Meson Valves India IPO : मेसन वाल्व्स इंडिया का आईपीओ 8 सितंबर को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलने वाला है। कंपनी का इरादा इसके जरिए 31.09 करोड़ रुपये जुटाने का है। इस आईपीओ के तहत 30.48 लाख फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे, जिसमें से 1.59 करोड़ रुपये के 1.56 लाख शेयर मार्केट मेकर के लिए रिजर्व हैं। इसमें ऑफर फॉर सेल के तहत कोई बिक्री नहीं होगी। कंपनी ने 102 रुपये प्रति शेयर का फिक्स्ड इश्यू प्राइस तय किया है। यह ऑफर 12 सितंबर को बंद हो जाएगा।
पुणे स्थित वाल्व सप्लायर 11.37 करोड़ रुपये के फंड का इस्तेमाल प्लांट और मशीनरी की खरीद में करेगा। इसके अलावा, कंपनी 11.95 करोड़ रुपये का इस्तेमाल वर्किंग कैपिटल जरूरतों के लिए करना चाहती है। शेष धनराशि का इस्तेमाल सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों और इश्यू से जुड़े खर्चों के लिए किया जाएगा।
नेट ऑफर साइज का आधा हिस्सा खुदरा निवेशकों के लिए और शेष 50 फीसदी हाई नेटवर्थ इंडिविजुअल और इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स के लिए आरक्षित हैं, यानी प्रत्येक के लिए 14.46 लाख शेयर रिजर्व किए गए हैं। कुल इश्यू पोस्ट इश्यू पेड-अप इक्विटी का 30 फीसदी होगा।
सब्सक्रिप्शन के बाद सफल निवेशकों को शेयरों का अलॉटमेंट 15 सितंबर को होगा। असफल निवेशकों के लिए रिफंड की प्रक्रिया 18 सितंबर से शुरू हो जाएगी। 20 सितंबर को सफल निवेशकों के डीमैट अकाउंट में शेयर ट्रांसफर कर दिए जाएंगे। शेड्यूल के मुताबिक शेयरों की लिस्टिंग 21 सितंबर को होगी।
रिटेल निवेशकों को कम से कम 1,200 इक्विटी शेयरों के लिए निवेश करना होगा और उसके बाद 1200 शेयरों के मल्टीपल में बोली लगाई जा सकती है। इसका मतलब है कि खुदरा निवेशकों को कम से कम 1,22,400 रुपये का निवेश करना होगा। इक्विटी शेयरों को बीएसई के SME प्लेटफॉर्म लिस्ट किया जाएगा। श्रेनी शेयर्स इस इश्यू के मर्चेंट बैंकर हैं, और माशितला सिक्योरिटीज रजिस्ट्रार हैं।
कंपनी साल 2016 में इनकॉर्पोरेट हुई है। मेसन वाल्व्स इंडिया लिमिटेड को पहले सैंडर मेसन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के नाम से जाना जाता था। कंपनी घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय दोनों बाजारों में इंडस्ट्री के लिए वाल्व, एक्चुएटर्स, स्ट्रेनर्स और रिमोट-कंट्रोल वाल्व सिस्टम सप्लाई करती है। मेसन वाल्व्स इंडिया वाल्व, एक्चुएटर्स, रिमोट कंट्रोल सिस्टम, कंट्रोल कैबिनेट, टैंक, विज़ुअलाइज़ेशन सिस्टम, पाइपिंग, पंप, फिटिंग, गास्केट जैसे प्रोडक्ट्स को असेंबल करने, खरीदने, बेचने, वितरित करने, आयात करने और निर्यात करने का काम करती है।
कंपनी की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट भम्बोली, खेड़, पुणे, महाराष्ट्र में स्थित है। यह डेनमार्क, जर्मनी, पोलैंड, दक्षिण कोरिया, नीदरलैंड, स्वीडन, तुर्की और संयुक्त अरब अमीरात जैसे देशों से और घरेलू बाजार में गोवा, गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, दादरा और नगर हवेली, दिल्ली और तेलंगाना जैसे राज्यों से आगे की असेंबली और सप्लाई के लिए प्रोडक्ट खरीदती है।