Lumino Industries IPO: आज दांव लगाने का आखिरी मौका, 74% पहुंचा GMP! सब्सक्राइब करें या नहीं? जानें ब्रोकरेज की राय
Lumino Industries IPO: लुमिनो इंडस्ट्रीज के IPO में दांव लगाने का आखिरी दिन है। निवेशकों के जबरदस्त रिस्पांस के बीच आईपीओ 6 गुना से ज्यादा भर चुका है। वहीं, ग्रे मार्केट में 74% के बंपर लिस्टिंग गेन का इशारा मिल रहा है, जिससे ₹82 का शेयर सीधे ₹143 पर लिस्ट होने की उम्मीद है। जानिए इस आईपीओ पर ब्रोकरेज आनंद राठी की क्या है राय?
ग्रे मार्केट में कंपनी के अनलिस्टेड शेयर जबरदस्त प्रीमियम पर ट्रेड हो रहे हैं
Lumino Industries IPO: पावर सेक्टर से जुड़ी कंपनी लुमिनो इंडस्ट्रीज के ₹700 करोड़ के आईपीओ में दांव लगाने का आज, 31 अगस्त आखिरी दिन है। आईपीओ के तीसरे और अंतिम दिन निवेशकों की ओर से तगड़ा रिस्पांस देखने को मिल रहा है। सुबह 10:10 बजे तक यह इश्यू 6.4 गुना सब्सक्राइब हो चुका है।
ग्रे मार्केट में कंपनी के अनलिस्टेड शेयर जबरदस्त प्रीमियम पर ट्रेड हो रहे हैं। अगर आप भी इस आईपीओ में पैसा लगाने की सोच रहे हैं, तो आवेदन करने से पहले सब्क्रिप्शन आंकड़े, लेटेस्ट GMP और कंपनी की पूरी डिटेल जान लें।
सब्क्रिप्शन स्टेटस: किस कैटेगरी में कितना मिला रिस्पांस?
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के आंकड़ों के मुताबिक, लुमिनो इंडस्ट्रीज आईपीओ में 6,32,05,127 शेयरों की पेशकश के मुकाबले 40,47,53,804 शेयरों के लिए बोलियां मिल चुकी हैं:
कंपनी ने आईपीओ खुलने से पहले एंकर इन्वेस्टर्स से ₹207 करोड़ जुटाए थे, जिसमें 2.52 करोड़ से ज्यादा शेयर ₹82 प्रति शेयर की दर से अलॉट किए गए।
कंपनी जुटाए गए पैसों का क्या करेगी?
फ्रेश इश्यू से जुटाए गए ₹500 करोड़ में से ₹337 करोड़ का इस्तेमाल कंपनी अपने कर्ज को समय से पहले चुकाने या कम करने में करेगी। ₹15.01 करोड़ का उपयोग अपनी मौजूदा मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी में नई मशीनरी और सिविल वर्क्स के लिए किया जाएगा। बाकी फंड का इस्तेमाल सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए होगा।
कंपनी की वित्तीय सेहत कैसी है?
31 मार्च 2026 को समाप्त वित्त वर्ष (FY26) में कंपनी का शुद्ध लाभ 28.4% बढ़कर ₹160 करोड़ रहा, जो FY25 में ₹124.59 करोड़ था। ऑपरेशन्स से रेवेन्यू वित्त वर्ष 2026 में बढ़कर ₹2,089.31 करोड़ हो गया (FY25 में ₹1,946.68 करोड़ था)। 31 मार्च 2026 तक कंपनी के पास ₹3,149.88 करोड़ की मजबूत ऑर्डर बुक मौजूद है।
Lumino Industries का बिजनेस क्या है?
लुमिनो इंडस्ट्रीज एक इंटीग्रेटेड EPC और मैन्युफैक्चरिंग कंपनी है, जो पावर ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर में काम करती है। कंपनी के पोर्टफोलियो में कंडक्टर्स, पावर केबल्स, इलेक्ट्रिकल वायर्स और पावर इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए जरूरी स्पेशल प्रोडक्ट्स शामिल हैं। इसका मैन्युफैक्चरिंग प्लांट हावड़ा में स्थित है।
GMP सोअर्स: 74% के बंपर प्रीमियम पर पहुंचा शेयर
ग्रे मार्केट पर नजर रखने वाली वेबसाइट InvestorGain के मुताबिक, 31 अगस्त को Lumino Industries का GMP ₹61 चल रहा है। प्राइस बैंड के ऊपरी स्तर ₹82 और ₹61 के GMP को मिलाकर देखें तो शेयर ₹143 पर लिस्ट हो सकता है। इसका मतलब है कि लिस्टिंग पर ही निवेशकों को 74% का तगड़े मुनाफे का अनुमान है।
पैसे लगाए या नहीं? जानिए ब्रोकरेज की राय
आनंद राठी ने लुमिनो इंडस्ट्रीज के आईपीओ को 'Subscribe - Long Term' की रेटिंग दी है। ब्रोकरेज का मानना है कि पावर ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन क्षेत्र में तीन दशकों से अधिक के अनुभव, कंडक्टर व पावर केबल के मजबूत मैन्युफैक्चरिंग पोर्टफोलियो और 11.7% के मजबूत ऑपरेटिंग EBITDA मार्जिन (FY26) के साथ कंपनी का बिजनेस मॉडल काफी मजबूत है।
वित्त वर्ष 2026 की कमाई के आधार पर 15.5x के आकर्षक P/E वैल्यूएशन, ₹2,497.3 करोड़ के पोस्ट-इश्यू मार्केट कैप, मजबूत ऑर्डर बुक और पावर सेक्टर के अनुकूल माहौल को देखते हुए लंबी अवधि के लिए इस IPO में निवेश करने की सलाह दी गई है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।