Madhusudan Masala IPO : 18 सितंबर को खुलेगा मसाला कंपनी का आईपीओ, प्रति शेयर 66-70 रुपये का प्राइस बैंड तय

Madhusudan Masala IPO : इस आईपीओ के लिए 2,000 इक्विटी शेयरों का लॉट साइज तय किया गया है। यानी निवेशक कम से कम 2000 इक्विटी शेयरों या इसके मल्टीपल में बोली लगा सकते हैं। इस हिसाब से रिटेल निवेशकों को कम से कम 1,40,000 रुपये का निवेश करना होगा

अपडेटेड Sep 17, 2023 पर 6:00 PM
Madhusudan Masala IPO : मधुसूदन मसाला का आईपीओ 18 सितंबर को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलने वाला है।

Madhusudan Masala IPO : मधुसूदन मसाला का आईपीओ 18 सितंबर को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलने वाला है। मसाला बनाने वाली घरेलू कंपनी ने पब्लिक इश्यू के लिए 66-70 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। इस SME IPO में 21 सितंबर तक निवेश का मौका होगा। आईपीओ के तहत कंपनी 23.80 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है। आईपीओ के तहत 34 लाख फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 3 अक्टूबर 2023 को NSE SME पर होगी।

आईपीओ से जुड़ी डिटेल

मधुसूदन मसाला ने मार्केट मेकर हिस्से के लिए 1.72 लाख इक्विटी शेयर रिजर्व किए हैं। कंपनी ने नेट आईपीओ ऑफर का 50 फीसदी क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित किया है। वहीं, 15 फीसदी इक्विटी शेयर नॉन-इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स के लिए आरक्षित हैं। खुदरा निवेशकों के लिए ऑफर का शेष 35 फीसदी हिस्सा रिजर्व रखा गया है।


लॉट साइज

इस आईपीओ के लिए 2,000 इक्विटी शेयरों का लॉट साइज तय किया गया है। यानी निवेशक कम से कम 2000 इक्विटी शेयरों या इसके मल्टीपल में बोली लगा सकते हैं। इस हिसाब से रिटेल निवेशकों को कम से कम 1,40,000 रुपये का निवेश करना होगा। रिटेल निवेशक एक लॉट के लिए अप्लाई करने के पात्र हैं, जबकि नॉन-इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स के पास कम से कम दो लॉट के लिए बोली लगाने का विकल्प है।

कहां होगा फंड का इस्तेमाल

आईपीओ से प्राप्त फंड का इस्तेमाल कंपनी की वर्किंग कैपिटल जरूरतों के लिए किया जाएगा। इसके अलावा, सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए और इश्यू से संबंधित खर्चों के लिए भी फंड का उपयोग होगा। हेम सिक्योरिटीज लिमिटेड मधुसूदन मसाला आईपीओ का बुक रनिंग लीड मैनेजर है, जबकि केफिन टेक्नोलॉजीज लिमिटेड इश्यू का रजिस्ट्रार है। मधुसूदन मसाला आईपीओ के लिए मार्केट मेकर हेम फिनलीज है।

कंपनी से जुड़ी डिटेल

मधुसूदन मसाला अपने ब्रांड नेम "डबल हाथी" और "महाराजा" के तहत 32 से अधिक तरह के मसाले बनाती और प्रोसेसिंग करती है। कंपनी अपने ब्रांड "डबल हाथी" के तहत खुदरा और थोक मात्रा में साबुत मसालों के साथ-साथ पापड़, सोया प्रोडक्ट्स, हींग, काला नमक, सेंधा नमक का भी कारोबार करती है। मधुसूदन मसाला की मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी गुजरात के जामनगर के पास इंडस्ट्रियल एरिया हापा में स्थित है। कंपनी के पास पिसे हुए मसालों और ब्लेंड मसालों के 212 SKU हैं। कंपनी के पास गुजरात, महाराष्ट्र और राजस्थान में 2,100 होलसेलर्स और 3,700 रिटेलर्स का नेटवर्क है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।