Milky Mist Dairy Food IPO: ₹1553 करोड़ का IPO 11 अगस्त से, प्राइस बैंड हुआ फिक्स; रहेंगे ₹1428 करोड़ के नए शेयर

Milky Mist Dairy Food IPO में 50 प्रतिशत हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए, 35 प्रतिशत हिस्सा रिटेल इनवेस्टर्स के लिए और 15 प्रतिशत हिस्सा नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व है। इस पब्लिक इश्यू के लिए JM फाइनेंशियल, एक्सिस कैपिटल, IIFL कैपिटल सर्विसेज बुक रनिंग लीड मैनेजर हैं

अपडेटेड Aug 06, 2026 पर 8:42 AM
Milky Mist पनीर से लेकर आइसक्रीम तक बनाती है।

मिल्की मिस्ट डेयरी फूड लिमिटेड का ₹1,553 करोड़ का IPO 11 अगस्त को खुलने जा रहा है। इसमें ₹1,428 करोड़ के नए शेयर जारी होंगे, साथ ही ₹125 करोड़ का ऑफर फॉर सेल रहेगा। इश्यू में बोली लगाने के लिए प्राइस बैंड ₹133-140 प्रति शेयर तय हुआ है। मिल्की मिस्ट पनीर से लेकर आइसक्रीम तक बनाती है। इसके पब्लिक इश्यू को SEBI ने अक्टूबर 2025 में मंजूरी दी थी।

कंपनी की शुरुआत 1985 में एक मिल्क ट्रेडिंग कंपनी के रूप में हुई थी। इसने 1994 में पनीर (कॉटेज चीज) का उत्पादन शुरू किया। इसके बाद इसने दही, मक्खन, चीज, आइसक्रीम जैसे वैल्यू एडेड प्रोडक्ट्स को भी अपने प्रोडक्ट पोर्टफोलियो में जोड़ा। कंपनी के फाउंडर टी सतीश कुमार हैं। तमिलनाडु के इरोड में स्थित मिल्की मिस्ट का संचालन कुमार, उनकी पत्नी अनीता सतीश कुमार और सीईओ के. रत्नम करते हैं।

IPO की क्लोजिंग 13 अगस्त को होगी। इसके बाद अलॉटमेंट 14 अगस्त को फाइनल होगा। कंपनी के शेयर NSE और BSE पर 18 अगस्त को लिस्ट हो सकते हैं। मिल्की मिस्ट IPO में एंकर निवेशक 10 अगस्त को बोली लगा सकते हैं। मिल्की मिस्ट में ग्लोबल इनवेस्टमेंट कंपनी टेमासेक का भी निवेश है। टेमासेक का मालिकाना हक सिंगापुर की सरकार के पास है। टेमासेक की सब्सिडियरी जोंगसोंग इनवेस्टमेंट्स के पास अभी मिल्की मिस्ट में लगभग 5.2 प्रतिशत हिस्सेदारी है।


IPO के पैसे कैसे होंगे इस्तेमाल

मिल्की मिस्ट अपने पब्लिक इश्यू में नए शेयरों को जारी कर हासिल होने वाले पैसों का इस्तेमाल कर्ज चुकाने के लिए, पेरुनदुरई मैन्युफैक्चरिंग प्लांट के विस्तार और उसे आधुनिक बनाने के लिए; विजी कूलर, आइसक्रीम फ्रीजर, चॉकलेट कूलर लगाने के लिए और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए करेगी।IPO में 50 प्रतिशत हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए, 35 प्रतिशत हिस्सा रिटेल इनवेस्टर्स के लिए और 15 प्रतिशत हिस्सा नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व है।

10 अगस्त को आ रहा है एक और धमाकेदार IPO! टेमासेक-मोतीलाल ओसवाल का सपोर्ट, जानें पूरी डिटेल्स

Milky Mist की वित्तीय सेहत

कंपनी का वित्त वर्ष 2025-26 में रेवेन्यू 34 प्रतिशत बढ़कर 3,145 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले रेवेन्यू 2,354.79 करोड़ रुपये था। शुद्ध मुनाफा 176 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 127 करोड़ रुपये रहा, जबकि वित्त वर्ष 2025 में मुनाफा 46 करोड़ रुपये था। मिल्की मिस्ट पर वित्त वर्ष 2026 में 1,671.85 करोड़ रुपये की उधारी थी। इस पब्लिक इश्यू के लिए JM फाइनेंशियल, एक्सिस कैपिटल, IIFL कैपिटल सर्विसेज बुक रनिंग लीड मैनेजर हैं। रजिस्ट्रार Kfin Technologies Ltd. है।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।