीनरी और उपकरण बनाती है। इसके प्रोडक्ट पोर्टफोलियो में टेप एक्सट्रूजन लाइंस, सर्कुलर लूम्स, कोटिंग और लैमिनेशन लाइंस, प्रिंटिंग और कनवर्जन मशीन, मल्टीफिलामेंट यार्न मशीन, ट्विस्टर वाइंडर, मोनोफिलामेंट एक्सट्रूजन लाइंस, रीसाइक्लिंग मशीन और स्पेयर पार्ट्स शामिल हैं। पॉलीप्रोपाइलीन (PP) और हाई-डेंसिटी पॉलीइथाइलीन (HDPE) से बुने हुए फैब्रिक और बोरे (राफिया) बनाने वाली मशीनरी के मामले में कंपनी की अच्छी मौजूदगी है। लोहिया कॉर्प के प्रमोटर राज कुमार लोहिया, गौरव लोहिया, अमित कुमार लोहिया हैं।
IPO में नहीं होंगे नए शेयर
यह IPO पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल (OFS) है। इसमें लोहिया परिवार की ओर से 2.59 करोड़ इक्विटी शेयरों को बिक्री के लिए रखा जाएगा। कोई नया शेयर जारी नहीं होगा। नतीजतन, IPO से हासिल होने वाली पूरी रकम शेयर बेचने वालों को मिलेगी। इश्यू की क्लोजिंग 27 जुलाई को होगी। इसके बाद अलॉटमेंट 28 जुलाई को फाइनल हो सकता है। कंपनी की लिस्टिंग NSE और BSE पर 30 जुलाई को होगी। लिस्टिंग के बाद लोहिया कॉर्प का मार्केट कैपिटलाइजेशन ₹4,490.13 करोड़ होने की उम्मीद है।
Lohia Corp IPO में रिजर्व हिस्सा
इस IPO में 75% हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए, 15% हिस्सा नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) के लिए और बाकी 10% हिस्सा रिटेल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व रखा गया है। लोहिया कॉर्प के लिस्टेड कॉम्पिटीटर्स में राजू इंजीनियर्स, लक्ष्मी मशीन वर्क्स (LMW) और ममता मशीनरी जैसे नाम शामिल हैं। इश्यू के लिए इक्विरस कैपिटल और मोतीलाल ओसवाल इनवेस्टमेंट एडवाइजर्स बुक-रनिंग लीड मैनेजर हैं। रजिस्ट्रार MUFG Intime India Pvt.Ltd है।
वित्त वर्ष 2025-26 के लिए लोहिया कॉर्प का शुद्ध मुनाफा 64.2% बढ़कर ₹193.5 करोड़ हो गया। यह एक साल पहले ₹117.8 करोड़ था। इस दौरान रेवेन्यू 24.7% बढ़कर ₹1,717 करोड़ हो गया, जो वित्त वर्ष 2025 में ₹1,376.9 करोड़ था। ग्रे मार्केट में लोहिया कॉर्प का शेयर 8.47 प्रतिशत प्रीमियम के साथ ट्रेड कर रहा है। ग्रे मार्केट एक अनऑथराइज्ड मार्केट है, जहां किसी कंपनी के शेयर उसकी लिस्टिंग तक ट्रेड करते हैं।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।