Mamaearth की पेरेंट कंपनी Honasa Consumer Private Limited का IPO 31 अक्टूबर को आ रहा है और 2 नवंबर तक खुला रहेगा। एंकर निवेशक 30 अक्टूबर से बोली लगा सकेंगे। आईपीओ में 308-324 रुपये के प्राइस बैंड पर निवेश कर सकेंगे। ताजा अपडेट यह है कि कंपनी ने आईपीओ का साइज लगभग 10 प्रतिशत घटा दिया है। अपडेटेड IPO डॉक्युमेंट्स से पता चलता है कि Honasa Consumer ने प्राइमरी कैपिटल रेजिंग को 400 करोड़ रुपये से घटाकर 365 करोड़ रुपये कर दिया है। साथ ही सेकंडरी कंपोनेंट यानी OFS में भी अब कम शेयर बिक्री के लिए रखे जाएंगे।
प्राइमरी कैपिटल रेजिंग को घटाने के पीछे कंपनी का तर्क है कि वर्तमान में उनके पास मौजूद नेट इन्वेस्टेड कैपिटल के अलावा करीब 370 करोड़ रुपये की प्राइमरी फंडिंग कंपनी की ग्रोथ को सपोर्ट करने के लिए पर्याप्त है। OFS साइज घटाए जाने के पीछे वजह यह है कि कंपनी के निवेशकों का मानना है कि कंपनी की मौजूदा वैल्यूएशन उतनी ज्यादा नहीं है कि वे तुरंत शेयर बेच दें। मौजूदा वैल्यूएशन शेयर बिक्री के लिए आकर्षक नहीं है लेकिन शेयर खरीद के लिए आकर्षक है। इसलिए वे शेयरों को अभी होल्ड करेंगे।
अब 41.3 लाख शेयर बिक्री के लिए रखेंगे शुरुआती निवेशक
यह बात Honasa Consumer के आईपीओ के लिए बुक रनिंग लीड मैनेजर Citi Investment Banking, India के मैनेजिंग डायरेक्टर अरविंद वशिष्ठ ने कही है। मामाअर्थ के शुरुआती निवेशक- शिल्पा शेट्टी कुंद्रा, ऋषभ हर्ष मारीवाला, फायरसाइड वेंचर्स, सोफिना, स्टेलारिस वेंचर पार्टनर्स, कुणाल बहल, रोहित कुमार बंसल और फाउंडर्स वरुण और गजल अलघ मिलकर पहले 46.8 लाख शेयर बिक्री के लिए रखने वाले थे। लेकिन अब ये लोग मिलकर 41.3 लाख शेयर बिक्री के लिए रखेंगे। कंपनी के सबसे बड़े एक्सटर्नल शेयरहोल्डर Evolvence और Peak XV Partners ओएफएस में हिस्सा नहीं लेंगे।
ओएफएस पोर्शन को लेकर मामाअर्थ के निवेशकों को लगता है कि इस वैल्यू पर शेयर बेचना उतना आकर्षक नहीं है। लेकिन यह खरीदारी के लिए आकर्षक है और इसलिए आईपीओ के आकार में कमी आई है। उन्हें कंपनी में और ज्यादा ग्रोथ की उम्मीद है। यह उम्मीद जायज भी है क्योंकि Mamaearth की मौजूदा वैल्यूएशन 10,423 करोड़ रुपये (लगभग 1.25 अरब डॉलर) है।
साल 2022 की पहली यूनिकॉर्न थी Honasa Consumer
Honasa Consumer की ब्यूटी, बेबीकेयर और स्किनकेयर सेगमेंट में मौजूदगी है और यह साल 2022 की पहली यूनिकॉर्न थी। The Derma Co, BBlunt भी Honasa Consumer के ही ब्रांड हैं। Honasa Consumer को शेयर बाजारों में लिस्टिंग के लिए सेबी से इस साल अगस्त में मंजूरी मिली थी। कंपनी ने आईपीओ के लिए ड्राफ्ट पेपर दिसंबर 2022 में दाखिल किए थे। कोटक महिंद्रा कैपिटल, जेएम फाइनेंशियल, सिटी और जेपी मॉर्गन आईपीओ पर काम करने वाले इन्वेस्टमेंट बैंक हैं। सिरिल अमरचंद मंगलदास, इंडसलॉ और खेतान एंड कंपनी, कानूनी सलाहकार हैं।
Honasa Consumer को साल 2016 में पति-पत्नी वरुण और गजल अलघ ने शुरू किया था। Honasa Consumer ने कुछ अधिग्रहण भी किए, जिनके तहत सबसे पहले मॉम्सप्रेसो को खरीदा। इसके बाद इसने गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स से BBlunt और फिर स्किनकेयर ब्रांड Dr Sheth’s को खरीद लिया। IPO की शुद्ध आय का इस्तेमाल ब्रांड विजिबिलिटी बेहतर बनाने और जागरूकता को लेकर विज्ञापन खर्च, नए एक्सक्लूसिव ब्रांड आउटलेट स्थापित करने, नए सैलून्स के लिए BBlunt में निवेश, सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों और इनऑर्गेनिक ग्रोथ के लिए लिए किया जाएगा।