Midwest IPO: मिनरल प्रोसेसिंग कंपनी मिडवेस्ट लिमिटेड के ₹451 करोड़ के IPO को निवेशकों का जबरदस्त रिस्पांस मिल रहा है। 16 अक्टूबर को दूसरे दिन की बोली में दोपहर 1:30 बजे तक यह इश्यू 6 गुना से अधिक सब्सक्राइब हो चुका है। पहले दिन ही यह शेयर बोली शुरू होने के कुछ ही घंटों में पूरी तरह से सब्सक्राइब हो गया था, जो इसकी मजबूत डिमांड को दिखाता है। NSE के आंकड़ों के अनुसार, मिडवेस्ट IPO को अब तक ऑफर पर रखे गए 31.17 लाख शेयरों के मुक़ाबले 1.97 करोड़ शेयरों के लिए बोलियाँ मिली हैं, जिससे कुल सब्स्क्रिप्शन 6.34 गुना हो गया है।
पब्लिक के लिए बोली खुलने से एक दिन पहले एंकर निवेशकों से कंपनी ₹135 करोड़ जुटा चुकी है। इस IPO के लिए प्राइस बैंड ₹1,014 से ₹1,065 प्रति शेयर तय किया गया है, और बोली 17 अक्टूबर को बंद होगी।
अब कंपनी के बारे में जान लीजिए
तेलंगाना-स्थित मिडवेस्ट लिमिटेड नेचुरल स्टोन उद्योग में चार दशकों से अधिक का अनुभव रखती है। कंपनी अब ग्रेनाइट से आगे बढ़कर क्वार्ट्ज प्रोसेसिंग और दुर्लभ पृथ्वी तत्वों (Rare Earth Elements) की प्रोसेसिंग सेगमेंट में भी उतर रही है। कंपनी तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में 16 ग्रेनाइट खदानों का संचालन करती है, जहां विशेष रूप से प्रीमियम ब्लैक गैलेक्सी और एब्सोल्यूट ब्लैक ग्रेनाइट का उत्पादन होता है, जिनका उपयोग वैश्विक रियल एस्टेट परियोजनाओं में बड़े पैमाने पर होता है। IPO से जुटाई गई राशि में से ₹56.2 करोड़ का उपयोग कर्ज चुकाने के लिए किया जाएगा, और शेष राशि सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए रखी गई है।
ग्रे मार्केट प्रीमियम का क्या है हाल?
आईपीओ मार्केट में मिडवेस्ट के शेयरों को लेकर काफी उत्साह देखने को मिल रहा है।ग्रे मार्केट गतिविधियों पर नजर रखने वाले प्लेटफॉर्म के अनुसार, कंपनी के शेयर अनलिस्टेड मार्केट में 16 प्रतिशत से अधिक के प्रीमियम पर कारोबार कर रहे हैं। Investorgain ने इसका GMP ₹180 बताया है, जो 16.9 प्रतिशत लिस्टिंग गेन का संकेत देता है। आपको बता दें कि मिडवेस्ट IPO के शेयरों का अलॉटमेंट 20 अक्टूबर को होने की उम्मीद है, जबकि शेयर की लिस्टिंग 24 अक्टूबर को होनी है।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।