Mamata Machinery IPO: पैकेजिंग इक्विपमेंट बनाने वाली कंपनी ममता मशीनरी लिमिटेड अपना आईपीओ लाने जा रही है। कंपनी ने इसके लिए मार्केट रेगुलेटर सेबी (SEBI) के पास ड्राफ्ट पेपर दाखिल कर दिया है। आईपीओ से जुड़े दस्तावेजों के अनुसार गुजरात स्थित कंपनी का यह आईपीओ पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल (OFS) पर बेस्ड है और इसमें फ्रेश इक्विटी शेयर जारी नहीं किए जाएंगे। इसका मतलब है कि कंपनी को आईपीओ से कोई कमाई नहीं होगी। OFS के तहत प्रमोटर्स द्वारा 73.82 लाख इक्विटी शेयरों की बिक्री की जाएगी।
Mamata Machinery IPO से जुड़ी डिटेल
OFS के हिस्से के रूप में शेयर बेचने वालों में महेंद्र पटेल, नयना पटेल, भगवती पटेल, ममता ग्रुप कॉरपोरेट सर्विसेज एलएलपी और ममता मैनेजमेंट सर्विसेज एलएलपी शामिल हैं। कंपनी ने शुक्रवार को दाखिल अपने दस्तावेजों में कहा कि आईपीओ का मकसद शेयर बाजारों में कंपनी के शेयर लिस्ट करने का लाभ हासिल करना है। कंपनी को उम्मीद है कि इक्विटी शेयरों को लिस्ट करने से इसकी विजिबिलिटी और ब्रांड इमेज बढ़ेगी। इसके शेयरधारकों को लिक्विडिटी मिलेगी और इक्विटी शेयरों के लिए एक पब्लिक मार्केट स्थापित होगा।
क्या करती है Mamata Machinery
ममता मशीनरी प्लास्टिक बैग और पाउच बनाने वाली मशीनें, पैकेजिंग मशीनें बनाती है और उनका निर्यात करती है। यह पैकेजिंग इंडस्ट्री के लिए संपूर्ण मैन्युफैक्चरिंग सॉल्यूशन प्रदान करती है। कंपनी अपनी मशीनें ‘Vega’ और ‘Win’ ब्रांड नाम से बेचती है। मई 2024 तक कंपनी ने दुनिया के 75 देशों में 4500 से अधिक मशीनें स्थापित की हैं।
कंपनी पूरी तरह से फ्लेक्सिबल पैकेजिंग मार्केट वैल्यू चेन को कवर करने वाले प्रोडक्ट्स की एक कंप्रिहेंसिव रेंज प्रदान करती है। बीलाइन कैपिटल एडवाइजर्स प्राइवेट लिमिटेड इस इश्यू (BRLM) के लिए एकमात्र बुक रनिंग लीड मैनेजर है।